गोरखपुर महोत्सव 2024 : 'तेरी मिट्टी में मिल जावां' से गायक बी प्रॉक लगाएंगे चार चांद, कल से शुरू हो रहे महोत्सव में दिखेगी गोरखपुर के इतिहास की झलक

Uttar Pradesh Times | गोरखपुर महोत्सव।

Jan 10, 2024 16:19

सांसद रवि किशन ने बताया कि शहर के चंपा देवी पार्क में 11 से 13 जनवरी तक चलने वाले गोरखपुर महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इको टूरिज्म की थीम पर होने वाले इस महोत्सव का शुभारंभ 11 जनवरी की सुबह प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह करेंगे। जबकि 13 जनवरी को समापन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे।

Short Highlights

- 11 से 13 जनवरी तक चंपा देवी पार्क में गोरखपुर महोत्सव का होगा आयोजन
- पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह करेंगे महोत्सव का उद्घाटन
- 13 जनवरी को समापन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे

Gorakhpur News (अमित श्रीवास्तव) : गोरखपुर महोत्सव 2024 का उद्घाटन बृहस्पितवार को पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह करेंगे। जबकि समापन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जाएगा। यह जानकारी सांसद रवि किशन और मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने मंगलवार को कमिश्नर सभागार में आयोजित प्रेस कॉफ्रेंस में दी। 

कल से शुरू होगा गोरखपुर महोत्सव
सांसद रवि किशन ने बताया कि शहर के चंपा देवी पार्क में 11 से 13 जनवरी तक चलने वाले गोरखपुर महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इको टूरिज्म की थीम पर होने वाले इस महोत्सव का शुभारंभ 11 जनवरी की सुबह प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह करेंगे। जबकि 13 जनवरी को समापन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। सांसद रवि किशन ने बताया कि इस बार का गोरखपुर महोत्सव राममय दिखेगा। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से होगी। साथ ही रामभजन का भी आयोजन किया जाएगा। 

अपने सुरों का जलवा बिखेरेंगे बॉलीवुड सिंगर
महोत्सव में बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक बी प्रॉक और कनिका कपूर अपने सुरों के जादू से सबको मंत्रमुग्ध करेंगी। 11 जनवरी की बॉलीवुड नाइट में बी प्रॉक 'तेरी मिट्टी में मिल जावा' गीत जब गाएंगे तो वहां का माहौल बिल्कुल बदल जाएगा। 12 जनवरी को भोजपुरी नाइट का दिन होगा। कल्पना पटवारी जहां अपनी प्रस्तुति देंगी। वहीं गोरखपुर के सांसद रवि किशन और अभिनेत्री आराधना सिंह और उनकी टीम लोक गीतों से महफिल में चार चांद लगाएंगे। भोजपुरी नाइट में आजमगढ़ के सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ भी अपने सुरों से सबको मंत्रमुग्ध कर देंगे। 

कवि सम्मेलन का भी होगा आयोजन
12 जनवरी को ही अनुपमा यादव अपनी भोजपुरी बैंड के साथ प्रस्तुति देंगी। इस दिन कवि सम्मेलन का भी आयोजन होगा। वहीं कनिका कपूर 13 जनवरी की बॉलीवुड नाइट में अपने सुरों का जलवा बिखेरेंगी। उनके 'ये दुनिया...ये पित्तल दी' गीत के लोग दीवाने हैं। सांसद रवि किशन ने बताया कि इस बार गोरखपुर महोत्सव में पहली बार 280 स्थानीय कलाकारों को मंच दिया जा रहा है। इसमें म्यूजिक इंट्रूमेंट्स बजाने वालों से लेकर, सोहर, कजरी, भोजपुरी, लोकनृत्य, फगुआ समेत सभी लोक कलाओं के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। इसमें सिर्फ गोरखपुर के ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों के भी कलाकार हिस्सा लेंगे।

पूरे देश में किया जा रहा प्रचार-प्रसार
सदर सांसद रवि किशन ने बताया कि इस बार का महोत्सव पहले से खास होगा। पहले के महोत्सव में जो कमियां रह गई थीं, उसे इस बार दूर करने का प्रयास किया गया है। साथ ही महोत्सव की विशेषताएं पूरे देश में पहुंचाने के लिए इसका व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। रेडियो, टीवी और होर्डिंग के माध्यम से इसे जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। 

गोरखपुर के इतिहास के बारे में देंगे जानकारी
कमिश्नर अनिल ढ़ीगरा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनी और विभिन्न विभागों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इसके जरिए यहां की धरोहरों, इतिहास, पर्यटन और विकास के बारे में लोगों को बताया जाएगा। आम जनता के लिए प्रवेश निशुल्क है। जबकि काफी संख्या में वीआईपी पास भी जारी किए गए हैं। ताकि किसी को असुविधा न हो।

इन कार्यक्रमों का होगा आयोजन
- 11 जनवरी को गोरखपुर महोत्सव का उद्घाटन समारोह चंपा देवी पार्क में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह करेंगे। इस दौरान शिंजिनी कुलकर्णी द्वारा गणेश वंदना और कथक नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। सबरंग कार्यक्रम के अंतर्गत स्थानीय कलाकारों द्वारा विभिन्न प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
- इसी दिन शाम 7 बजे सुरभि सिंह की ओर से शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद बॉलीवुड नाइट में प्रसिद्ध गायक बी प्राक अपने सुरों का जलवा बिखेरेंगे। 
- 12 जनवरी की सुबह 10 बजे से मुख्य मंच पर स्कूली बच्चों के कार्यक्रम शुरू होंगे।
- इसी दिन दोपहर में टैलेंट हंट के अंतर्गत चयनित कलाकारों द्वारा गायन एवं नृत्य की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके साथ ही लोकरंग कार्यक्रम के अंतर्गत स्थानीय स्तर के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। 
- 12 जनवरी की शाम 4 बजे से राष्ट्रीय स्तर के कवियों द्वारा कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
- इसी दिन सदर सांसद रवि किशन और आराधना सिंह एंड टीम द्वारा लोक गायन की प्रस्तुति दी जाएगी।
- 12 जनवरी की शाम 6 बजे से अनुपमा यादव द्वारा भोजपुरी बैंड का आयोजन किया जाएगा।
- इसी दिन रात 8 बजे से भोजपुरी नाइट में कल्पना पटवारी लोक गायन की प्रस्तुति देंगी। 
- 13 जनवरी को गोरखपुर महोत्सव के समापन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थित रहेंगे। इस दौरान सम्मान समारोह, महोत्सव स्मारिका का विमोचन किया जाएगा।
- इसी दिन शाम को सांसद रवि किशन द्वारा काव्य पाठ और पद्मश्री सुरेश वाडेकर द्वारा भजन प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही सबरंग कार्यक्रम के अंतर्गत स्थानीय स्तर के कलाकारों द्वारा विभिन्न प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसी दिन शाम को महोत्सव के मंच पर वनटांगिया ग्रामवासियों के द्वारा फैशन शो का भी आयोजन किया जाएगा।
- 13 जनवरी की रात 8 बजे बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर अपने सूरों का जलवा बिखेरेंगी।

यह भी कार्यक्रम होंगे
- 11 से 13 जनवरी के तक हर रोज शाम में बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में विभिन्न नाट्य/थियेटर कलाकारों के द्वारा 'लोकनायक तुलसीदास, राम की लीला, विवेकानंद कालिंग शिकागो लाइव, धम्म शरणम्, जब जागो तभी सवेरा, दुखवा में बीतल रतिया' नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे। 
- 11 से 17 जनवरी तक चंपा देवी पार्क में शिल्प प्रदर्शनी, कृषि प्रदर्शनी, उद्यान प्रदर्शनी, विज्ञान प्रदर्शनी, मंडलीय सरस मेला, पुरस्तक मेला के साथ-साथ विभिन्न सरकारी विभागों की प्रदर्शनी आयोजित की जाएंगी। लगभग 250 स्टॉल चंपा देवी पार्क में लगाए जाएंगे। 
- 11 से 13 जनवरी तक चंपा देवी पार्क में पर्यटकों के लिए फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे। 
- 11 से 17 जनवरी तक गोरखपुर महोत्सव में इस साल कृषि प्रदर्शनी के अंतर्गत कृषि विभाग द्वारा आधुनिक फार्मिंग के साथ अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों से किसान भाइयों को अवगत कराया जाएगा। इसी प्रकार उद्यान विभाग के द्वारा आधुनिक बागवानी से अवगत कराया जाएगा। शिल्प प्रदर्शनी में इस बार उत्तराखंड, राजस्थान, मध्यप्रदेश, असम सहित अन्य राज्यों से शिल्पी यहां हिस्सा लेंगे।
- 11 से 17 जनवरी तक प्रदेश के विभिन्न जनपदों से भी इस बार शिल्पी अपना स्टॉल लगाएंगे। इसमें सहारनपुर फर्नीचर, बनारसी साड़ी, खुर्जा पोट्री, भदोही की कालीन, लखनऊ चिकन आदि प्रमुख हैं। स्थानीय उत्पाद में टेराकोटा व रेडीमेड गारमेंट भी प्रदर्शित किए जाएंगे। 
- 11 से 17 जनवरी तक मंडलीय स्तर पर गोरखपुर मंडल में एनआरएमएल के अंतर्गत संचालित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों का विक्रय एवं प्रदर्शन किया जाएगा।
- 11 से 17 जनवरी तक पुस्तक मेला के अंतर्गत राजकमल प्रकाशन दिल्ली, लोकभारती प्रकाशन प्रयागराज, राजपाल एंड संस आदि सहित 17 प्रकाशनों द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा।
- 11 से 13 जनवरी तक यूथ पॉवर एसोसिएशन एवं महाराणा प्रताप बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा महोत्सव स्थल पर स्वच्छता एवं सामाजिक विषयों पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया जाएगा।
- 11 से 17 जनवरी तक चंपा देवी पार्क में सूरज मद्देशिया डमरू दल, आजमगढ़ द्वारा डमरू वादन एवं खजान सिंह नगाड़ा दल, मथुरा द्वारा ढोल-नगाड़ा वादन की प्रस्तुति की जाएगी। 
- 11 से 13 जनवरी तक गुरु गोरखनाथ के जीवन पर सचल प्रदर्शनी एवं स्वामी विवेकानंद के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन चंपा देवी पार्क में किया जाएगा।
- 11 से 17 जनवरी तक महंत दिग्विजयनाथ पार्क में पर्यटकों के लिए हॉट एअर बैलूनिंग और अन्य मनोरंजक खेलों का आयोजन किया जाएगा।
- 15 से 17 जनवरी तक चंपा देवी पार्क में गोरखपुर के स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 
 

Also Read