BJP UP : भाजपा ने नए सदस्य बनाने का दिया इतना लक्ष्य, फर्जीवाड़ा रोकने को साथ में चलाया जाएगा सत्यापन अभियान

भाजपा ने नए सदस्य बनाने का दिया इतना लक्ष्य, फर्जीवाड़ा रोकने को साथ में चलाया जाएगा सत्यापन अभियान
UPT | भाजपा सदस्यता अभियान- 2024 कार्यशाला

Aug 20, 2024 19:22

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने उत्तर प्रदेश टाइम्स से बातचीत में कहा कि पार्टी की प्रक्रिया हर छह महीने में नए सदस्य बनाने की है। इस बार पहले से ज्यादा सदस्य बनाए जाएंगे। उत्तर प्रदेश में भाजपा की सदस्यता में इजाफा हो, इसलिए लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने कहा कि हम लोग लक्ष्य से ज्यादा सदस्य पार्टी से जोड़कर दिखाएंगे।

Aug 20, 2024 19:22

Lucknow News : भारतीय जनता पार्टी लोगों के बीच अपनी पैठ मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान शुरू करने जा रही है। इसे लेकर मंगलवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भाजपा अभियान- 2024 कार्यशाला में सभी को लक्ष्य दिया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, प्रदेश सह प्रभारी संजीव चौरसिया और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह शामिल रहे। कार्यशाला में तय किया गया कि सभी मंत्री, सांसद और मेयर 20 हजार नए सदस्य बनाने बनाएंगे। वहीं विधायकों, जिला पंचायत अध्यक्षों को 10 हजार और और नगर पालिका अध्यक्षों को पांच हजार नए सदस्य बनाने को बोला गया है। इसके अलावा पार्षदों को 500 सदस्य भाजपा से जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है।

संगठन के विभिन्न मोर्चा इस तरह बनाएंगे नए सदस्य
पार्टी नेताओं ने बताया कि संगठन के युवा मोर्चा को 15 लाख नए युवाओं को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। इसी तरह महिला, पिछड़ा और किसान मोर्चा प्रदेश में दस-दस लाख ओबीसी, महिलाएं और किसानों को पार्टी का सक्रिय सदस्य बनाने का काम करेंगे। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा दो-दो लाख नए सदस्य जोड़ने का जिम्मा सौंपा गया है। कोई भी व्यक्ति भाजपा का सदस्य बनने के लिए टोल फ्री नंबर 8800002024 पर मिस्ड कॉल कर सकता है।

सदस्यता ​अभियान के साथ किया जाएगा सत्यापन
भाजपा नेतृत्व ने इस बार सदस्यता अभियान में गड़बड़ी रोकने को भी कदम उठाए हैं। इसके तहत सदस्य बनाने में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए सत्यापन अभियान भी साथ में चलाया जाएगा। इससे नए सदस्यों की सही संख्या पता चल सकेगी। पार्टी संगठन के मुताबिक एक ही व्यक्ति दो बार सदस्य नहीं बन पाए, इसकी जांच प्रदेश कार्यालय स्तर पर होगी। इसके लिए एक टीम को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। पार्टी के सदस्यता अभियान की शुरुआत एक सितंबर से केंद्रीय स्तर पर लांचिंग के जरिए होगी। प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बताया कि इसके बाद यूपी में दो या तीन सिंतबर को अभियान की लांचिंग होगी। वहीं जनपदों में चार या पांच सितंबर को सदस्यता अभियान का शुभारंभ होगा।

घर-घर जाकर नए सदस्य बनाएंगे भाजपा कार्यकर्ता
सदस्यता अभियान को लेकर ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने उत्तर प्रदेश टाइम्स से बातचीत में कहा कि इस अभियान से हमारी पार्टी और मजबूत होगी। भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। मंत्री, सांसद, विधायक, पदाधिकारियों को नए सदस्य बनाने के लिए लक्ष्य मिला है। वहीं राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि भाजपा देश के लिए पहले से काम करती है। भाजपा के कार्यकर्ता घर-घर जाएंगे। लोगों को पार्टी से जोड़ा जाएगा। पार्टी की नीतियों को उनके बीच बताया जाएगा। मंत्रियों को 20 हजार लोगों को जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने कहा कि टारगेट बढ़ा नहीं है, लेकिन जो निर्देश मिले उसे पूरा किया जाएगा।

मंत्री दयाशंकर सिंह ने किया लक्ष्य से ज्यादा सदस्य बनने का दावा
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने कहा कि पार्टी की प्रक्रिया हर छह महीने में नए सदस्य बनाने की है। इस बार पहले से ज्यादा सदस्य बनाए जाएंगे। उत्तर प्रदेश में भाजपा की सदस्यता में इजाफा हो, इसलिए लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने कहा कि हम लोग लक्ष्य से ज्यादा सदस्य पार्टी से जोड़कर दिखाएंगे। उन्होंने लोकसभा चुनाव में यूपी में विपक्ष को मिली जीत पर कहा कि झूठ बोलकर विपक्ष को एक बार सफलता मिल गई। काठ की हांडी बार बार नहीं चढ़ती है। दयाशंकर सिंह ने सपा पर परिवारवाद को लेकर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश एलान करें कि उनकी सरकार बनने पर मुखिया मुलायम परिवार का नहीं होगा। सपा में आम कार्यकर्ता मुख्यमंत्री बनने का सपना भी नहीं देख सकता।

मुस्लिम समाज के दो लाख लोगों को जोड़ेगी भाजपा
प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दानिश अंसारी ने कहा कि मुस्लिम समाज के दो लाख लोगों को भाजपा से जोड़ा जाएगा। मुसलमानों को जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। यूपी में दो करोड़ भाजपा के सदस्य बनाने का लक्ष्य है। उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने बताया कि सदस्यता अभियान का शुभारंभ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। भाजपा में आस्था रखने वालों को सदस्यता दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सदस्यता दिलाने का लक्ष्य बढ़ा नहीं है। भाजपा में आस्था रखने वाले लोग लगातार बढ़ रहे हैं। लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि कार्यशाला में सभी को सदस्यता का लक्ष्य मिला है। मंत्री, सांसद और मेयर को 20 हजार नए सदस्य बनाने का का टारगेट दिया गया है। विधायकों को 10 हजार नए सदस्य बनाने को बोला गया है। इसके अलावा पार्षदों को 500 सदस्य भाजपा से जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है।

Also Read

इनवर्टर में शॉर्ट सर्किट से फ्लैट में लगी आग

20 Sep 2024 09:44 AM

लखनऊ 🔴 UP Live Updates : इनवर्टर में शॉर्ट सर्किट से फ्लैट में लगी आग

बदलते यूपी की हर खबर सबसे पहले यहां पढ़ें। आपके लिए उत्तर प्रदेश की सभी बड़ी खबरें एक क्लिक पर... और पढ़ें