सहकारी समिति के चुनाव में बवाल : भाजपा विधायक पर पर्चा लूटने का आरोप, पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं पर किया लाठीचार्ज

भाजपा विधायक पर पर्चा लूटने का आरोप, पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं पर किया लाठीचार्ज
UPT | हंगामे के दौरान मौके पर मोर्चा संभालती पुलिस।

Sep 12, 2024 23:26

लखीमपुर खीरी के फूड़बेहड़ सहकारी समिति के चुनाव में भाजपा विधायक पर नामांकन पर्चा लूटने का आरोप लगाया गया। इस घटना के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस को हस्तक्षेपकरना पड़ा और अंततः लाठीचार्ज किया गया।

Sep 12, 2024 23:26

Lakhimpur Kheri News : लखीमपुर खीरी के फूड़बेहड़ सहकारी समिति के चुनाव में गुरुवार को भारी बवाल हो गया, जब भाजपा विधायक मंजू त्यागी पर नामांकन पर्चा लूटने का आरोप लगाया गया। इस घटना के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस को हस्तक्षेपकरना पड़ा, और अंततः लाठीचार्ज किया गया। इस दौरान सपा के कई कार्यकर्ताओं और पूर्व विधायक राम सरन को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया।

नामांकन प्रक्रिया में हुई गड़बड़ी का आरोप
घटना का केंद्र लखीमपुर खीरी में हो रहे सहकारी समिति के चुनाव थे, जहां 9 सदस्यों के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही थी। चुनाव के लिए नामांकन का अंतिम समय शाम 4 बजे तक था, लेकिन सपा नेताओं का आरोप था कि चुनाव अधिकारी समय पर नहीं पहुंचे, जिससे नामांकन प्रक्रिया में बाधा आई।

सपा नेताओं का कहना था कि सुबह 9 बजे आरओ (रिटर्निंग ऑफिसर) शिरीष त्रिपाठी को फूड़बेहड़ समिति पर पहुंचना था, लेकिन वह समय पर नहीं आए और उनका फोन भी बंद था।सपा के जिला अध्यक्ष रामपाल यादव ने इस मामले में जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और कार्रवाई की मांग की।

पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की
शाम 4 बजे के करीब सपा कार्यकर्ता फूड़बेहड़ बी पैक्स सहकारी समिति पर पहुंचे, जहां पर्चा दाखिल करने के दौरान सपा और पुलिस के बीच टकराव हो गया। सपा के पूर्व विधायक राम सरन और विनय तिवारी ने पुलिस पर सत्ता पक्ष के इशारों पर काम करने और चुनाव में धांधली कराने का आरोप लगाया। पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन माहौल बिगड़ता चला गया। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की होने लगी, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान कई सपा कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर मारा गया। 

विधायक मंजू त्यागी पर पर्चा लूटने का आरोप
सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक मंजू त्यागी ने आरओ की टेबल से जबरन पर्चा उठाया और बाहर ले गईं। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें मंजू त्यागी को आरओ की टेबल से पर्चा उठाते हुए देखा जा सकता है। विधायक मंजू त्यागी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया और सपा नेताओं पर चुनाव में धांधली करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ता बार-बार कमरे में घुसकर उनके कार्यकर्ताओं से पर्चा छीन रहे थे, और उन्हें इस गड़बड़ी की सूचना मिली तो वह कमरे में गई थीं। उन्होंने किसी पर्चे को न छीना और न फाड़ा। मंजू त्यागी ने सपा पर गुंडागर्दी का आरोप लगाते हुए कहा कि वह वीडियो भी लाया जाए, जिसमें सपा कार्यकर्ता गुंडागर्दी कर रहे थे।

सपा के आरोप और भाजपा का जवाब
सपा के पूर्व विधायक सुनील लाला ने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक ने आरओ से उनका पर्चा छीन लिया। उन्होंने कहा कि जब उनके उम्मीदवारों का पर्चा जमा हो गया था, तब पुलिस ने सत्ताधारी नेताओं के साथ मिलकर पर्चे गायब करवा दिए। वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने सपा पर पलटवार करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता जबरन सहकारी समिति में घुसकर अराजकता फैला रहे थे। उन्होंने सपा पर गुंडागर्दी का आरोप लगाया और कहा, "जहां लाल टोपी होती है, वहां गुंडागर्दी होती है।"

अखिलेश यादव की कड़ी प्रतिक्रिया
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यूपी में गुंडई का राज चल रहा है। अखिलेश ने ट्वीट कर कहा, "लखीमपुर के श्रीनगर विधानसभा से भाजपा विधायक मंजू त्यागी ने गन्ना समिति के चुनाव का पर्चा SDM के हाथ से छीन लिया और तेजी से भाग गईं। उन्होंने सवाल किया कि योगी सरकार का बुलडोजर अब कहां चला गया है? क्या यही है सुरक्षा व्यवस्था और निष्पक्ष चुनाव? अखिलेश ने योगी सरकार पर आरोप लगाया कि सत्ता के मद में भाजपा नेताओं की गुंडागर्दी यूपी में खुलकर चल रही है और इसका संरक्षण खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर रहे हैं।

भाजपा और सपा के बीच टकराव और भी गहरा हो गया 
यह घटना लखीमपुर खीरी की राजनीति में एक बड़ी हलचल पैदा कर चुकी है। चुनावों में धांधली और प्रशासन की निष्क्रियता के आरोपों के बीच भाजपा और सपा के बीच टकराव और भी गहरा हो गया है। जहां एक ओर भाजपा अपने कार्यकर्ताओं पर लगे आरोपों को खारिज कर रही है, वहीं दूसरी ओर सपा निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग कर रही है। 

Also Read

बोलीं- बसपा को गंभीर हालात का मिल सकता है लाभ

19 Sep 2024 01:23 PM

लखनऊ मायावती ने उपचुनाव से पहले किए संगठन में फेरबदल : बोलीं- बसपा को गंभीर हालात का मिल सकता है लाभ

बसपा सुप्रीमो ने कहा कि खासकर बेरोजगारी की घातक समस्या को दूर करने के लिए रोटी-रोजी आदि के मामले में सरकार के दावों को अगर थोड़ी देर के लिए मान भी लिया जाए तो यह यूपी की विशाल आबादी के हिसाब से ऊंट के मुंह में जीरा की मिसाल से ज्यादा कुछ भी नहीं है। और पढ़ें