Bareilly News : उम्र कैद का बंदी जेल से फरार, पुलिस और बंदी रक्षक तलाश में जुटे

उम्र कैद का बंदी जेल से फरार, पुलिस और बंदी रक्षक तलाश में जुटे
UPT | फरार उम्र कैद के बंदी का फोटो

Oct 10, 2024 20:29

बरेली केंद्रीय कारागार (सेंट्रल जेल) जेल में हत्या के मामले में आजीवन कारावास (उम्र कैद) की सजा काट रहा बंदी जेल का सुरक्षा घेरा तोड़कर गुरुवार शाम करीब 4.30 बजे फरार हो गया।

Oct 10, 2024 20:29

Bareilly News : यूपी की बरेली केंद्रीय कारागार (सेंट्रल जेल) जेल में हत्या के मामले में आजीवन कारावास (उम्र कैद) की सजा काट रहा बंदी जेल का सुरक्षा घेरा तोड़कर गुरुवार शाम करीब 4.30 बजे फरार हो गया। इस मामले की सूचना पर सेंट्रल जेल के बंदी रक्षक और इज्जतनगर पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। मगर, देर रात तक कैदी का कुछ पता नहीं लगा है। इज्जतनगर थाने में उम्र कैद के बंदी की फरारी का मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। उम्र कैद का बंदी हरपाल गुरुवार करीब 4 बजे सेंट्रल जेल के बाहर कृषि फार्म में बंदी रक्षकों की निगरानी में ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहा था। मगर, उसने अचानक ट्रैक्टर रोक दिया। बंदी रक्षकों ने समझा कि ट्रैक्टर में कुछ खराबी है, लेकिन ट्रैक्टर बंद करते ही वह जंप लगाकर भाग गया।

बंदी रक्षकों ने किया पीछा 
ट्रैक्टर रोककर फरार बंदी रक्षकों ने उम्र कैद के फरार बंदी का पीछा किया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं लगा। पुलिस ने उसके घर पर भी दबिश दी। मगर, वह नहीं मिला। इसके बाद से सेंट्रल जेल के बंदी रक्षक और इज्जतनगर थाना पुलिस तलाश में जुटी है। मगर,बाकी बंदियों को सेंट्रल जेल की वैरिंग में भेज दिया गया है।



बंदी रक्षक और कारपाल के खिलाफ कार्रवाई तय
बरेली देहात के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के खनी नवादा गांव निवासी हरपाल (46 वर्ष) हत्या के मामले में सेंट्रल जेल में बंद था। उसको जिला जेल से जुलाई 2023 में सेंट्रल जेल शिफ्ट किया गया था। कोर्ट ने उसे आजीवन कारावास की सजा दी थी। वह ट्रैक्टर चला लेता था। इसलिए उसे सेंट्रल जेल से कृषि फार्म में काम करने के लिए लगाया गया था। मगर, वह गुरुवार को फरार हो गया। सेंट्रल जेल के वरिष्ठ अधीक्षक अविनाश गौतम ने बताया कि इस मामले में लापरवाह बंदी रक्षक और कारापाल की जांच की जा रही है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बंदी के सेंट्रल जेल से फरार होने की सूचना इज्जतनगर पुलिस को दी गई है।उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। आरोपी के परिजनों की मोबाइल कॉल पर निगाह रखी जा रही है।

Also Read