स्टंटबाजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई : यातायात नियमों की अनदेखी करने पर 25 बाइक जब्त, जानें कितने लोगों पर हुआ जुर्माना

UPT | स्टंटबाजों के खिलाफ कार्रवाई करती पुलिस।

Aug 14, 2024 17:37

गोरखपुर में पुलिस ने यातायात नियमों की अनदेखी करने पर 25 बाइकें जब्त कर 35 लोगों पर जुर्माना लगाया। पुलिस ने यह कार्रवाई स्टंटबाजी का वीडियो वायरल होने पर की।

Gorakhpur News : गोरखपुर में सड़क हादसों को रोकने और यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी नजर रखने के लिए प्रशासन सख्त कदम उठा रहा है। यातायात नियमों को सख्त बनाने के साथ-साथ भारी जुर्माना लगाने के बावजूद, लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। खासकर, शहर की सड़कों पर स्टंटबाजी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जहां लोग बिना हेलमेट और तीन सवारी के साथ बेधड़क बाइक चला रहे हैं। चौराहों पर खड़ी यातायात पुलिस का भी इन मनबढ़ों पर कोई असर नहीं दिख रहा है।

स्टंटबाजों के वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने अभियान चलाया 
शहर के प्रमुख टूरिस्ट स्पॉट नौकायन रोड पर स्टंटबाजों की हरकतों को रोकने के लिए पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू की है। पुलिस लगातार चेकिंग का दावा करती है, लेकिन रात में बाइकर्स गैंग यहां जमा होकर खतरनाक स्टंट करते हैं, जिससे एक लेन की आवाजाही बंद हो जाती है। इन स्टंटबाजों के वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने अभियान चलाकर 25 बाइकें सीज कर दीं और यातायात नियमों की अनदेखी करने पर 35 लोगों का चालान काटा। 

सख्ती से स्टंटबाजों में डर का माहौल बनने की उम्मीद
यह अभियान जारी है और पुलिस का कहना है कि स्टंटबाजों पर अब कोई रहम नहीं किया जाएगा। इसी कड़ी में नौका विहार पर स्टंट करते हुए पकड़े गए बाइकर्स को थाना प्रभारी चितवन कुमार और उनकी टीम ने मौके पर धर दबोचा और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की। पुलिस की इस सख्ती से स्टंटबाजों में डर का माहौल बनने की उम्मीद है। 

Also Read