झांसी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का बड़ा बयान : बोले-सपा और कांग्रेस पहले समाज, अब अपराधियों को जाति के नाम पर बांट रही 

UPT | भूमि पूजन करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी।

Oct 05, 2024 21:14

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार में सभी प्रकार के अपराध में कमी आई है। सभी प्रकार के अपराध में कमी आई है। अपराध और अपराधियों के खिलाफ सरकार की कठोर नीति है। प्रदेश में माफिया के खिलाफ कार्रवाई हुई है।

Jhansi News : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने शनिवार को झांसी में कहा कि सपा और कांग्रेस का जाति-धर्म, क्षेत्र और भाषा के नाम पर बांटकर देश को कमजोर करने का एजेंडा है। सपा का चरित्र ऐसा है कि अब वो अपराधियों को भी जाति के नाम पर बांटने लगी है। वह यहां बेतवा विहार कॉलोनी के पास भाजपा कार्यालय का भूमि पूजन करने आए थे। 

सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा का देश को कमजोर करने का एजेंडा है। ये लोग समाज को जाति, भाषा और क्षेत्र के नाम पर बांटना चाहते हैं। इनके चरित्र ऐसा है कि वो अब अपराधियों को भी जाति के नाम पर बांटने लगे हैं। अपराधी अपराधी होता है। वो समाज के लिए खराब होता है। अपराधियों के खिलाफ हमारी सरकार की कठोर नीति है। समाजवादी पार्टी की सरकार में क्या होता था, ये सब जानते हैं। आज भी जिनके डीएनए का टेस्ट हो रहा है, वो कहा मैच हो रहा है। ये सबको पता है।

भाजपा सरकार में अपराध में आई है कमी
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार में सभी प्रकार के अपराध में कमी आई है। सभी प्रकार के अपराध में कमी आई है। अपराध और अपराधियों के खिलाफ सरकार की कठोर नीति है। प्रदेश में माफिया के खिलाफ कार्रवाई हुई है। आज बदलता हुआ उत्तर प्रदेश सबके सामने है। जबकि, समाजवादी पार्टी का चरित्र सब जानते हैं कि उनकी सरकार में क्या-क्या हुआ। 

परिवादवादी लोग हैं कांग्रेस और सपा में 
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस और सपा में परिवादवादी लोग हैं। राहुल गांधी की पार्टी कांग्रेस है। जवाहर लाल से इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी और फिर राहुल गांधी तक आई है। अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी है। जो केवल मुलायम यादव से अखिलेश यादव तक आई है। उनके चाचा को भी कोई संभावना नहीं दिखी। चाचा ने प्रयास करके देख लिया। लेकिन भविष्य में समाजवादी पार्टी का नेतृत्व कौन करेगा, ये सबको पता है। ये परिवारवादी व जातिवादी लोग हैं।

सपा मुखिया अखिलेश यादव द्वारा ट्विट करके रोजाना सरकार को घेरने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वो उनका पुराना अनुभव है, उनकी सरकार के समय का। हो सकता है कि उस अनुभव से प्रेरणा लेते हों। आज प्रदेश में सभी प्रकार के अपराध में कमी आई है। अपराध और अपराधियों के प्रति सरकार की नीति कठोर है।

ट्रेन से झांसी पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
बता दें कि प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी चित्रकूट से ट्रेन में सवार होकर शुक्रवार देर तक झांसी पहुंचे थे। उन्होंने आज सुबह दतिया जाकर मां पीतांबरा की पूर्जा अर्चना की। फिर दीनदयाल सभागार में आयोजित विवेक निरंजन स्मृति खेल पुरस्कार समारोह में शामिल हुए। वहां से सीधे कानपुर-ग्वालियर बाईपास पर बेतवा बिहार पहुंचे और भाजपा के नवीन कार्यालय का भूमि पूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज भाजपा पूरे प्रदेश के जिला मुख्यालय पर कार्यालय बना रही है। आज स्थिति यह है कि मऊ जिला को छोड़कर बाकी जगह कार्यालय का काम शुरू हो चुका है। कल चित्रकूट में भूमि पूजन किया और आज झांसी और जालौन में हो रहा है।

जानें क्यों नाराज हुए भूपेंद्र चौधरी
भूमि पूजन समारोह के दौरान प्रदेश अध्यक्ष दो नेताओं पर नाराज हो गए। सबसे पहले मंच का संचालन कर रहे जिलाध्यक्ष ग्रामीण अशोक गिरी को बुलाया। उनसे कहा कि संचालन करने वाला भाषण नहीं देता है। नहीं तो जिंदगी भर, यही करते रहोगे। आप मेरी बात समझ गए होगे। इसके बाद प्रदेशाध्यक्ष मंच पर भाषण देते हुए बता रहे थे कि किन-किन जिलों में कार्यालय बन रहे हैं। जिलों के नाम बोल रहे थे, तभी मंच के एक नेता ने उनको टोक दिया। इस पर वे नाराज हो गए। बोले कि वो आप बोल देना। जब आपका नंबर आए। जिनती मुझे जानकारी है, उतना बोल रहा हूं। अभी कोई आपकी तरह आगे-पीछे नहीं बोल रहा है। कार्यक्रम के बाद प्रदेश अध्यक्ष जालौन के लिए रवाना हो गए। 

Also Read