शाहजहांपुर के पिज्जा हब में मर्डर : गर्लफ्रेंड की हत्या के दो दिन बाद युवक ने किया सुसाइड, मरने से पहले वीडियो में कही ये बात

गर्लफ्रेंड की हत्या के दो दिन बाद युवक ने किया सुसाइड, मरने से पहले वीडियो में कही ये बात
UPT | शाहजहांपुर के पिज्जा हब में मर्डर

May 25, 2024 13:57

गर्लफ्रेंड की हत्या के आरोपी युवक ने दो दिन बाद पीलीभीत में खुदकुशी कर ली। शनिवार सुबह उसका शव एक पेड़ से लटका मिला। आरोपी ने सुसाइड से पहले एक वीडियो बनाया। इसमें कह रहा है कि उसने नर्स के साथ...

May 25, 2024 13:57

Pilibhit /Shahjahanpur News : शाहजहांपुर के एक रेस्टोरेंट (पिज्जा हब) में दो दिन पहले हुई नर्स की हत्या का मामला अभी ठंडा नहीं हुआ था कि शनिवार को उसके प्रेमी के सुसाइड करने की खबर आ गई। गर्लफ्रेंड की हत्या के आरोपी युवक ने दो दिन बाद खुदकुशी कर ली। शनिवार सुबह उसका शव पीलीभीत में एक पेड़ से लटका मिला। आरोपी शुभम शुक्ला ने सुसाइड से पहले एक वीडियो बनाया। इसमें कह रहा है कि उसने नर्स के साथ गलत काम किया है। इसलिए वह अब अपनी जान दे रहा है। पुलिस ने उस वीडियो को जब्त कर लिया है।

डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
इस मामले में पूरनपुर थाना प्रभारी संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि पंडरिया गांव का रहने वाला शुभम शुक्ला विवाहित था। डेढ़ साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। उसका 4 महीने का बेटा भी है। शनिवार को उसका शव घर से 500 मीटर दूर मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पिता राजेंद्र शुक्ला से भी थाने ले जाकर पूछताछ की गई है।

पिज्जा हब में हुई थी नर्स की हत्या
चौक कोतवाली के केरूगंज इलाके में एक रेस्टोरेंट (पिज्जा हब) में गुरुवार शाम एक युवती शुभम शुक्ला के साथ पिज्जा खाने आई थी। कुछ देर बाद शुभम शुक्ला तो वापस आ गया था लेकिन युवती नीचे नहीं उतरी थी। दो घंटे के बाद पिज्जा हब के मालिक अभिषेक कश्यप ने ऊपर जाकर देखा तो वहां बाथरूम में युवती का शव मिला। गला दबाकर उसकी हत्या की गई थी। रेस्टोरेंट मालिक ने पुलिस को इसकी सूचना दी। 

निजी अस्पताल में नर्स थी युवती
युवती एक निजी अस्पताल में नर्स थी। पुलिस के अनुसार रेस्टोरेंट में ही ऊपरी मंजिल पर कपल्स को बैठने की जगह दी जाती थी। इसके एवज में रेस्टोरेंट संचालक पैसा लेता था। एसपी अशोक कुमार ने बताया था कि युवती दोपहर में शुभम शुक्ला के साथ आयी थी। दोनों ने एक कमरा किराये पर लिया था। 

स्विच ऑफ था युवक का फोन
वारदात के बाद से ही शुभम फरार हो गया था। रेस्टोरेंट वालों ने जब उसको फोन किया तब फोन स्विच ऑफ आ रहा था। पुलिस को आशंका है कि घटना के बाद शुभम गांव में ही कहीं छिपा था। जब उसे लगा कि पुलिस उसे गिरफ्तार कर लेगी तो उसने खुदकुशी कर ली। खुदकुशी से पहले बनाया गया वीडियो पुलिस ने नहीं दिया है। माना जा रहा है कि शुभम ने इस वीडियो में अपना गुनाह कबूल कर लिया है। वह कह रहा है कि उसने नर्स के साथ गलत काम किया है। ऐसे में वह भी खुदकुशी कर रहा है।

एक दूसरे को पहले से ही जानते थे
शुरुआती जांच में पता चला है कि जिस लड़की की हत्या शुभम ने की थी वह भी पूरनपुर की रहने वाली थी। ये दोनों एक दूसरे को पहले से ही जानते थे। शुभम की शादी के बाद से दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। लड़की शाहजहांपुर में अपने मामा के घर रहकर एक अस्पताल में नर्स का काम करती थी। युवती के पिता ने शुभम पर रेप के बाद शुक्रवार को हत्या की एफआईआर दर्ज कराई थी। 

Also Read

बंदरों ने छत पर रखा पत्थर गिराया तो युवक के माथे पर जा गिरा, सिर फटने से मनोज की हुई मौत

6 Oct 2024 02:00 AM

पीलीभीत पीलीभीत में बंदरों का आतंक : बंदरों ने छत पर रखा पत्थर गिराया तो युवक के माथे पर जा गिरा, सिर फटने से मनोज की हुई मौत

जिले के करेली थाना क्षेत्र के गांव बमरोली का रहने वाले 35 वर्षीय मनोज कुमार पुत्र रामरतन मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता... और पढ़ें