Agra News : बेअसर रहा भारत बंद, बसपा ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का जमकर विरोध किया... 

बेअसर रहा भारत बंद, बसपा ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का जमकर विरोध किया... 
UPT | बसपा ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का जमकर विरोध किया।

Aug 21, 2024 18:00

सुप्रीम कोर्ट के उपवर्गीय आरक्षण का निर्णय देने के बाद देश में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। उप वर्गीकरण आरक्षण के विरोध का असर ताज नगरी आगरा में भी देखने को मिला। इस दौरान प्रदर्शन कर पुलिस...

Aug 21, 2024 18:00

Agra News : सुप्रीम कोर्ट के उपवर्गीय आरक्षण का निर्णय देने के बाद देश में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। उप वर्गीकरण आरक्षण के विरोध का असर ताज नगरी आगरा में भी देखने को मिला। इस दौरान प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। भारत बंद को लेकर हजारों युवा हाथों में नीला झंडा लेकर प्रदर्शन करते हुए सड़कों पर दिखाई दे रहे थे। विरोध के दौरान भारत बंद का भी ऐलान कई संगठनों ने किया था। लेकिन, जिले में इसका कोई खास असर देखने को नहीं मिला। बंद को लेकर पुलिस शहर से लेकर देहात तक अलर्ट मोड पर रही। 

कई जगह हुड़दंग
गौरतलब है कि इस आंदोलन से पूर्व 2 अप्रैल 2018 को आरक्षण को लेकर दलित समाज ने चक्का जाम किया था। इस बार भारत बंद के आह्वान को बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी अपना समर्थन दिया है। इसको लेकर आगरा में जगह-जगह आरक्षण बचाओ नारों के साथ हाथों में नीला झंडा लिए युवा सड़कों पर चले आ रहे थे। भारत बंद के तहत सर्वोच्च न्यायालय के एससी, एसटी आरक्षण से क्रीमीलेयर को हटाने के विरोध में बसपा, भीम आर्मी सहित एससी संगठनों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में जबरदस्त प्रदर्शन किया। बसपा और नीले झंडे लेकर पहुंचे प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट के गेट पर चढ़ गए और बसपा का झंडा लगा दिया। प्रदर्शनकारी एमजी रोड पर गाड़ियों के सामने लेट गए, वाहन चालकों से अभद्रता की गई। मधु नगर, नरीपुरा, राम बाग, छिपीटोला एवं अन्य क्षेत्रों में प्रदर्शनकारियों ने खूब हुड़दंग किया और दुकानें बंद करा दीं।

बारिश में भी डटे रहे कार्यकर्ता
आगरा में इस दौरान जमकर बारिश हुई, लेकिन बारिश में भी प्रदर्शनकारी डटे रहे। बड़ी संख्या में बसपा सहित अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन के बाद डीएम भानु चंद्र गोस्वामी को सुप्रीम कोर्ट के आदेश को निरस्त करने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संबोधित ज्ञापन सौंपा। बताया जा रहा है कि शहर के हर कोने में आगरा बंद बेअसर रहा। अधिकांश क्षेत्रों में सुबह 10 बजे के बाद बाजार खुल गए। 

बाद में गेट से ही लौटे कार्यकर्ता
सुप्रीम कोर्ट के एससी, एसटी आरक्षण में उपवर्गीकरण के आदेश को निरस्त करने के लिए बसपा ने बुधवार को भारत बंद रखने का आह्वान किया था। सुबह नौ बजे एससी बहुल क्षेत्र नरीपुरा सहित अन्य क्षेत्रों से बसपा कार्यकर्ता हाथ में नीले झंडे लिए और नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट जाने के लिए निकले। लोगों को भी अपने साथ आने के लिए प्रोत्साहित करते दिखाई दिए। अलग−अलग क्षेत्रों से बसपा कार्यकर्ता तीन स्थानों पर जुटे, वहां से कलेक्ट्रेट पहुंचे। सुबह 11.30 बजे वर्षा होने के बाद भी कार्यकर्ताओं का जोश थमा नहीं। कलेक्ट्रेट में दोपहर 12.30 बजे तक प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर जमकर हंगामा काटा। इसके बाद भी प्रदर्शनकारियों के आने का सिलसिला चलता रहा, लेकिन पुलिस ने दोपहर 12.30 बजे के बाद कलेक्ट्रेट के अंदर प्रदर्शनकारियों को नहीं जाने दिया। गेट पर ही नारेबाजी कर बसपा कार्यकर्ता और उनके समर्थक लौट गए। 

शांतिपूर्ण रहा आंदोलन
इस बाबत डीसीपी सिटी सूरज राय ने कहा कि जो 02 अगस्त 2024 का सुप्रीम कोर्ट का आदेश है, उसके विरोध में बहुजन समाज पार्टी एवं अन्य संगठन विरोध में सड़कों पर उतरे थे। सभी लोग सड़कों पर उतरकर आदेश के खिलाफ नारेबाजी की। कई संगठनों ने राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी भानु चंद गोस्वामी को ज्ञापन सौंपा है। आंदोलन शांतिपूर्वक रहा। डीसीपी सिटी ने कहा कि इस दौरान शहर में कहीं भी किसी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है।   

Also Read

भजन-कीर्तन कार्यक्रम के दौरान दो गुटों में मारपीट, वीडियो वायरल

16 Sep 2024 04:56 PM

मैनपुरी मैनपुरी में गणेश पंडाल में हिंसक झड़प : भजन-कीर्तन कार्यक्रम के दौरान दो गुटों में मारपीट, वीडियो वायरल

नगर के आगरा रोड स्थित गणेश पंडाल में चल रहे धार्मिक कार्यक्रम के दौरान जमकर मारपीट हुई। घटना में कई लोग घायल हो गए। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने ... और पढ़ें