Firozabad News : 'एक युद्ध नशे के विरुद्ध' रैली में उमड़ी भीड़, जन-जन को जागरूक करने का संदेश...

'एक युद्ध नशे के विरुद्ध' रैली में उमड़ी भीड़, जन-जन को जागरूक करने का संदेश...
UPT | 'एक युद्ध नशे के विरुद्ध' रैली में उमड़ी भीड़।

Oct 25, 2024 09:46

महिला कल्याण विभाग की ओर से जनपद में 'एक युद्ध नशे के विरुद्ध' रैली का आयोजन तिलक इन्टर कॉलेज से लेकर अटल पार्क तक किया गया। रैली का शुभारम्भ उप्र राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष (दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री)...

Oct 25, 2024 09:46

Firozabad News : महिला कल्याण विभाग की ओर से जनपद में 'एक युद्ध नशे के विरुद्ध' रैली का आयोजन तिलक इन्टर कॉलेज से लेकर अटल पार्क तक किया गया। रैली का शुभारम्भ उप्र राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष (दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री) डॉ. देवेन्द्र शर्मा ने किया। इसमें जनपद के विभिन्न इन्टर कॉलेजों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट के बच्चे, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों, एएचटीयू प्रभारी, युवक मंगल दल, जनपद के खिलाड़ी बच्चे, नेहरू युवा केन्द्र के बच्चे समेत लगभग 6 हजार लोगों ने प्रतिभाग किया।

रैली में ये भी रहे मौजूद
जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, सहायक श्रमायुक्त, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी, अपर नगर आयुक्त नगर निगम, नगर शिक्षा अधिकारी, जिला कीड़ा अधिकारी, उप मुख्य चिकित्साधिकारी, क्षेत्राधिकारी नगर फिरोजाबाद, एसओ मटसैना, समस्त थानों के बाल कल्याण पुलिस अधिकारी, प्रभारी एएचटीयू/ एसजेपीयू, प्रधानाचार्य तिलक इन्टर कॉलेज, संरक्षण अधिकारी के साथ जिला बाल संरक्षण इकाई की पूरी टीम उपस्थित रही। जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में कार्यक्रम का आयोजन महिला कल्याण विभाग के कार्यालयाध्यक्ष जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा जिला बाल संरक्षण इकाई की टीम के माध्यम से कराया गया। तिलक इन्टर कॉलेज में जिला विद्यालय निरीक्षक और तिलक इन्टर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन अशोक अनुरागी ने किया। 

जन-जन को करें जागरूक​
रैली के शुभारम्भ से पूर्व उप्र राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश के समस्त जनपदों में 'एक युद्ध नशे के विरुद्ध' कार्यकम के माध्यम से अभियान की तरह चलाया जा रहा है। जिससे पूरे प्रदेश को नशा मुक्त कर सकें। जनपद फिरोजाबाद में एकत्रित प्रतिभागियों की इतनी अधिक संख्या को देखकर वह बहुत खुश हुए। उन्होंने सभी का आह्वान किया कि दीपावली के पर्व पर सभी लोग एक-एक दीपक नशे के विरुद्ध जलायेंगे तथा अपने सोशल नेटवर्क प्लेटफार्म इंस्टाग्राम, फेसबुक, ट्विटर एक्स, व्हाट्सअप आदि पर पोस्ट करते हुए आम जनमानस को जागरूक करेंगे। जिससे उत्तर प्रदेश की दीपावली जैसे रोशनी के पर्व पर भी 'एक युद्ध नशे के विरुद्ध' का सन्देश जन-जन तक पहुंच सके। रोशनी के इस पर्व पर नशे की आदत वाले व्यक्ति भी अपनी आंखों से नशे के पर्दे को उतार सकें और इस अभियान को और गति मिल सके।

अटल पार्क में संपन्न हुई रैली
रैली का शुभारम्भ करने के बाद डॉ. देवेन्द्र शर्मा रैली के साथ-साथ पैदल चलते हुए अटल पार्क फिरोजाबाद तक गये। अटल पार्क फिरोजाबाद में अध्यक्ष द्वारा सभी विभागों तथा रैली में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं व अन्य प्रतिभागियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि जनपद फिरोजाबाद को नशा मुक्त बनाये जाने के लिए जो भी आवश्यक कदम होंगे, वो उठाये जायेंगे। उन्होंने बाल संरक्षण इकाई की पूरी टीम की सफल आयोजन के लिये भूरि-भूरि प्रशंसा की। उसके उपरान्त अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रैली का समापन किया गया।

Also Read

महिलाओं को स्वच्छता के लिए जागरूक किया, सैनिटरी नैपकिन की जानकारी दी...

25 Oct 2024 03:15 PM

आगरा Agra News : महिलाओं को स्वच्छता के लिए जागरूक किया, सैनिटरी नैपकिन की जानकारी दी...

मण्डलायुक्त रितु माहेश्वरी की अध्यक्षता में आकांक्षा समिति की बैठक में प्रेरणा योजना के अन्तर्गत लड़ामदा बिचपुरी में स्थापित किए गये उद्यम इकाई में बनाए जा रहे सैनिटरी नैपकिन और उसकी पैकेजिंग के बाबत समीक्षा की गयी। महिलाओं में... और पढ़ें