ग्रेटर नोएडा के बाद कानपुर में भी खुली अव्यवस्थाओं की पोल : गीली आउटफील्ड की वजह से तीसरे दिन का खेल भी धुला

गीली आउटफील्ड की वजह से तीसरे दिन का खेल भी धुला
UPT | तीसरे दिन का खेल भी रद्द।

Sep 29, 2024 21:16

भारत और बांग्लादेश के बीच जारी दूसरे टेस्ट मुकाबले के तीसरे दिन का खेल एक भी गेंद खेले बिना रद्द हो गया। इससे पहले दूसरे दिन बारिश के चलते खेल नहीं हो सका था। हैरानी की बात यह है कि तीसरे दिन बारिश नहीं हुई।

Sep 29, 2024 21:16

Short Highlights
  • टेस्ट ड्रॉ समाप्त होने की स्थिति में भारत को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिए नुकसान उठाना पड़ेगा
  • टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलने के लिए भारत को आगामी न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के साथ श्रृंखला हर हालत में जीतनी होंगी
India-Bangladesh Test Match : भारत और बांग्लादेश टीम के बीच कानपुर टेस्ट मैच के तीसरे दिन रविवार को एक भी ओवर का खेल नहीं हो पाया। बीते दिन हुई भारी बारिश के चलते आउटफील्ड काफी काफी गीला  था, ऐसे में मैच कराना संभव नहीं था। इससे दर्शकों में काफी निराशा रही। तीसरे दिन स्टम्प तक बांग्लादेश का पहली पारी में स्कोर तीन विकेट पर 107 रन है। मोमिनुल हक 40 और मुश्फिकुर रहीम 6 रन पर नाबाद हैं। 

बारिश न होने के बावजूद तीसरे दिन का खेल हो गया रद्द
भारत और बांग्लादेश के बीच जारी दूसरे टेस्ट मुकाबले के तीसरे दिन का खेल एक भी गेंद खेले बिना रद्द हो गया। इससे पहले दूसरे दिन बारिश के चलते खेल नहीं हो सका था। हैरानी की बात यह है कि तीसरे दिन बारिश नहीं हुई। यहां तक कि धूप भी खिली लेकिन कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम को खेलने के लायक नहीं बनाया जा सका। यह पहला मौका नहीं है जब बारिश टेस्ट मैच की विलेन बनी है। हाल ही में अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड की टीमें ग्रेटर नोएडा में एकमात्र टेस्ट मुकाबले के लिए आई थी। हालांकि, बारिश की वजह से यह मुकाबला बिना खेले रद्द हो गया था। इस दौरान भी अव्यवस्थाओं के कारण मैदान को सुखाया नहीं जा सका था। अब यही हाल कानपुर का भी है।
कानपुर में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में अब तक आठ सत्र का खेल नहीं हुआ है। तीसरे दिन खेल की उम्मीद थी।
रविवार होने के कारण टिकटों की बिक्री भी हो गई थी। मौसम खुशनुमा देख बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम भी पहुंच गए, लेकिन उन्हें निराश होना पड़ा। शनिवार की रात हुई बारिश के चलते मैदान पर बिछे कवर पर पानी भर गया। सुबह बारिश नहीं हुई। इसके बाद कवर को हटा दिया गया। कुछ देर बाद पिच के कवर भी हटा दिए गए। सुबह 10 बजे अंपायर रिचर्ड कैटलबरो और क्रिस ब्राउन ने निरीक्षण किया। दोनों ने मैदान के कई हिस्से गीले पाए। अंपायरों ने अगला निरीक्षण दोपहर 12 बजे रखा। इस दौरान लगा कि खेल हो जाएगा, क्योंकि बादल साफ हो चुके थे। मैदान को सुखाने के लिए तीन सुपर सॉपर और सौ से अधिक कर्मियों को लगाया, लेकिन इसे सुखाया नहीं जा सका। जिससे दर्शक काफी निराश नजर आए।

पानी की निकासी की व्यवस्था सही नहीं थी
अंपायरों ने तीसरा निरीक्षण दोपहर दो बजे रखा। इस दौरान मैदान पर धूप खिली हुई थी और पिच भी हरी दिख रही थी, लेकिन दोनों अंपायरों ने इस निरीक्षण के बाद तीसरे दिन के खेल को रद्द करने का फैसला लिया। यहां प्रशंसकों को काफी निराशा हुई। अंपायरों ने गेंदबाजी के छोर को खेलने लायक नहीं पाया, जिसके चलते उन्होंने खेल का जोखिम नहीं लिया। पानी की निकासी की सही व्यवस्था नहीं होने के कारण मैदान के कई हिस्सों को सुखाया नहीं जा सका। हैरानी की बात यह रही कि बारिश के दौरान पूरे मैदान को ढका गया। बावजूद इसके मैदान काफी गीला हो गया।

ड्रॉ होने पर भारत को हो सकता है नुकसान
तीन दिन खेल नहीं होने के कारण इस टेस्ट मैच में परिणाम की संभावनाएं काफी कम हैं। टेस्ट ड्रॉ समाप्त होने की स्थिति में भारत को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिए नुकसान उठाना पड़ेगा। बांग्लादेश से दो टेस्ट की सीरीज 2-0 से जीतने पर भारत का टेस्ट चैंपियनशिप में शीर्ष स्थान और मजबूत होता, लेकिन टेस्ट ड्रॉ रहने से उसे नुकसान उठाना होगा। टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलने के लिए भारत को आगामी न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के साथ श्रृंखला हर हालत में जीतनी होंगी।

बांग्लादेशी कप्तान ने जताई निराशा
बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतों ने भी तीसरे दिन का खेल नहीं होने पर निराशा जताई। शांतों ने कहा कि एक खिलाड़ी के तौर पर निश्चित रूप से यह निराशाजनक स्थिति है, लेकिन हम इसमें कुछ नहीं कर सकते। यह हमारे नियंत्रण से बाहर है। शांतो ने कहा कि विकेट अच्छा है, लेकिन चुनौती यह है कि खेल बारिश के कारण नहीं हो रहा है। उन्हें लगता है कि जब खेल शुरू होगा तो इस पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं होगा, क्योंकि इसे लंबे समय से धूप नहीं लगी है।

Also Read