गुंबद में पौधा उगने पर दी ASI ने सफाई : अखिलेश ने उठाए थे सवाल, जानें ताजमहल से जुड़े ऐसे ही अन्य विवाद

अखिलेश ने उठाए थे सवाल, जानें ताजमहल से जुड़े ऐसे ही अन्य विवाद
UPT | ताजमहल के गुबंद पर पौधा उगा

Sep 21, 2024 15:39

आगरा में बना ताजमहल को दुनिया का सातवां अजूबा है। इसकी देख-रेख का जिम्मा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के हाथों में है। लेकिन ताजमहल की देखरेख और संरक्षण पर कई बार सवाल उठ चुके हैं...

Sep 21, 2024 15:39

Agra News : आगरा में बना ताजमहल को दुनिया का सातवां अजूबा है। इसकी देख-रेख का जिम्मा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के हाथों में है। लेकिन ताजमहल की देखरेख और संरक्षण पर कई बार सवाल उठ चुके हैं। अभी दो दिन पहले अखिलेश ने ट्वीट कर ताजमहल के गुबंद पर पौधा उगने पर सवाल उठाए। वहीं इस मामले में एएसआई ने पोस्ट डालकर एक्स पर सफाई दी है। यह कोई पहला मामला नहीं है जो विवादों में आया है। आइये चर्चा करते हैं ताजमहल से जुड़े ऐसे ही अन्य विवादों के बारे में।



पौधा उगने पर अखिलेश ने उठाए थे सवाल
दरअसल ताजमहल के गुबंद की दीवार पर पौधा उगने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसको लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी सवाल उठाए। गुरुवार को अखिलेश ने ताजमहल के रख-रखाव को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। अखिलेश ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि विश्व भर के पर्यटकों को आकर्षित करनेवाले अजूबे ‘ताजमहल‘ के रख-रखाव को लेकर भाजपा सरकार व उसके सुषुप्त निष्क्रिय विभाग पूरी तरह से नाकाम हैं। मुख्य गुंबद पर लगे कलश की धातु में ज़ंग लगने की आशंका है। ⁠मुख्य गुंबद से पानी टपक रहा है। ⁠गुंबद में पेड़ उग आने का समाचार सुर्ख़ियों में है। इन जैसे पेड़ों की जड़े अगर विकसित हुईं तो ताजमहल में दरारें आ सकती हैं। ⁠ताजमहल का परिसर बंदरों के लिए अभयारण्य बन गया है। ताजमहल परिसर में जलभराव की समस्या है।⁠पर्यटकों की परेशानी ये है कि वो ताजमहल निहारें या समस्याओं से निपटें।
  जानें ASI ने सफाई में क्या कहा...
इसके बाद शुक्रवार को गुंबद में रिसाव समेत संरक्षण से जुड़े सवालों पर पहली बार भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की सफाई सामने आई। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के महानिदेशक ने एक्स पर मीडिया रिपोर्टों और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के प्रश्नों का बिंदुवार उत्तर दिया। एएसआई ने एक पोस्ट के माध्यम से स्पष्ट किया कि ताजमहल के मुख्य गुंबद पर जंग लगने की जानकारी गलत है। उन्होंने बताया कि हाल ही में हुई अधिक वर्षा के कारण कुछ बूंदें देखी गई हैं, जिनका समाधान किया जा रहा है और कोई गंभीर संरचनात्मक समस्या नहीं है। मुख्य गुंबद में नहीं, बल्कि बाहरी दीवार पर एक पौधा उगा था, जिसे हटा दिया गया है। वर्षा के मौसम में इस प्रकार के पौधे उगना सामान्य है, और इन्हें नियमित रूप से हटाया जाता है।
  ASI ने बताया भ्रामक और नकारात्मक खबर
एएसआई ने आगे लिखा कि ताजमहल परिसर में पिछले 1 वर्ष से अधिक के समय से किसी पर्यटक ने बंदर की कोई शिकायत नहीं की है। डीजी एएसआई के एक्स हैंडल से कहा गया है कि उद्यान परिसर में बारिश का भरा हुआ पानी क्षणिक है। वह परिसर में स्थित कुओं एवं रिचार्ज पिटों के माध्यम से भूजल में समाहित हो जाता है। यह जल संरक्षण की एक विधा है, कोई समस्या नहीं। ताजमहल परिसर के अंदर पर्यटकों के लिए सुंदर वातावरण है। यहां आकर आनंद लें। ताजमहल के रखरखाव में जो भी राशि खर्च की जाती है। उसका ऑडिट किया जाता है। अभी तक के ऑडिट में ऐसी कोई शंका जाहिर नहीं की गई है।

यह कोई पहली घटना नहीं है, जिससे एएसआई पर सवाल उठे हैं। आइये चर्चा करते हैं ताजमहल से जुड़े ऐसे ही अन्य विवादों के बारे में...

1. मुख्य गुंबद से पानी की बूंदों का रिसाव
आगरा में पिछले दिनों हुई बारिश के कारण शहर के कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया था। वहीं एक हफ्ते पहले ताजमहल परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें एक जलमग्न बगीचा दिखाई दे रहा था। ताजमहल के मुख्य गुंबद से पानी रिसने की भी खबर आई। इसके बाद  एएसआई) ने आश्वासन दिया है कि मुख्य गुंबद बरकरार है और रिसाव किसी नुकसान के कारण नहीं बल्कि रिसाव के कारण हुआ है। एएसआई ने ड्रोन कैमरे का उपयोग करके गुंबद की जांच की।

गुंबद में रिसाव पर ASI का जवाब
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के आगरा सर्कल के अधीक्षण प्रमुख, राजकुमार पटेल ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि ताजमहल के मुख्य गुंबद में रिसाव देखा गया है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यह पाया गया कि रिसाव के कारण गुंबद को कोई नुकसान नहीं हुआ है। हमने ड्रोन कैमरे के माध्यम से मुख्य गुंबद की स्थिति की भी जांच की है। इसके साथ ही, यह भी पता लगाया जा रहा है कि रिसाव रुक-रुक कर हो रहा है या लगातार जारी है।

2. ताजमहल में पेशाब करते वीडियो हुआ था वायरल
वहीं हफ्ते पहले ताजमहल परिसर में दो पर्यटकों द्वारा पेशाब करने का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसने देशभर में हलचल मचा दी है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद हिंदूवादी संगठनों में गहरा आक्रोश देखने को मिला है। वे ताजमहल को ‘तेजोमहालय’ मानते हुए उसकी शुद्धि की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि ताजमहल में गंदगी फैलाने वाले पर्यटक असामाजिक तत्व हैं और इस प्रकार की हरकतें हमारी सांस्कृतिक धरोहर का अपमान हैं।

हिंदूवादी संगठन में दिखा रोष
वायरल वीडियो के बाद हिंदूवादी संगठन अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारी गंगाजल और गाय का गोबर लेकर ताजमहल के पश्चिमी गेट पर पहुंच गए। उनका कहना है कि इस स्थान को पवित्र करने के लिए उन्हें गंगाजल और गोबर का उपयोग करना है। हालांकि, सुरक्षा अधिकारियों ने उन्हें गेट पर ही रोक लिया और अंदर जाने की अनुमति नहीं दी। यह विवाद इतना बढ़ गया कि हिंदूवादी कार्यकर्ता गेट पर धरना देने लगे और वहां से हटने का नाम नहीं ले रहे थे। उन्होंने ताजमहल के भीतर गंगाजल और गोबर से शुद्धि करने की मांग की, जो सुरक्षा कर्मियों और प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया।

3. ताजमहल परिसर में नहाने का वीडियो वायरल
ताजमहल परिसर में दो पर्यटकों द्वारा पेशाब करने के बाद रायल गेट की पूर्वी दिशा में स्थित शौचालय का एक वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई। वीडियो में पांच भारतीय पर्यटक लुंगी पहने दिखाई दिए, जिनमें से एक शौचालय के अंदर लुंगी बदल रहा था और फर्श पर कपड़े भी पड़े हुए दिखाई दिए। टूरिस्ट गाइड्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष, दीपक दान ने बताया कि सुबह करीब 6:30 बजे एक साथी गाइड विदेशी पर्यटकों को ताजमहल दिखाने ले गया था। जब वे शौचालय पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि कुछ पर्यटक शौचालय में नहा रहे थे, जिसे देखकर विदेशी पर्यटक हैरान रह गए। उन्हें शौचालय के लिए इंतजार करना पड़ा, और जब उन्होंने अंदर का दृश्य देखा, तो वे बिना इस्तेमाल किए ही बाहर निकल गए। इस स्थिति को ताजमहल की गरिमा के अनुरूप नहीं माना जा रहा है।

4. हिंदूवादियों ने ताजमहल पर चढ़ाया गंगाजल
वहीं अगस्त में सावन का महीना चल रहा था। बाबा भोलेनाथ को खुश करने की चाहत में दो युवक सलाखों के पीछे पहुंच गए। दो युवकों ने ताजमहल में गंगाजल चढ़ाया। युवक पानी की बोतल में गंगाजल लेकर पहुंचे थे। मुख्य मकबरे में स्थित तहखाने के दरवाजे पर युवकों ने गंगाजल अर्पित किया। सीआईएसएफ की लिखित तहरीर के बाद दोनों युवकों को पुलिस ने जेल भेज दिया गया।

ताजमहल में मुख्य गुंबद पर पानी की बोतल
इसके बाद एएसआई ने बड़ा कदम उठाया। ताजमहल में पर्यटकों के लिए एक नई व्यवस्था लागू की गई, जिसके तहत अब मुख्य गुंबद तक पानी की बोतल ले जाना पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया। इस निर्णय के पीछे मुख्य कारण ताजमहल पर लगातार हो रही गंगाजल चढ़ाने की घटनाएं हैं। हाल ही में, दो बार पानी की बोतल में गंगाजल लेकर उसे मुख्य गुंबद पर चढ़ाने की घटनाएं प्रकाश में आईं थीं। इन घटनाओं ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं को जन्म दिया, जिसके परिणामस्वरूप यह नया प्रतिबंध लगाया गया है। ताजमहल के वरिष्ठ संरक्षण सहायक प्रिंस वाजपेयी ने बताया कि इस निर्णय का उद्देश्य ताजमहल की सुरक्षा को सुनिश्चित करना है।

5. ताजमहल पर जलाभिषेक के लिए पहुंची महिला नेता
वहीं जुलाई में हिंदू महासभा की जिलाध्यक्ष मीरा राठौर सोरों से कांवड़ लेकर थाना ताजगंज क्षेत्र अंतर्गत ताजमहल पर पहुंच गई। जहां पहले से मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें ताज महल की तरफ जाने से रोक दिया। मीरा राठौर भी ताजमहल पर कांवड़ चढ़ाने पर अड़ गईं। उनके कंधे पर कांवड़ रखी हुई थी। वह पुलिसकर्मियों से ताजमहल में जाने की जिद कर रही थीं। मीडिया से बात करते हुए मीरा राठौर ने कहा कि उनके सपने में बाबा भोलेनाथ आए थे। बाबा भोलेनाथ ने कहा कि बेटा तू सोरों जा, वहां से कांवड़ लेकर ला और आगरा के ताजमहल पर मुझे गंगाजल चढ़ा। मुझे बाबा भोलेनाथ ने कहा है, तो मैं बाबा भोलेनाथ की बात को कैसे टाल सकती हूं।

Also Read

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव,  ग्रामीणों में आक्रोश

21 Sep 2024 03:27 PM

मैनपुरी सिरफिरे पिता ने की बेटी की हत्या : पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव,  ग्रामीणों में आक्रोश

मामला घिरोर थाना क्षेत्र के गांव बादशाहपुर से जुड़ा हुआ है। पारिवारिक कलह के कारण कुछ दिन पहले ही उसकी पत्नी अपनी बेटी को छोड़कर मायके चली गई थी।आरोपी पिता घटनास्थल से फरार हो गया है... और पढ़ें