Lucknow News : उद्यान मंत्री के गेट पर अपशब्द लिखने के मामले में कांग्रेस प्रदेश महासचिव सहित अन्य पर एफआईआर

उद्यान मंत्री के गेट पर अपशब्द लिखने के मामले में कांग्रेस प्रदेश महासचिव सहित अन्य पर एफआईआर
UPT | प्रियंका गांधी पर टिप्पणी से नाराज कांग्रेसियों ने मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के आवास के गेट पर लिखे अपशब्द

Oct 18, 2024 07:07

मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को लेकर सोशल मीडिया पर एक टिप्पणी की थी, जो कांग्रेस नेताओं को नागवार गुजरी। इसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री के घर के बाहर पहुंचकर नेमप्लेट पर कालिख पोती और गेट पर आपत्तिजनक शब्द लिखे।

Oct 18, 2024 07:07

Lucknow News : उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के सरकारी आवास के गेट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के आपत्तिजनक शब्द लिखे जाने के बाद कानूनी कार्रवाई की गई है। गौतमपल्ली थाने में कांग्रेस नेता अनिल यादव समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मंत्री के घर के गेट पर आपत्तिजनक शब्द लिखे जाने और नेमप्लेट पर कालिख पोतने के इस मामले ने राजनीतिक सरगर्मियों को और बढ़ा दिया है।

प्रियंका गांधी पर टिप्पणी बनी विवाद का कारण
मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को लेकर सोशल मीडिया पर एक टिप्पणी की थी, जो कांग्रेस नेताओं को नागवार गुजरी। इसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री के घर के बाहर पहुंचकर नेमप्लेट पर कालिख पोती और गेट पर आपत्तिजनक शब्द लिखे। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करते दिख रहे थे।



एफआईआर में कांग्रेस नेता अनिल यादव नामजद
एडीसीपी मध्य मनीषा सिंह के अनुसार, मंत्री के सुरक्षाकर्मी की शिकायत पर कांग्रेस के प्रदेश संगठन महासचिव अनिल यादव और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घटना के बाद से मंत्री के आवास पर सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है।

प्रियंका गांधी को वायनाड से उम्मीदवार बनाए जाने पर मंत्री ने की टिप्पणी
दरअसल प्रियंका गांधी को वायनाड लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाए जाने के बाद इस प्रकरण की शुरुआत हुई। राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद इस सीट पर पार्टी ने प्रियंका गांधी को उम्मीदवार बनाया, जिससे कांग्रेस के अंदर और बाहर हलचल मच गई। योगी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की इस मुद्दे पर की गई टिप्पणी ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया। उन्होंने तंज कसा, 'अन्ततः लड़की लड़ नहीं पाई और भाग ही गई वहां जहां लड़ना न पड़े। बूढ़ी जो हो गई।' प्रियंका गांधी यूपी में चुनाव के दौरान 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' का नारा दे चुकी हैं।

भाजपा पर लगाया महिला विरोधी मानसिकता का आरोप
मंत्री की टिप्पणी पर नाराज कांग्रेस ने भाजपा पर महिलाओं के प्रति अपमानजनक व्यवहार का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार के मंत्री महिलाओं के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे उनकी सोच स्पष्ट होती है। पार्टी अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं और मंत्री दिनेश प्रताप सिंह जैसे नेता इसका जीता जागता उदाहरण हैं।

मंत्री आवास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिनेश प्रताप सिंह के आवास पर जोरदार प्रदर्शन किया। नेमप्लेट पर कालिख पोतने के साथ-साथ गेट पर 'चोर-बेईमान' लिखा गया। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। लेकिन, कांग्रेसी नहीं माने। अनिल यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि प्रियंका गांधी पर कोई भी अभद्र टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। घटना के बाद मंत्री आवास के कर्मचारी तुरंत हरकत में आए और गेट पर गाड़ी खड़ी कर दी गई, जिससे आपत्तिजनक शब्द नजर नहीं आए। इसके बाद नेमप्लेट पर लिखे आपत्तिजनक शब्दों को अखबार से ढक दिया गया और तुरंत पेंटर बुलाकर रंगाई कराई गई।

अजय राय ने साधा निशाना
प्रियंका गांधी के खिलाफ की गई टिप्पणी के बाद कांग्रेस ने आक्रामक रुख अपनाते हुए भाजपा और दिनेश प्रताप सिंह पर तीखा हमला बोला है। अजय राय ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं का अपमान आम बात हो गई है, और ऐसे नेताओं को मंत्री बनाए रखना भाजपा की मानसिकता को दर्शाता है।
 

Also Read

एनडीए-इंडिया की लड़ाई को बसपा ने बनाया त्रिकोणीय, अखिलेश ने इस वजह से दिखाया बड़ा दिल

18 Oct 2024 09:33 AM

लखनऊ यूपी उपचुनाव के नामांकन आज से शुरू : एनडीए-इंडिया की लड़ाई को बसपा ने बनाया त्रिकोणीय, अखिलेश ने इस वजह से दिखाया बड़ा दिल

इस बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव आज इंडिया अलायंस की बैठक में शामिल होने के लिए मुंबई पहुंच रहे हैं। इस बैठक में महाराष्ट्र में सीटों के बंटवारे पर चर्चा होगी। बैठक में अखिलेश यादव के साथ अबू आजमी और अन्य नेता भी रहेंगे।  एनसीपी शरद गुट, शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट और... और पढ़ें