Agra News : होटल के रूम में लटका मिला हॉकी खिलाड़ी का शव, कॉल डिटेल खंगालने में जुटी पुलिस

होटल के रूम में लटका मिला हॉकी खिलाड़ी का शव, कॉल डिटेल खंगालने में जुटी पुलिस
UPT | प्रतीकात्मक फोटो

Oct 01, 2024 02:18

आगरा में टीडीआई मॉल के पीछे होटल स्टार ऑफ ताज (ताजगंज) में सोमवार की दोपहर एक युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। 22 वर्षीय हॉकी...

Oct 01, 2024 02:18

Agra News : आगरा में टीडीआई मॉल के पीछे होटल स्टार ऑफ ताज (ताजगंज) में सोमवार की दोपहर एक युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। 22 वर्षीय हॉकी खिलाड़ी ने रविवार की शाम अपनी आईडी पर कमरा लिया था। युवती का शव फंदे पर लटका मिला। बताया जा रहा है कि रात को एक दोस्त युवती से मिलने आया था। पुलिस ने दोस्त को हिरासत में लिया है। दोस्त के खिलाफ युवती के परिजनों ने पूर्व में छेड़छाड़ और दुराचार का मुकदमा लिखाया था। यह जेल भी गया था। उस पर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का आरोप है। 



एसीपी ताज सुरक्षा सैयद अरीब अहमद ने बताया कि होटल स्टार ऑफ ताज से सूचना मिली कि एक युवती ने फंदे पर लटकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर  पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम को भेजा। शव की पहचान बुंदुकटरा की रहने वाली युवती के रूप में हुई। होटल कर्मचारियों से पूछताछ की गई। सीसीटीवी खंगाले गए। पूछताछ में पता चला कि युवती रविवार की शाम करीब पौने पांच बजे होटल में आई थी। अपनी आईडी से कमरा लिया। कमरा नंबर- 204 में रुकी। रात करीब साढ़े आठ बजे एक युवक मिलने आया था।

चार साल से बेटी के पीछे पड़ा है युवक
जानकारी के मुताबिक युवक करीब एक घंटे तक होटल में रुका। रात साढ़े 11 बजे होटल वालों ने युवती से डिनर के लिए पूछा था। उसने इनकार कर दिया था। सुबह साढ़े ग्यारह बजे तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो कर्मचारियों दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई आवाज नहीं आई। कर्मचारी घबरा गए। दूसरी चाबी से दरवाजा खोला। अंदर शव लटका देख होश उड़ गए। होटल के कर्मचारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस और परिजन आ गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि घर के पास गगन नाम का युवक रहता है। चार साल से बेटी के पीछे पड़ा है।

दोनों के मजहब अलग हैं। वर्ष 2020 में पहले उन्होंने सदर थाने में छेड़छाड़ का मुकदमा लिखाया था। वर्ष 2024 में दुराचार का मुकदमा लिखाया था। आरोपित को पुलिस ने जेल भेजा था। जमानत पर बाहर आया। वहीं बेटी पर दबाव बना रहा था। छानबीन में पता चला कि गगन ही रात को युवती से मिलने होटल आया था। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ जारी है। युवती के भाई ने तहरीर दी है।

कविता नाम के नंबर पर की चैट
युवती ने अपने मोबाइल में कविता नाम से एक नंबर सेव कर रखा था। देर रात उसके नंबर ऑडियो और वीडियो कॉल किए थे मगर रिसीव नहीं हुए थे। सुबह उस नंबर से फोन आए थे। तब तक युवती मर चुकी थी। चैट के दौरान रात को उसने लिखा था अकेलापन महसूस हो रहा है। मन नहीं लग रहा। किसी बात से वह परेशान थी। निराश थी। आशंका है कि गगन का नंबर ही उसने कविता नाम से सेव किया हो।

युवती ने कराई थी गगन का जमानत
मुकदमे में गगन उसके भाई और भाभी को आरोपित बनाया गया है। पुलिस गगन को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उसने पुलिस को बताया कि उसकी और युवती की दोस्ती के बीच मजहब की दीवार आ रही थी। परिजनों ने उन्हें दूर करने के लिए मुकदमे लिखाए थे। युवती ने ही उसकी जमानत कराई थी। वह युवती को परेशान करता तो मिलने आने पर वह शोर मचाती। होटल वालों को बुला लेती। पुलिस युवती की कॉल डिटेल खंगालने में जुटी है।

शनिवार की दोपहर घर से निकली थी
युवती जब कॉलेज में थी तब हॉकी खेलती थी। एमए के बाद एक प्राइवेट बैंक में नौकरी भी की थी। उसके पिता एक हॉस्पिटल में कर्मचारी हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि बेटी शनिवार की दोपहर घर से निकली थी। बताया था कि अलीगढ़ में मैच है। रविवार की शाम उसने घर बात की थी। बताया था कि मैच खत्म हो गया। खाना खा रही है। सुबह तक लौट आएगी। बेटी का इंतजार कर रहे थे। उसकी मौत की खबर मिली। सवाल यह भी उठ रहा है कि युवती शनिवार की रात कहां रही थी। होटल में कमरा तो उसने रविवार की शाम लिया था। चौबीस घंटे कहां गुजारे।

ईशान करता है होटल का संचालन 
कारोबारी अतुल तिवारी का होटल है। इंस्पेक्टर ताजगंज जसवीर सिंह ने बताया कि वर्तमान में होटल का संचालन ईशान करता है। उसने होटल किराए पर ले रखा है। एसीपी ताज सुरक्षा सैयद अरीब अहमद ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ होगी। प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का लग रहा है। परिजन जो तहरीर दी है उस पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

Also Read