बाराबंकी से बड़ी खबर : फैक्ट्री के डीजल टैंक में उतरे तीन श्रमिकों की दम घुटने से हुई मौत, जानें पूरा मामला 

UPT | पुलिस ने घटनास्थल की जांच की।

Sep 30, 2024 22:31

जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में भटेहटा गांव के पास पशु आहार बनाने वाली एक फैक्ट्री है। इसके अंदर एक डीजल का टैंक भी है। जानकारी के मुताबिक सोमवार शाम करीब 4:30 बजे एक श्रमिक टैंक साफ करने के लिए उतरा तो वापस नहीं आया।

Barabanki News : बाराबंकी के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम एक फैक्ट्री के डीजल टैंक में उतरे 3 श्रमिकों की दम घुटने से मौत हो गई। करीब 45 मिनट बाद प्रशासन को इसकी जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स और अधिकारी मौके पर पहुंचे। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 

क्या है पूरा मामला
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में भटेहटा गांव के पास पशु आहार बनाने वाली एक फैक्ट्री है। इसके अंदर एक डीजल का टैंक भी है। जानकारी के मुताबिक सोमवार शाम करीब 4:30 बजे एक श्रमिक टैंक साफ करने के लिए उतरा तो वापस नहीं आया। इसके बाद दूसरा और फिर तीसरा श्रमिक भी अंदर गया, लेकिन तीनों के वापस न आने पर अन्य श्रमिकों ने अंदर जाने की कोशिश की तो दम घुटता महसूस हुआ। पता चला कि अंदर गैस बन चुकी है।

टैंक की सफाई करने उतरे थे श्रमिक
सूचना मिलने के बाद फैक्ट्री का प्रबंध तंत्र सक्रिय हुआ और आनन-फानन में किसी तरह तीनों श्रमिकों को निकालकर देवा सीएचसी ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। थाना जहांगीराबाद प्रभारी निरीक्षक ने बताया की फैक्ट्री के टैंक में गैस बन जाने के कारण तीन लोगों की मौत हुई है। श्रमिक टैंक के अंदर सफाई करने गए थे। मृतकों की शिनाख्त नीलेश, सुनील और धर्मेंद्र के रूप में हुई। तीन लोगों की मौत के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। मृतकों में नीलेश 5 भाईयो में सबसे बड़ा था। इसका नवरात्रि में गंवना था। सीओ सिटी सुमित कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस में प्रशासन के अधिकारी मौके पर है। मामले की जांच की जा रही है। 

Also Read