भाजपा अनुसूचित वर्ग महासम्मेलन : जेपी नड्डा ने अंबेडकर प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, कहा- अंत्योदय की अवधारणा लाई भाजपा

UPT | जेपी नड्डा

Mar 07, 2024 21:07

भारतीय जनता पार्टी की तरफ से आगरा में आज बृहस्पतिवार को अनुसूचित वर्ग महासम्मेलन का आयोजन किया गया है। यह आयोजन कोठी मीना बाजार मैदान में किया...

Agra News : भारतीय जनता पार्टी की तरफ से आगरा में आज बृहस्पतिवार को अनुसूचित वर्ग महासम्मेलन का आयोजन किया गया है। यह आयोजन कोठी मीना बाजार मैदान में किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ पहुंचे। जहां भाजपा अध्यक्ष ने राम नगर पुलिया स्थित अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद वह मंच पर पहुंचे। जहां उन्होनें कहा कि राजनीतिक पार्टियों ने दलित, वंचित शोषित को सिर्फ वोट बैंक की दृष्टि से देखा और उनका उपयोग किया। कहा कि जब हम लोग सत्ता के कहीं आसपास भी नहीं थे। तभी हम लोगों ने कह दिया था जब तक समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का विकास नहीं होगा, तब तक समाज आगे नहीं बढ़ेगा। इसके साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि इसी को देखते हुए हम लोग अंत्योदय की अवधारणा लाए। तो उस समय कांग्रेस पूछ रही थी कि यह अंत्योदय क्या होता है?

सबका साथ सबका विकास की अवधारणा लाई भाजपा
जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कभी भी बाबा साहेब का सम्मान नहीं किया। कहा कि जब भारत रत्न संविधान निर्माता चुनाव लड़ने के लिए तैयार हुए तो कांग्रेस ने उनके सामने प्रत्याशी खड़ा कर दिया। तब उन्हें चुनाव लड़ने के लिए बंगाल जाना पड़ा। इसके आगे कहा कि कांग्रेस के राज में बाबा साहेब की तस्वीर लगाने के लिए भी जगह नहीं मिली। जब भाजपा की सरकार आई तब उनका चित्र लगाया गया। इसके आगे कहा कि दलितों, पिछड़ों की तस्वीर बदलने के लिए पीएम मोदी ने एक कदम और बढ़ाया। वह सबका साथ सबका विकास की अवधारणा लाए।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आगे बताया कि मोदी सरकार ने अनुसूचित जाति के विकास के लिए चल रही सभी योजनाओं का बजट 90 फीसदी बढ़ा दिया गया। छात्राओं को लाभ मिल सके, इसलिए योजना से माध्यम से स्कालरशिप की राशि बढ़ा दी। आगे कहा कि उज्ज्वला योजना से अनुसूचित जाति की सर्वाधिक महिलाओं को लाभ दिया गया। कहा कि आप सब लोग कहते हैं कि धारा 370 हट गई। धारा 370 हटने का मतलब है कि अब वहां के लोगों को भी आरक्षण मिलेगा। कहा कि आज जब हम अयोध्या जाते हैं तो सबसे पहले महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरेंगे। सबसे पहले महर्षि वाल्मीकि को देखेंगे, बाद में अन्य नगर को।

इसके साथ ही भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विपक्षी नेताओ पर हमला बोला है। जिसमें कहा कि कांग्रेस, सपा को दलित, वंचित, शोषित से को लेना देना नहीं है। इन्हें सिर्फ अपने परिवार को बचाने से मतलब है। उत्तर प्रदेश में अखिलेश, डिंपल और मुलायम परिवार की पार्टी है। बिहार में लालू की पार्टी परिवार की पार्टी है कि नहीं।

Also Read