Varanasi News : कैब लूट के आरोपी को पुलिस ने मारी गोली, जानें सुबह कैसे हुई मुठभेड़... 

UPT | पुलिस मुठभेड़ में घायल बदमाश।

Sep 27, 2024 11:31

वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस और बदमाशों के बीच शुक्रवार की भोर में राजातालाब के जक्खिनी रोड पर मुठभेड़ हो गई। पुलिस को बदमाशों के आने की सूचना मिली थी, उसके बाद पुलिस ने बैरिकेडिंग कर चेकिंग अभियान...

Varanasi News : वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस और बदमाशों के बीच शुक्रवार की भोर में राजातालाब के जक्खिनी रोड पर मुठभेड़ हो गई। पुलिस को बदमाशों के आने की सूचना मिली थी, उसके बाद पुलिस ने बैरिकेडिंग कर चेकिंग अभियान चलाया। बदमाश ने पुलिस से घिरता देख फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से एक बदमाश जख्मी हो गया। जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। दोनों बदमाशों ने कार चालक से लूट की घटना को अंजाम दिया था। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

क्या है पूरा मामला
एडीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल के अनुसार, 23 सितंबर को तीन लोगों ने पीडीडीयू नगर स्टेशन से कैब बुक किया था। राजातालाब में चालक से मारपीट कर कैब लूट लिया था। पुलिस को सूचना मिली कि कार लूटने वाले बदमाश जक्खिनी रोड से होते हुए भागने की फिराक में हैं। इस पर पुलिस एक्टिव हो गई। पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान संदिग्ध वाहन आता दिखा। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर बदमाश वाहन को रोकने की बजाए भगाने लगे। उसी दौरान उनकी गाड़ी सड़क किनारे कीचड़ में फंस गई। इसके बाद बदमाश गाड़ी से उतरकर भागने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकना चाहा तो पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

फरार बदमाशों की तलाश
बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। जबकि उसका साथी भाग गया। घायल बदमाश का नाम राजकुमार बताया जा रहा है। भागने वाले बदमाश का नाम संदीप है। एडीसीपी ने बताया कि इन बदमाशों ने पहले भी इसी तरह कार बुक कर लूट की घटना को अंजाम दिया था। दो अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गईं हैं।

Also Read