'मन की बात' में यूपी का जिक्र : पीएम ने झांसी की महिलाओं को सराहा, कहा- घुरारी नदी को नया जीवन दिया...

UPT | 'मन की बात' में यूपी का जिक्र

Sep 29, 2024 15:14

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम "मन की बात" के दौरान देशवासियों को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश का उल्लेख किया। उन्होंने जल संकट से निपटने के लिए देशभर में हो रहे जल संरक्षण प्रयासों में झांसी ...

Jhansi News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम "मन की बात" के दौरान देशवासियों को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश का उल्लेख किया। उन्होंने जल संकट से निपटने के लिए देशभर में हो रहे जल संरक्षण प्रयासों में झांसी जनपद की विशेष सराहना की। उन्होंने झांसी की महिलाओं की प्रशंसा की, जिन्होंने घुरारी नदी को नया जीवन देने और पानी की बर्बादी रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उत्तर प्रदेश और खासकर कभी पानी के लिए तरसने वाले बुंदेलखंड क्षेत्र के जनपद झांसी में सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाओं के योगदान को अपने कार्यक्रम में स्थान देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी का आभार जताया।

जानें क्या बोले पीएम मोदी...
पीएम मोदी ने "मन की बात" कार्यक्रम में बताया कि झांसी की कुछ महिलाओं ने घुरारी नदी को नया जीवन दिया है। ये महिलाएं सेल्फ हेल्प ग्रुप (एसएचजी) से जुड़ी हैं और जल सहेली बनकर इस पहल का नेतृत्व कर रही हैं। इन महिलाओं ने मृतप्राय हो चुकी घुरारी नदी को बचाने के लिए अद्वितीय प्रयास किए, जिसमें बोरियों में बालू भरकर चेकडैम तैयार किया गया। उन्होंने बारिश के पानी को बर्बाद होने से रोका, जिससे नदी फिर से भर गई। इससे इस क्षेत्र के लोगों की पानी की समस्या तो हल हुई ही, साथ ही उनके चेहरों पर खुशियां भी लौट आईं। पीएम ने कहा कि नारी शक्ति जहां जल शक्ति को बढ़ावा देती है, वहीं जल शक्ति भी नारी शक्ति को मजबूत करती है।



जल सहेलियों ने की अनोखी पहल की शुरुआत
बता दें कि झांसी के बबीना विकास खंड के सिमरावारी गांव की जल सहेलियों ने इस अनोखी पहल की शुरुआत की। उन्होंने घुरारी नदी को पुनर्जीवित करने के लिए छह दिनों तक श्रमदान किया। बोरियों में बालू भरकर नदी के पानी को रोकने के लिए डैम बनाया, जिससे नदी फिर से भर गई। इन जल सहेलियों ने न केवल एक नदी को पुनर्जीवित किया, बल्कि समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश भी दिया है। नदी में रोकें गए पानी से स्थानीय लोगों को नहाने और जानवरों को पीने के लिए पानी उपलब्ध हो रहा है।

योगी सरकार ने जल संरक्षण के लिए बड़े पैमाने पर प्रयास किए
झांसी के अलावा, पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में योगी सरकार ने जल संरक्षण के लिए बड़े पैमाने पर प्रयास किए हैं। उन्होंने कई चुनौतियों को पार करते हुए विंध्य और बुंदेलखंड के अधिकांश परिवारों को पानी के कनेक्शन प्रदान किए हैं। योगी सरकार "हर घर नल से जल" योजना के तहत 95 प्रतिशत घरों में नल के माध्यम से जल की आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है। इसके साथ ही, गांवों में तालाबों का पुनर्निर्माण, वर्षा जल संचयन प्रणाली की स्थापना और जलाशयों की सफाई जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। इसके अलावा, सरकार प्रदेश में सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाओं को भी प्रोत्साहित कर रही है।

केंद्र सरकार ने पहले भी जल सहेलियों को सम्मानित किया
जल संरक्षण के प्रयासों के चलते प्रदेश और केंद्र सरकार ने पहले भी जल सहेलियों को सम्मानित किया है। बुंदेलखंड में जल संरक्षण से संबंधित कार्यों में ये जल सहेलियां सरकार का निरंतर सहयोग प्रदान कर रही हैं। इसके साथ ही, वे जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

सीएम योगी ने पीएम का जताया आभार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जल संरक्षण में प्रेरणा बनी मातृशक्ति का अभिनंदन किया और प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मन की बात कार्यक्रम में झांसी के स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के 'जल सहेली' बनकर घुरारी नदी के संरक्षण के प्रयासों का उल्लेख पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गर्व की बात है। इससे जल संरक्षण के कार्यों को नई ऊर्जा मिलेगी। इन 'जल सहेली' महिलाओं ने सैकड़ों जलाशयों के निर्माण में योगदान देकर महिला सशक्तिकरण का अद्भुत उदाहरण पेश किया है, और अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए जल संरक्षण एवं संवर्धन का एक शानदार मॉडल प्रस्तुत किया है। जल संरक्षण के प्रति प्रेरणा देने वाली मातृशक्ति का हार्दिक अभिनंदन एवं प्रधानमंत्री का धन्यवाद।"

Also Read