मुख्यमंत्री का निर्देश :  अगले 72 घंटे में पूरा करें कांवड़ यात्रा मार्गों की मरम्मत का काम

अगले 72 घंटे में पूरा करें कांवड़ यात्रा मार्गों की मरम्मत का काम
UPT | बैठक करते सीएम योगी आदित्यनाथ

Jul 17, 2024 20:56

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों की बुधवार को समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए...

Jul 17, 2024 20:56

Lucknow News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों की बुधवार को समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले 72 घंटों में कांवड़ यात्रा मार्गों की मरम्मत का शेष कार्य पूरा किया जाए। उन्होंने यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सहायता शिविरों की स्थापना पर जोर दिया।

मार्ग मरम्मत और साफ-सफाई पर जोर
मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग और नगर विकास विभाग को निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा से संबंधित सभी जिलों की सड़कों की मरम्मत का बचा हुआ काम अगले 72 घंटों में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि पूरे कांवड़ यात्रा मार्ग की साफ-सफाई कराई जाए और यह व्यवस्था पूरे माह चलनी चाहिए। कहीं भी गंदगी या जलभराव नहीं होना चाहिए।

प्रकाश व्यवस्था और सुविधाएं
योगी ने यात्रा मार्ग पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट्स लगाई जाएं और ट्रांसफॉर्मर की उचित व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के लिए सहायता शिविर लगाने का भी आदेश दिया, जहां शीतल पेयजल और शिकंजी की व्यवस्था होगी।

सुरक्षा और निगरानी 
योगी ने गाजियाबाद, मेरठ, बरेली, अयोध्या, बस्ती, प्रयागराज, काशी, बाराबंकी जैसे शहरी क्षेत्रों में स्थित शिवालयों में भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन मंदिर प्रबंधन से संपर्क कर भीड़ नियंत्रण की योजना बनाए। योगी ने कांवड़ शिविर लगाने वालों का सत्यापन करने और यात्रा मार्ग की ड्रोन से निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, "प्रमुख अवसरों पर कांवड़ियों का स्वागत पुष्पवर्षा से किया जाएगा।"

डीजे और शोर नियंत्रण
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कांवड़ियों को तय मानकों के अनुसार डीजे बजाने की अनुमति है, लेकिन डीजे की ऊंचाई एक निर्धारित सीमा से अधिक नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने गंगनहर में मृत जानवरों के प्रवाह की समस्या पर गंभीर चिंता व्यक्त की और इसे तत्काल रोकने का आदेश दिया। योगी ने सभी संबंधित विभागों को इस पावन यात्रा की सफलता सुनिश्चित करने के लिए समन्वित प्रयास करने का निर्देश दिया।  इस महत्वपूर्ण बैठक में जलशक्ति, नगर विकास, ऊर्जा और लोक निर्माण विभाग के मंत्री एवं राज्य मंत्रिगण भी उपस्थित थे।

Also Read

यूपी में पांच पीपीएस अफसरों का तबादला, योगेन्द्र कुमार बने डीएसपी अयोध्या

14 Sep 2024 07:54 PM

लखनऊ PPS Transfer : यूपी में पांच पीपीएस अफसरों का तबादला, योगेन्द्र कुमार बने डीएसपी अयोध्या

उत्तर प्रदेश शासन ने प्रांतीय पुलिस सेवा के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) स्तर के पांच अफसरों का शनिवार रात तबादला कर दिया। और पढ़ें