भाजपा की सूची पर आज लगेगी मुहर : केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक दिल्ली पहुंचे, सपा-कांग्रेस के समीकरण ने फंसाया पेंच

केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक दिल्ली पहुंचे, सपा-कांग्रेस के समीकरण ने फंसाया पेंच
UPT | UP By Election

Oct 23, 2024 13:37

फूलपुर सीट के समीकरण के अलावा भाजपा की सहयोगी निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद की मांगें भी सूची के जारी होने में देरी की अहम वजह बनी हैं। संजय निषाद दो सीटों की मांग कर रहे हैं और इसी को लेकर वे दिल्ली में डटे हुए हैं।

Oct 23, 2024 13:37

Lucknow News : प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशियों की सूची नए सिरे से मंथन होने के कारण जारी नहीं की जा सकी है। मंगलवार को उम्मीदवारों के नामों की घोषणा तय मानी जा रही थी। लेकिन, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच बदलते समीकरणों ने भाजपा नेतृत्व इस पर पुनर्विचार के लिए जुट गया। खासतौर पर प्रयागराज की फूलपुर सीट पर सपा-कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग की चर्चा के चलते भाजपा की सूची रुकी हुई है। आज पर इस अंतिम मुहर लगने की संभावना है।

फूलपुर सीट पर समीकरण बदलने का असर
बताया जा रहा है कि समाजवादी पार्टी ने पहले फूलपुर सीट से अल्पसंख्यक उम्मीदवार मुस्तफा सिद्दकी को उतारने का निर्णय लिया था। हालांकि, अब यह सीट कांग्रेस को देने की चर्चा है, जिससे भाजपा ने अपनी रणनीति पर पुनर्विचार किया है। इस बदलाव को देखते हुए भाजपा नेतृत्व ने अपनी सूची रोक ली है और नए समीकरणों के आधार पर निर्णय करने के लिए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक को दिल्ली बुला लिया गया।



पिछड़े और मुस्लिम वोट बैंक का संतुलन
सूत्रों के मुताबिक सपा के मुस्लिम उम्मीदवार उतारने के बाद भाजपा भी फूलपुर सीट पर पिछड़े वर्ग से किसी उम्मीदवार को उतारने का विचार कर रही थी। लेकिन, अगर यह सीट कांग्रेस को जाती है और वे गैर-मुस्लिम उम्मीदवार उतारते हैं, तो भाजपा भी उसी अनुसार अपने उम्मीदवार का चयन करेगी। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए, भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने सूची पर अंतिम निर्णय को टाल दिया है।

डिप्टी सीएम केशव मौर्य की इसलिए है अहम भूमिका
फूलपुर सीट का प्रभार उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के पास है। इसलिए इस बदले हुए राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा करने के लिए उन्हें दिल्ली बुलाया गया। चूंकि नामांकन प्रक्रिया के लिए अब केवल दो दिन शेष हैं, इसलिए अब उम्मीद की जा रही है कि भाजपा की सूची आज जारी की जा सकती है।

भाजपा के शीर्ष नेतृत्व में चर्चा
बताया जा रहा है कि दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य व ब्रजेश पाठक और प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के साथ देर रात तक बैठक कर सूची को अंतिम रूप दिया है। जिन सीटों पर प्रत्याशी तय हो चुके हैं, उन उम्मीदवारों को फोन कर नामांकन की तैयारियों के लिए कहा गया है।

संजय निषाद की वजह से सूची जारी होने में देरी
फूलपुर सीट के समीकरण के अलावा भाजपा की सहयोगी निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद की मांगें भी सूची के जारी होने में देरी की अहम वजह बनी हैं। संजय निषाद दो सीटों की मांग कर रहे हैं और इसी को लेकर वे दिल्ली में डटे हुए हैं। मंगलवार को देर शाम भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ उनकी बैठक हुई, जिसमें उन्होंने अपनी मांगें रखीं। अब निषाद पार्टी के साथ सीटों के बंटवारे पर सहमति बनने के बाद भाजपा की सूची जारी कर दी जाएगी।
 

Also Read

उच्च तकनीक से पकड़े जाएंगे अवैध खनन, 6 जनपदों में क्षेत्र चिन्हित

23 Oct 2024 09:03 PM

लखनऊ Lucknow News : उच्च तकनीक से पकड़े जाएंगे अवैध खनन, 6 जनपदों में क्षेत्र चिन्हित

प्रदेश में अवैध खनन की पहचान और रोकथाम के लिए अधिकारी माला श्रीवास्तव ने फोटो जियोलॉजी एवं रिमोट सेंसिंग प्रयोगशाला का संचालन किया है। और पढ़ें