Agra News : आगरा के ध्रुव जुरेल का छाया जलवा, सुनील गावस्कर और अनिल कुंबले ने भी की तारीफ

UPT | ध्रुव जुरेल

Feb 25, 2024 15:04

जुरेल जब बल्लेबाजी के लिए उतरे तो भारत का स्कोर पांच विकेट पर 161 रन था। उन्होंने छोटी-छोटी साझेदारियां...

New Delhi : इंग्लैंड के खिलाफ रांची टेस्ट की पहली पारी में ध्रुव जुरेल ने शानदार पारी खेली। उन्होंने 90 रन बनाया। वह शतक से चूक गए, लेकिन उनकी इस पारी को लोग लंबे समय तक याद रखेगे। जुरेल ने अपने करियर के दूसरे टेस्ट में अपना पहला अर्धशतक लगाया। उनकी पारी को देखकर भारत के दो पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर और अनिल कुंबले को दिग्गज महेंद्र धोनी की याद आ गई। दोनों ने जुरेल की जमकर तारीफ भी की।

अर्धशतक किया पूरा
जुरेल जब बल्लेबाजी के लिए उतरे तो भारत का स्कोर पांच विकेट पर 161 रन था। उन्होंने छोटी-छोटी साझेदारियां कर टीम इंडिया को 307 रन के स्कोर तक पहुंचाया और इंग्लैंड को बढ़त लेने से रोक दिया। यूपी के घरेलू क्रिकेट में खेलने वाले इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने छह चौके और चार छक्के लगाए। ध्रुव को राजकोट टेस्ट में डेब्यू करने का मौका मिला। वह 46 रन बनाकर आउट हो गए थे, लेकिन इस बार अर्धशतक पूरा कर लिया।

जुरेल में धोनी की झलक
जुरेल की तारीफ करते हुए गावस्कर, धोनी को याद करने लगे। उन्होंने  कहा जुरेल की दिमागी क्षमता उन्हें यह सोचने पर मजबूर करती है कि भारत के पास अगला धोनी हो सकता है। गावस्कर ने आधिकारिक ब्रॉडकास्ट से कहा, "ध्रुव जुरेल की दिमागी क्षमता को देखकर मुझे लगता है कि वह अगले एमएस धोनी बन रहे हैं।" गावस्कर ने राजकोट में बेन डकेट को रन आउट करने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि थ्रो बढ़िया नहीं था, लेकिन सूझबूझ से जुरेल ने डकेट को रन आउट कर दिया।

कुंबले ने की तारीफ
कुंबले ने जुरेल की तारीफ करते हुए आधिकारिक ब्रॉडकास्ट से कहा, ''यह पारी इससे बेहतर जगह पर नहीं हो सकती थी। यह एमएस धोनी का शहर है। व भारत के सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर और कप्तान हैं। एक विकेटकीपर बल्लेबाज के लिए यहां आना बहुत खास है।''
पूर्व भारतीय कप्तान ने आगे कहा, ''जुरेल ने असाधारण खेल दिखाया। उन्होंने गेंद को अच्छी तरह छोड़ा। वह अपने बचाव में आश्वस्त थे। वह आक्रामक और सकारात्मक थे। वह जानते थे कि इस सतह पर किस तरह के शॉट्स से उन्हें फायदा होगा और आपको ऐसा कैसे करना है। उन्होंने इसका अच्छे से इस्तेमाल किया।''

Also Read