लखनऊ में मनचलों की अब खैर नहीं : ऑपरेशन मजनू से कसेगा शिकंजा, 90 दिनों में चलेंगे नौ विशेष अभियान

ऑपरेशन मजनू से कसेगा शिकंजा, 90 दिनों में चलेंगे नौ विशेष अभियान
UPT | Operation Majnu

Oct 17, 2024 09:46

ऑपरेशन ईगल के तहतमहिला संबंधी अपराधों में वांछित आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जेल से रिहा हुए आरोपियों की निगरानी भी बढ़ाई जाएगी ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचाव किया जा सके।

Oct 17, 2024 09:46

Lucknow News : राजधानी में छात्राओं के स्कूलों और कॉलेजों के आस-पास मंडराने वाले मनचलों पर अब सख्ती बरतने की तैयारी है। मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत प्रशासन ने 90 दिनों के भीतर नौ अलग-अलग अभियान चलाने का निर्णय किया है। इस दौरान ऑपरेशन मजनू के तहत उन क्षेत्रों में पुलिस का पहरा बढ़ाया जाएगा, जहां अक्सर महिला छात्राएं मनचलों का सामना करती हैं।

ग्राम पंचायतों में होंगे जागरूकता आयोजन
जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने सभी विभागों को तय समयसीमा के अनुसार कार्य योजना को सफलतापूर्वक लागू करने का निर्देश दिया है। इसके अंतर्गत, सभी ग्राम पंचायतों में जागरूकता और सुरक्षा को लेकर आयोजन किए जाएंगे। इस अभियान की कार्यप्रणाली और गतिविधियों की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी भी होगी।



स्कूलों से अनुपस्थित छात्राओं की बनेगी सूची
इसके साथ ही बेसिक शिक्षा विभाग स्कूलों से अनुपस्थित रहने वाली छात्राओं की सूची तैयार करेगा और हर शनिवार को उपस्थिति अभियान चलाएगा। इसमें अनुपस्थित रहने वाली छात्राओं के अभिभावकों को बुलाकर उनसे बातचीत की जाएगी। छात्रों को एफआईआर प्रक्रिया से अवगत कराया जाएगा ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में अपनी सुरक्षा के लिए कदम उठा सकें।

विशेष अभियान: सुरक्षा के विभिन्न पहलू

ऑपरेशन ईगल : महिला संबंधी अपराधों में वांछित आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी, साथ ही जेल से रिहा हुए आरोपियों की निगरानी भी बढ़ाई जाएगी ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचाव किया जा सके।
ऑपरेशन गरुड़ : साइबर अपराध के मामलों में बढ़ती चिंताओं को ध्यान में रखते हुए, महिलाओं और बच्चियों से जुड़े साइबर अपराधों का निस्तारण किया जाएगा।
ऑपरेशन डिस्ट्रॉय : शहर में अश्लील साहित्य, सीडी, और अन्य आपत्तिजनक सामग्री की जांच की जाएगी और उन्हें जब्त किया जाएगा।
ऑपरेशन शील्ड : एसिड की अवैध बिक्री और वितरण पर रोक लगाने के लिए यह अभियान चलाया जाएगा, ताकि इस खतरनाक पदार्थ का दुरुपयोग न हो।
ऑपरेशन बचपन : बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति और बाल विवाह के खिलाफ सक्रिय अभियान चलाए जाएंगे। इन अभियानों में बालिकाओं को मुक्त कराना और उनका पुनर्वास करना शामिल है।
ऑपरेशन खोज : इस अभियान के तहत गुमशुदा बच्चों की तलाश, आश्रय गृहों का निरीक्षण और मिले हुए बच्चों को पुनर्वासित करना प्राथमिकता होगी।
ऑपरेशन नशा मुक्ति : सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी ताकि शहर में नशामुक्ति के प्रयासों को बढ़ावा दिया जा सके।
ऑपरेशन रक्षा : अवैध स्पा, मसाज पार्लर और होटलों में हो रही मानव तस्करी के मामलों पर नजर रखते हुए, प्रभावित महिलाओं को सुरक्षित निकाला जाएगा।

उच्च अधिकारी करेंगे निगरानी
हर ब्लॉक स्तर पर खंड विकास अधिकारी को अभियान संचालन की जिम्मेदारी दी गई है। इन अभियानों का निरीक्षण और संचालन प्रभावी तरीके से सुनिश्चित करने के लिए हर ब्लॉक में उच्च अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस बार मिशन शक्ति का यह चरण महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के प्रति सरकार की गंभीरता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।
 

Also Read

नायब सैनी को सीएम बनने पर दी बधाई, मंत्रियों की भी दी शुभकामना

17 Oct 2024 04:53 PM

लखनऊ हरियाणा सरकार के शपथ ग्रहण में शामिल हुए योगी : नायब सैनी को सीएम बनने पर दी बधाई, मंत्रियों की भी दी शुभकामना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को पंचकूला में हुए हरियाणा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे। और पढ़ें