उपचुनाव को लेकर सीएम योगी ने मंत्रियों से लिया फीडबैक : हफ्ते में दो दिन विधानसभा क्षेत्र में बितानी होगी रात

हफ्ते में दो दिन विधानसभा क्षेत्र में बितानी होगी रात
UPT | विधानसभा उपचुनाव को लेकर मंत्रियों से चर्चा करते सीएम योगी आदित्यनाथ

Jul 17, 2024 20:13

बैठक के बाद बाहर निकलते हुए कैबिनेट सुरेश खन्ना ने मीडियाकर्मियों के सवाल पर कहा कि आज खास तौर से उपचुनाव को लेकर बैठक हुई थी और इसी पर चिंतन मनन हुआ। उन्होंने दावा किया कि जिस प्रकार से भाजपा ने आजमगढ़ और रामपुर में जीत दर्ज की थी, उसी प्रकार से सभी 10 सीटों पर हमारे उम्मीदवार विजयी होंगे।

Jul 17, 2024 20:13

Short Highlights
  • सुरेश खन्ना ने बैठक के बाद सभी 10 सीटें जीतने का किया दावा
  • स्वतंत्र देव सिंह बोले-उपचुनाव सहित अन्य मुद्दों पर हुई चर्चा 
Lucknow News : यूपी में विधानसभा की 10 रिक्त सीटों के सियासी माहौल से लेकर सभी पर जीत दर्ज करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को प्रभारी मंत्रियों से मुलाकात की और उनका फीडबैक लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बैठक में हर विधानसभा को लेकर गठित समूह से अलग-अलग उनके क्षेत्र का हाल जाना। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरफ से सभी दसों समूह को ये निर्देश दिए गए कि जब तक उपचुनव खत्म नहीं हो जाए तब तक उन्हें अपने प्रभारी क्षेत्र में हफ्ते में दो दिन तक रात्रि विश्राम करना है। मुख्यमंत्री ने प्रभारी मंत्रियों से कहा कि हर समूह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करके बात करे। साथ ही बूथ को मजबूत करने में सबसे ज्यादा फोकस किया जाए। 

ईमानदार और जिताऊ प्रत्याशी का ही किया जाए चयन
कहा जा रहा है कि बैठक में बोला गया कि ईमानदार और जिताऊ प्रत्याशी का ही चयन किया जाए। सिफारिश करने वाले उम्मीदवार को किसी भी हालत में टिकट नहीं दिया जाए। बैठक में उपचुनाव वाले क्षेत्रों में जातिगत समीकरणों पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही विपक्षी दल के संभावित उम्मीदवारों के नाम पर भी मंत्रियों ने अपनी बात रखी। मंत्रियों ने संबंधित विधानसभा को लेकर स्थानीय समीकरणों का भी जिक्र किया। 

मंत्री बोले- उपचुनाव को लेकर हुई चर्चा 
बैठक के बाद बाहर निकलते हुए कैबिनेट सुरेश खन्ना ने मीडियाकर्मियों के सवाल पर कहा कि आज खास तौर से उपचुनाव को लेकर बैठक हुई थी और इसी पर चिंतन मनन हुआ। उन्होंने दावा किया कि जिस प्रकार से भाजपा ने आजमगढ़ और रामपुर में जीत दर्ज की थी, उसी प्रकार से सभी 10 सीटों पर हमारे उम्मीदवार विजयी होंगे। वहीं कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव​ सिंह ने कहा कि उपचुनाव को लेकर बैठक में चर्चा हुई है। इसके साथ ही बाढ़ सहित विकास से संबंधित अन्य मुद्दों पर भी विचार विमर्श किया गया।

लोकसभा चुनाव में हार का जवाब उपचुनाव में जीत से देने की तैयारी
यूपी में लोकसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के बाद योगी सरकार का फोकस उपचुनाव पर है। सीएम योगी आदित्यनाथ की कोशिश है कि उपचुनाव की सभी 10 सीटों पर जीत हासिल करके विपक्ष को जवाब दिया जा सके। इसके लिए उन्होंने इसकी कमान अपने हाथों में ले ली है। उन्होंने सभी 10 सीटों पर प्रदेश के मंत्रियों को लगाया है। इनमें कैबिनेट और राज्यमंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी है। इन्हें कार्यकर्ताओं से बेहतर तालमेल कर हर बूथ पर भाजपा उम्मीदवार की जीत तय करने को कहा गया है। हालांकि अभी उपचुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने कार्यक्रम घोषित नहीं किया है। लेकिन, इससे पहले ही तैयारियों के स्तर पर सीएम योगी आदित्यनाथ कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते। इसलिए प्रत्याशियों की घोषणा से भी पहले उन्होंने मंत्रियों को इस काम में लगा दिया है। 

उपचुनाव के लिए पूरी तैयारी से सभी लोग जुट जाएं
सीएम योगी आदित्यनाथ प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कह चुके हैं कि सभी 10 विधानसभाओं के उपचुनाव में भी भाजपा का परचम लहराएगा। इसके लिए हमें अभी से जुट जाना है। यही हमारा संकल्प आज से होना चाहिए। जिले में मेयर से लेकर पार्षद तक हमारा है। एक-एक व्यक्ति को जुटना होगा, ब्लॉक प्रमुख, चेयरमैन, महापौर, जिला पंचायत सदस्य, विधायक, एमएलसी, राज्यसभा सांसद और लोकसभा सांसद को मिलकर संकल्प को पूरा करना है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिन लोगों को आज उछल कूद करने का अवसर मिला है, वो दोबारा उछल कूद नहीं कर पाएंगे। 

विधानसभावार मंत्रियों को दी गई जिम्मेदारी
विधानसभा                        प्रभारी मंत्री (कैबिनेट)                               प्रभारी (राज्यमंत्री)
मीरापुर                               अनिल कुमार                                            सोमेंद्र तोमर, केपी मलिक
कुंदरकी                              धर्मपाल सिंह                                            जेपीएस राठौर, जसवंत सिंह और गुलाब देवी
गाजियाबाद                          सुनील शर्मा                                              बृजेश सिंह, कपिलदेव अग्रवाल
खैर (अनुसूचित जाति)            लक्ष्मीनारायण चौधरी                                  संदीप सिंह
मिल्कीपुर (अनुसूचित जाति)    सूर्यप्रताप शाही                                         मयंकेश्वर सिंह, गिरीश यादव और सतीश शर्मा
कटेहरी                                स्वतंत्र देव सिंह, संजय निषाद                      दयाशंकर सिंह
मझवा                                  अनिल राजभर, आशीष पटेल                     रविंद्र जायसवाल, रामकेश निषाद
करहल                                 जयवीर सिंह, योगेंद्र उपाध्याय                     अजीत पाल सिंह
सीसामऊ                              सुरेश खन्ना                                              नितिन अग्रवाल
फूलपुर                                 राकेश सचान                                          दयाशंकर सिंह

राज्यपाल से मुलाकात करेंगे सीएम योगी आदित्यनाथ
इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज राज्यपाल आनंनीबेन पटेल से मुलाकात करेंगे। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री आज शाम 6 बजे राज्यपाल से मिलने राजभवन जाएंगे।

Also Read

यूपी में पांच पीपीएस अफसरों का तबादला, योगेन्द्र कुमार बने डीएसपी अयोध्या

14 Sep 2024 07:54 PM

लखनऊ PPS Transfer : यूपी में पांच पीपीएस अफसरों का तबादला, योगेन्द्र कुमार बने डीएसपी अयोध्या

उत्तर प्रदेश शासन ने प्रांतीय पुलिस सेवा के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) स्तर के पांच अफसरों का शनिवार रात तबादला कर दिया। और पढ़ें