बरेली में रिटायर्ड एमईएस कर्मी की हत्या : गड्डे में मिला शव, पीठ पर चोट के निशान, जांच में जुटी पुलिस

UPT | फोटो

Sep 29, 2024 18:22

बरेली में कैंट थाना क्षेत्र के आर्मी एरिया में स्थित एमईएस कॉलोनी के गड्डे में एक मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस (एमईएस) से सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) माली का शव...

Bareilly News : यूपी के बरेली में कैंट थाना क्षेत्र के आर्मी एरिया में स्थित एमईएस कॉलोनी के गड्डे में एक मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस (एमईएस) से सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) माली का शव मिला है। यह शव कुटिया से करीब 70 मीटर दूर एक गड्ढे में मिलने से हड़कंप मच गया। कैंट थाना पुलिस ने सूचना मिलने के बाद शव कब्जे में ले लिया। इसके बाद जांच पड़ताल शुरू कर दी है। बताया जाता है कि पुलिस की प्रथम दृष्टया जांच में शव को घसीटकर ले जाने की बात सामने आई है। क्योंकि, पीठ पर रगड़ के निशान मिले हैं। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने जांच की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। 



कुटिया में रहते थे गुरुजी
शहर के कैंट थाना क्षेत्र के नवी नगर गांव निवासी द्वारिका प्रसाद गुरुजी (61 वर्ष) एमईएस में माली के पद पर थे। मगर, कुछ महीने पहले जून में सेवानिवृत्त हो गए। जिसके चलते उनके बेटे हरपाल और सत्यपाल गांव में ही रहने लगे। मगर, द्वारिका प्रसाद एमईएस क्वार्टर के सामने एक कुटिया में रहकर अपना समय बिता रहे थे। कुटिया में कई मूर्तियां थीं और वह हस्तरेखा देखकर लोगों को सलाह देते थे। इसलिए लोग उन्हें ‘गुरु जी’ कहकर पुकारते थे। शनिवार रात 7:30 बजे द्वारिका प्रसाद के पौत्र प्रशांत उनसे मिलने के लिए कुटिया पहुंचे थे। मगर, वह नहीं मिले। उन्होंने करीब आधा घंटा इंतजार किया। इसके बाद प्रशांत ने रात में ही गांव में परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी। घर के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों बेटों ने द्वारिका प्रसाद की तलाश शुरू की। तलाश के दौरान रविवार को प्रशांत को जमीन पर शव घसीटे जाने के निशान मिले थे। 

गले पर सूजन और पीठ पर घसीटने के निशान
रिटायर्ड एमईएस कर्मी द्वारिका प्रसाद का शव औंधे मुंह कुटिया से 70 मीटर दूर एक गड्ढे में मिला। प्रशांत ने तुरंत यूपी डायल 112 को सूचना दी। इसके बाद कैंट थाना पुलिस, सीओ फर्स्ट पंकज कुमार श्रीवास्तव और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस और टीम ने जांच शुरू की। सत्यपाल ने बताया कि उनके पिता के गले पर सूजन थी। उनकी पीठ पर घसीटे जाने के निशान थे। इससे साफ होता है कि उनकी हत्या कर शव को फेंका गया है। सीओ पंकज कुमार श्रीवास्तव ने मीडिया को बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे कुछ कहा जा सकेगा। 

Also Read