योगी सरकार करेगी रामनगर औद्योगिक क्षेत्र का कायाकल्प : 53.04 करोड़ की लागत से इंफ्रास्ट्रक्चर उन्नयन, जल्द बनेगा प्रमुख औद्योगिक केंद्र

UPT | सीएम योगी आदित्यनाथ

Sep 27, 2024 19:00

उत्तर प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से योगी सरकार ने चंदौली के रामनगर औद्योगिक क्षेत्र के कायाकल्प का कार्य शुरू कर दिया है।

Chandauli News : उत्तर प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से योगी सरकार ने चंदौली के रामनगर औद्योगिक क्षेत्र के कायाकल्प का कार्य शुरू कर दिया है। इस व्यापक उन्नयन परियोजना को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) द्वारा अटल इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत 53.04 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुसार, यह परियोजना रामनगर औद्योगिक क्षेत्र को राज्य के सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक केंद्रों में से एक के रूप में विकसित करेगी, जिससे न केवल आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर भी प्रदान होंगे।

बेहतर कनेक्टिविटी और स्ट्रैटेजिक लोकेशन
रामनगर औद्योगिक क्षेत्र को 1978 में स्थापित किया गया था और 2006-07 में इसका विकास हुआ। यह क्षेत्र अपनी रणनीतिक स्थिति और उत्कृष्ट कनेक्टिविटी के कारण महत्वपूर्ण माना जाता है। यह प्रयागराज-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग-19 से जुड़ा हुआ है, और मुगलसराय रेलवे स्टेशन से मात्र 13 किमी तथा वाराणसी से लगभग 30 किमी की दूरी पर स्थित है। इसके अतिरिक्त, लाल बहादुर शास्त्री हवाई अड्डा, बाबतपुर यहां से 51 किमी की दूरी पर स्थित है। इन सुविधाओं के चलते रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में व्यापारिक और औद्योगिक गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया जा रहा है। 



व्यापक इंफ्रास्ट्रक्चर उन्नयन
  • सड़क सुधार : लगभग 3 किमी और 2.09 किमी की सड़कों का उच्चीकरण किया जाएगा। इसमें सड़कों की चौड़ीकरण, इंटरलॉकिंग और पेव्ड फुटपाथ भी शामिल हैं।
  •  जल आपूर्ति : क्षेत्र में 200 मिमी व्यास के पाइपों का उपयोग कर नई ट्यूबवेल लगाई जाएगी, जो 300 मीटर गहरी होगी। इसके साथ एक पंपिंग संयंत्र भी स्थापित किया जाएगा ताकि जल वितरण को प्रभावी बनाया जा सके।
  • सार्वजनिक स्थानों का विकास : सार्वजनिक स्थानों को उन्नत करने के लिए पार्क के प्रवेश द्वारों और मुख्य सड़कों पर कंक्रीट स्लैब और बेंच लगाए जाएंगे। पुराने फील्ड हॉस्टल और पुलिस पोस्ट का नवीनीकरण किया जाएगा।
  • नई सुविधाएं : परियोजना परिचालन के लिए एक कमान केंद्र, नेस्टिंग हट, ईवी चार्जिंग स्टेशन, ट्रक पार्किंग स्थल और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
  • कचरा प्रबंधन : एक सशक्त कचरा प्रबंधन प्रणाली लागू की जाएगी, जिससे औद्योगिक क्षेत्र की स्वच्छता और सौंदर्य को बनाए रखा जा सकेगा।
  • विद्युत उन्नयन : 12.39 करोड़ की लागत से विद्युत इंफ्रास्ट्रक्चर का उन्नयन होगा। इसमें 33 केवी ओवरहेड लाइनों और 11 केवी केबलों को भूमिगत स्थापित किया जाएगा। साथ ही 810 नई स्ट्रीट लाइटें, 6 हाई मास्ट और 177 डेकोरेटिव पोल्स लगाए जाएंगे।
  • सुरक्षा व्यवस्था : सुरक्षा के लिए 24 सीसीटीवी कैमरे, 2 ईवी चार्जिंग स्टेशन और 2 डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे। रात में सुरक्षा बढ़ाने के लिए 96 एलईडी फैकेड लाइटें भी लगाई जाएंगी।

योगी सरकार की औद्योगिक क्रांति
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास की ओर तेजी से अग्रसर है। रामनगर औद्योगिक क्षेत्र का यह कायाकल्प चंदौली जिले के विकास को नई दिशा देगा। इस क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों से जहां औद्योगिक गतिविधियों में वृद्धि होगी, वहीं रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

Also Read