Jhansi News : हादसे में दूल्हे की मौत, 2 दिन में 2 बार टूटी शादी, तीसरे दिन दुल्हन हुई विदा

UPT | झांसी में दूल्हे की मौत के बाद 2 दिन में 2 बार टूटी शादी, फिर तीसरे दिन हुआ विवाह

May 13, 2024 21:02

झांसी में एक दर्दनाक हादसे ने एक शादी को मातम में बदल दिया। दूल्हे की कार को टक्कर मारने के बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद दुल्हन की शादी 2 बार टूटी। मजबूरी में परिवार को 2 दिन के अंदर ही बेटी को दूसरे गांव के युवक के साथ विदा करना पड़ा। शादी में कोई धूमधाम नहीं थी।

Jhansi News : शुक्रवार को झांसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के छपरा गांव में एक सड़क हादसे में दूल्हा, उसका भाई और भतीजे समेत 4 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद मृतक दूल्हे की होने वाली दुल्हन अंजू की शादी 2 दिन में 2 बार टूट गई। मजबूरी में रविवार को पड़ोसी गांव के एक युवक से शादी करनी पड़ी।

पहली शादी टूटी
अंजू की शादी पहले एरच थाना क्षेत्र के बिलाटी गांव के रहने वाले आकाश नामक युवक से तय हुई थी। शुक्रवार रात बारात आ रही थी। तभी दूल्हे की गाड़ी को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दूल्हा आकाश, उसका भाई आशीष, भतीजा मयंक और कार चालक जयकरन की मौत हो गई।

दूसरी शादी भी टूटी
दूल्हे की मौत के बाद शनिवार को अंजू की शादी दूसरे गांव में तय की गई थी। लेकिन शादी से कुछ घंटे पहले ही पता चला कि लड़का पहले से शादीशुदा है। जिसके बाद यह रिश्ता भी टूट गया।

तीसरे दिन पड़ोसी गांव के युवक से शादी
गांव में मान्यता है कि तेल और हल्दी चढ़ी लड़की को घर में नहीं बैठाया जा सकता। इसलिए मजबूरी में परिवार को 2 दिन के अंदर बेटी को विदा करना पड़ा। रविवार को अंजू की शादी उल्दन थाना क्षेत्र के रजपुरा गांव के देवेंद्र उर्फ गोलू नामक युवक से कर दी गई। शादी में कोई धूमधाम नहीं थी।

दुल्हन के मां ने कहा
"ये हादसा जिंदगी भर का दर्द दे गया। हमें उस परिवार का भी दुख है। लेकिन हमारे घर में लड़की हल्दी और तेज चढ़ी बैठी थी। इसलिए मजबूरी में हमें दूसरा लड़का ढूंढना पड़ा।"

नए दूल्हे ने कहा
"बहुत ही दुखद हादसा हुआ है। लोग बोल रहे थे कि एक दूल्हा मर गया, दूसरा कोई उससे शादी नहीं करेगा। ये सब पुराने जमाने की बातें हैं। हमने अंजू का हाथ थामा है। अब जिंदगी भर साथ निभाऊंगा।"

Also Read