Bareilly News : डीआरएम बोलीं- रेल कर्मियों को एनपीएस और यूपीएस का विकल्प चुनने की छूट

UPT | इज़्जतनगर रेल मंडल की डीआरएम

Aug 27, 2024 10:46

ओल्ड पेंशन के बदले एकीकृत पेंशन कर्मचारियों को एक अप्रैल, 2025 से प्रदान कर दी जाएगी। कोई भी कर्मचारी एनपीएस से यूपीएस में जाना चाहता है, तो वह अपना विकल्प दे सकते हैं।

Bareilly News : पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के इज्जतनगर रेल मंडल की डीआरएम रेखा यादव ने सोमवार को  'एकीकृत पेंशन योजना' पर मीडिया से बात की। बोलीं, एनपीएस की जगह ओल्ड पेंशन की मांग काफ़ी दिन से कर्मचारी कर रहे थे। ओल्ड पेंशन के बदले एकीकृत पेंशन कर्मचारियों को एक अप्रैल, 2025 से प्रदान कर दी जाएगी। कोई भी कर्मचारी एनपीएस से यूपीएस में जाना चाहता है, तो वह अपना विकल्प दे सकते हैं। इसमें किसी भी प्रकार की बाध्यता नहीं होगी। इससे केंद्रीय कर्मचारियों में काफी उत्साह है। 
 
25 वर्ष होनी चाहिए सेवा अवधि
इस दौरान वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह ने बताया कि एकीकृत पेंशन योजना में कर्मचारियों के लाभ के लिए पांच महत्वपूर्ण स्तंभों को लाया गया है। इसमें प्रथम स्तंभ में कर्मचारियों की 25 वर्ष की सेवा पूर्ण होने के साथ ही अंतिम 12 महीने का औसत मूल वेतन का 50 प्रतिशत राशि निश्चित पेंशन के रूप में मिलेगी। सेवानिवृत कर्मचारियों के आश्रितों को भी कर्मचारी की पेंशन का 60 प्रतिशत एक निश्चित राशि पारिवारिक पेंशन के रूप में प्रदान की जाएगी। न्यूनतम 10 हजार पेंशन देने का प्रावधान एकीकृत पेंशन योजना का महत्वपूर्ण लाभ है। समय-समय पर श्रमिकों के लिए उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के तहत महंगाई राहत दर देय होगी। सेवानिवृति पर ग्रेच्युटी के अतिरिक्त एकमुश्त भुगतान का प्रावधान होगा, जो मूल वेतन और महंगाई राहत दर का 10 प्रतिशत हर पूर्ण किए गए छमाही के आधार पर होगा। उपरोक्त सभी लाभ कर्मचारियों को मिलेगा। हालांकि, यह एनपीएस में प्रावधान नहीं थे। 

रेल मंडल के 9 हजार कर्मचारियों को मिलेगा फायदा
वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक रत्नेश कुमार सिंह ने बताया कि इस मंडल पर लगभग 9 हजार कर्मचारी कार्यरत हैं। इसमें से करीब 7 हजार कर्मचारी एनपीएस के अंतर्गत आते हैं।एनपीएस में आने वाले कर्मचारी, जो सेवानिवृत हो चुके हैं। उनको भी इसका लाभ एरियर के साथ मिलेगा। सेवानिवृत कर्मचारियों को एकीकृत पेंशन मिलने से उनका सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ेगा। इस दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आशीष त्रिपाठी भी मौजूद थे।

Also Read