यूपी में स्विटजरलैंड की तर्ज पर पढ़ाई : प्रोजेक्ट प्रवीण में एक लाख छात्रों को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण, जानें क्यों है खास

UPT | Project Praveen

Sep 29, 2024 15:40

यूपी का प्रोजेक्ट प्रवीण काफी हद तक स्विट्जरलैंड की शिक्षा प्रणाली से मेल खाता है, जिसे दुनिया में नंबर एक स्थान प्राप्त है। विश्व बौद्धिक संपदा संगठन की 2023 वैश्विक नवाचार रिपोर्ट के अनुसार, स्विट्जरलैंड दुनिया में नवाचार के क्षेत्र में पहले स्थान पर है। इसकी सफलता का एक मुख्य कारण उसकी शिक्षा और प्रशिक्षण प्रणाली है।

Lucknow News : उत्तर प्रदेश सरकार ने छात्रों के कौशल विकास को बढ़ावा देने और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करने के उद्देश्य से 'प्रोजेक्ट प्रवीण' कार्यक्रम की शुरुआत की है। इस साल के लिए, सरकार ने एक लाख छात्रों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस योजना का विस्तार शैक्षिक सत्र 2024-25 में प्रदेश के चयनित माध्यमिक विद्यालयों में किया जाएगा।

90 मिनट की दैनिक ट्रेनिंग
प्रदेश के कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत कौशल प्रशिक्षण को औपचारिक शिक्षा से जोड़ा जा रहा है। प्रोजेक्ट प्रवीण के अंतर्गत, छात्रों को उनके नियमित पाठ्यक्रम के साथ मुफ्त कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अब तक 63000 से अधिक छात्रों को 315 विद्यालयों में कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। इस कार्यक्रम के तहत कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों को प्रतिदिन 90 मिनट का प्रशिक्षण दिया जाएगा।



कार्यक्रम का उद्देश्य और विस्तार
कौशल विकास मिशन निदेशक अभिषेक सिंह के मुताबिक माध्यमिक शिक्षा विभाग के सहयोग से प्रदेश के विभिन्न जनपदों के चयनित विद्यालयों में यह कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत प्रत्येक विद्यालय में अधिकतम दो अलग-अलग जॉब रोल का चयन किया जाएगा। हर बैच में 35 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा और विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर एक या दो जॉब रोल का चयन किया जा सकता है। प्रोजेक्ट प्रवीण का उद्देश्य छात्रों को व्यावसायिक कौशल से लैस करना है ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें। इस कार्यक्रम की शुरुआत 2022-23 में हुई थी और इसकी सफलता को देखते हुए इसे 2024-25 में विस्तारित किया जा रहा है।

महिला सशक्तीकरण पर जोर
इस योजना में महिला सशक्तीकरण को प्रमुखता दी गई है, जिसके तहत अधिक से अधिक बालिकाओं को इस योजना से जोड़ा जा रहा है। बालिका विद्यालयों को प्राथमिकता के आधार पर चुना गया है ताकि महिला छात्रों को आत्मनिर्भर बनाया जा सके।

स्विस मॉडल से प्रेरित
यूपी का प्रोजेक्ट प्रवीण काफी हद तक स्विट्जरलैंड की शिक्षा प्रणाली से मेल खाता है, जिसे दुनिया में नंबर एक स्थान प्राप्त है। विश्व बौद्धिक संपदा संगठन (WIPO) की 2023 वैश्विक नवाचार रिपोर्ट के अनुसार, स्विट्जरलैंड दुनिया में नवाचार के क्षेत्र में पहले स्थान पर है। इसकी सफलता का एक मुख्य कारण उसकी शिक्षा और प्रशिक्षण प्रणाली (VET) है, जो बच्चों को पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ उनके पसंदीदा क्षेत्रों में व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान करती है। यह प्रणाली बच्चों को उनकी शिक्षा के प्रारंभिक चरण में ही नवाचार की दुनिया में कदम रखने के लिए तैयार करती है, जिससे वे भविष्य में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर पाते हैं। इसीलिए स्विट्जरलैंड के इस सफल मॉडल से प्रेरणा लेते हुए, उत्तर प्रदेश सरकार का 'प्रोजेक्ट प्रवीण' भी इसी दिशा में काम कर रहा है। स्विस मॉडल की तरह, 'प्रोजेक्ट प्रवीण' भी शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण को एकीकृत करके युवाओं के कौशल को विकसित करने पर ध्यान केंद्रित करता है। इसी कारण से 'प्रोजेक्ट प्रवीण' की तुलना स्विट्जरलैंड के VET मॉडल से की जा रही है।

Also Read