एसपी सिंह बघेल ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना : बोले-मुलायम सिंह यादव धरती पुत्र थे और अखिलेश यादव ट्वीटर ब्वॉय हैं 

UPT | पत्रकारों से बात करते केंद्रीय कानून राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल।

Mar 15, 2024 00:00

केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल कन्नौज पहुंचे थे। उन्होंने सपा के गढ़ में इंडिया गठंबधन और अखिलेश यादव पर जमकर बरसे। इसके साथ ही उन्होंने मुलायम सिंह यादव की जमकर तारीफ की। मुलायम सिंह और अखिलेश यादव में जमीन-आसमान का अंतर बताया।

Kannauj News : लोकसभ चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियों के नेता एक दूसरे पर हमलावर हैं। केंद्रीय मंत्री एसपी बघेल ने बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव धरना-प्रदर्शन से निकले थे, इसलिए उनको धरती पुत्र कहा जाता था। अखिलेश यादव ट्वीटर पुत्र हैं। एसपी सिंह बघेल यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव-2019 में बीएसपी का वोट लेकर भी सैफई परिवार अपनी टॉप फाइव में से तीन सीटें हार गया था।

भाजपा के कार्यकर्ता संगोष्ठी कार्यक्रम में पहुंचे थे केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय कानून राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल भाजपा के कार्यकर्ता संगोष्ठी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कन्नौज पहुंचे थे। कन्नौज में भाजपा ने एक बार फिर से सुब्रत पाठक पर दांव लगाया है। पत्रकारों से बात करते उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह आंदोलन के पर्यायवाची थे। प्रदेश में जब कोई घटना होती थी, तो वहां का दौरा करते थे। वहीं अखिलेश यादव घर में बैठकर सिर्फ ट्वीट करते हैं।

कोई भी लड़े इससे फर्क नहीं पड़ता
एसपी सिंह बघेल ने कहा कि शांतिकाल में जो लोग पसीना बहाते हैं, उन्हें युद्ध के मैदान में खून बहाने की जरूरत नहीं पड़ती है। गांधी परिवार हो या फिर सैफई परिवार से कोई लड़ रहा हो, इससे फर्क नहीं पड़ता है। केंद्र सरकार और यूपी सरकार की योजनाएं लाभार्थियों तक पहुंच रही है। प्रदेश की कानून व्यवस्था सपा-बसपा के कार्यकाल से बेहतर है।

जो पीएम बनने का सपना देख रहे थे, आज एनडीए का हिस्सा हैं
उन्होंने कहा कि भारत की राजनीति में बड़ा बदलाव आया है। इस समय तीन चीजें चल रही हैं। भय, भगदड़, भ्रम जो लोग प्रधानमंत्री बनने के सपने देख रहे थे। ऐसे तमाम लोग एनडीए का हिस्सा बन गए हैं। ऐसे-ऐसे लोग प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे थे, जिनके चुनाव चिन्ह को देश की जनता ने मिटा दिया। जब जहाज डूबता है तो कप्तान भागता नहीं है, लेकिन राजनीतिक जहाजों के कप्तान लोग आजकल भाग रहे हैं और एनडीए में शामिल हो रहे हैं। यह मोदी की लोकप्रियता की निशानी है।

बसपा का वोट लेकर भी हारे
एसपी सिंह बघेल ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2019 में सपा-बसपा का गठबंधन होने के बाद भी डिंपल यादव कन्नौज से हार गईं। फिरोजाबाद में बसपा का पौने दो लाख वोट लेने के बाद अक्षय यादव हार गए। एक से डेढ़ लाख वोट लेने के बाद बदायूं से धर्मेंद्र यादव हारे। सैफई परिवार में सपा-बसपा गठबंधन में टॉप फाइव सीटों को चुना था। एक साहब आजमगढ़ गए, एक फिरोजाबाद गए, बदायूं, मैनपुरी गए। बसपा से डेढ़-पौने दो लाख वोट लेने के बाद तीन लोग अपनी टॉप सीटों पर हारे। चौथी आजमगढ़ सीट भाजपा ने उपचुनाव में जीत ली।

मैनपुरी सीट जीतकर रहेंगे
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मैनपुरी सीट अभी तक अजेय रही है। लेकिन मैनपुरी में 94 हजार वोट से मुलायम सिंह जीते थे। जिसमें लगभग एक लाख वोट बसपा का रहा होगा। उनके पास बसपा का गठबंधन नहीं है। इसके साथ ही उनके पास मुलायम सिंह जैसा नेता नहीं है। मैनपुरी सीट को भी जीतने का प्रयास किया जाएगा।

अखिलेश यादव पर बोला हमला
एसपी सिंह बघेल ने कहा कि मुलायम सिंह की राजनीति और अखिलेश यादव की राजनीति में जमीन आसमान का अंतर है। मुलायम सिंह धरना प्रदर्शन से निकल कर आए थे। मुलायम सिंह यादव धरती पुत्र थे और अखिलेश ट्वीटर पुत्र हैं। जब बड़ी घटना होती है, तो ट्वीट करते हैं। विधानसभा चुनाव 2022 में 6 महीने पहले निकले थे, साढ़े चार साल घर में आराम कर रहे थे।  
 

Also Read