उत्तर प्रदेश से फिल्म उद्योग के लिए खुशखबरी : बोनी कपूर फिल्म सिटी प्रोजेक्ट पर 27 जून को करेंगे दस्तखत, ग्रेटर नोएडा में होगा यह कार्यक्रम

UPT | Boney Kapoor

Jun 25, 2024 15:37

यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी और प्रसिद्ध फिल्म निर्माता बोनी कपूर की कंपनी के बीच यह समझौता होगा। इस अवसर पर 27 जून को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन ...

Short Highlights
  • फिल्म सिटी परियोजना पर काम जल्द ही शुरू होने वाला है
  • यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी और  बोनी कपूर की कंपनी के बीच समझौता होगा
  • हस्ताक्षर समारोह सुबह 11:00 बजे यमुना प्राधिकरण के कार्यालय में होगा
Greater Noida : उत्तर प्रदेश में फिल्म उद्योग को बड़ा प्रोत्साहन मिलने जा रहा है। यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास प्रस्तावित फिल्म सिटी परियोजना पर काम जल्द ही शुरू होने वाला है। इस संबंध में एक महत्वपूर्ण समझौता आगामी 27 जून को होने जा रहा है।

विशेष कार्यक्रम का आयोजन
यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉक्टर अरुण वीर सिंह ने मंगलवार को इस बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार, यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी और प्रसिद्ध फिल्म निर्माता बोनी कपूर की कंपनी के बीच यह समझौता होगा। इस अवसर पर 27 जून को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन यमुना प्राधिकरण के बोर्ड रूम में किया जाएगा।

यमुना प्राधिकरण के कार्यालय में होगा हस्ताक्षर समारोह
डॉ. सिंह ने बताया कि समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर समारोह सुबह 11:00 बजे यमुना प्राधिकरण के कार्यालय में होगा। इस कार्यक्रम में बोनी कपूर की कंपनी के प्रतिनिधि, अन्य प्रमुख हितधारक और कुछ प्रसिद्ध फिल्म निर्माता भी शामिल होंगे। साथ ही, राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, यमुना प्राधिकरण के चेयरमैन और मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस का किया जाएगा आयोजन
इस महत्वपूर्ण घटनाक्रम के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मीडिया को परियोजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। डॉ. सिंह ने यह भी बताया कि बोनी कपूर पिछले कुछ समय से इस परियोजना के लिए विदेश यात्रा पर थे। वे हाल ही में लॉस एंजिल्स के यूनिवर्सल स्टूडियो में गए थे, जहां उन्होंने नए उपकरण, नवीनतम तकनीक और कुछ बड़ी कंपनियों को इस परियोजना से जोड़ने के लिए चर्चा की है।

कई महत्वपूर्ण पहलुओं की होगी घोषणा
यह फिल्म सिटी परियोजना न केवल उत्तर प्रदेश के लिए, बल्कि पूरे भारतीय फिल्म उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी। इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और फिल्म निर्माण की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा। 27 जून को होने वाले इस कार्यक्रम में परियोजना के विस्तृत विवरण, निवेश की मात्रा, समयसीमा और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की घोषणा की जाएगी। फिल्म उद्योग और स्थानीय निवासी इस परियोजना के शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जो निश्चित रूप से उत्तर प्रदेश को देश का नया फिल्म हब बनाने में मदद करेगी।

सीएम योगी का ड्रीम प्रोजेक्ट है फिल्म सिटी
इस परियोजना का उद्देश्य 1,000 एकड़ में फैली पूरी वैल्यू चेन के लिए एक एकीकृत मीडिया इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराना है। रणनीतिक रूप से प्रस्तावित साइट नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से केवल 4 किलोमीटर दूर यमुना एक्सप्रेसवे पर सेक्टर 21 में स्थित है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और फिल्म सिटी को जोड़ने के लिए मेट्रो सेवा विकसित की जाएगी। फिल्म सिटी प्रोजेक्ट उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट है।

Also Read