योगी सरकार का तीन अफसरों पर बड़ा एक्शन : बिना बताए विदेश गए, जांच में टालमटोल और भ्रष्टाचार के आरोप

बिना बताए विदेश गए, जांच में टालमटोल और भ्रष्टाचार के आरोप
UPT | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

Aug 15, 2024 00:23

बताया जा रहा है कि आगरा मंडल के उप महानिरीक्षक निबंधन और उपायुक्त स्टांप राम अकबाल सिंह की कार्यशैली को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। वह बिना विभागीय अवकाश के नेपाल चले गए थे।

Aug 15, 2024 00:23

Lucknow News : प्रदेश में स्टांप और रजिस्ट्रेशन विभाग ने अपने तीन वरिष्ठ अधिकारियों पर कड़ा एक्शन लिया है। बिना अनुमति विदेशों की सैर करने पर डीआईजी स्टांप राम अकबाल सिंह को आगरा से हटाकर मुख्यालय संबद्ध कर दिया है। इसके साथ ही जांच को लेकर टालमटोल रवैया अपनाने वाले अपर महानिरीक्षक को भी पद से हटा दिया गया है। इसके अलावा भ्रष्टाचार के आरोप में सहायक महानिरीक्षक सुनीता बाजपेयी के खिलाफ भी एक्शन लिया गया है।

कार्यशैली पर उठे रहे थे सवाल
बताया जा रहा है कि आगरा मंडल के उप महानिरीक्षक निबंधन और उपायुक्त स्टांप राम अकबाल सिंह की कार्यशैली को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। वह बिना विभागीय अवकाश के नेपाल चले गए थे। वहीं विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र लिए बिना उन पर थाईलैंड जाने के भी आरोप थे। आगरा मंडल की कमिश्नर रितु महेश्वरी ने बिना अनुमति विदेश यात्रा के मामले में उनकी शिकायत की थी। हालांकि सामने आया कि बाद में थाईलैंड यात्रा की एनओसी मिल गई थी। 

जांच में लापरवाही का भुगतना पड़ा खामियाजा
इसके अलावा उनके खिलाफ अनियमितताओं को लेकर भी जांच जारी थी। ऐसे में राम अकबाल सिंह को प्रयागराज मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। राम अकबाल सिंह पर लगे आरोपों की जांच अपर महानिरीक्षक निबंधन (पश्चिमी क्षेत्र) मुनीन्द्र सक्सेना को सौंपी गई थी। इसके अलावा उनके पास जांच के कई अन्य मामले भी थे। कहा जा रहा है कि वह जांच में रिपोर्ट सौंपने में काफी देर कर रहे थे। ऐसे में उनके टालमटोल रवैये के कारण आरोपी अधिकारियों पर एक्शन नहीं लिया जा पा रहा था। साथ ही सभी मामले पेंडिंग थे।इस बार प्रमुख सचिव लीना जौहरी ने उन्हें भी मुख्यालय से अटैच कर दिया है। 

भाजपा विधायक ने की थी शिकायत
वहीं भाजपा विधायक राम फेरन पांडेय ने श्रावस्ती की सहायक महानिरीक्षक निबंधन और सहायक आयुक्त स्टांप सुनीता बाजपेयी पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे। विधायक ने इस प्रकरण को लेकर स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन मंत्री रवीन्द्र जायसवाल से लिखित में शिकायत की थी। इसके बाद उन्हें प्रयागराज मुख्यालय से संबद्ध कर लखनऊ कैम्प कार्यालय स्थित उप महानिरीक्षक निबंधन को जांच के निर्देश दिए गए हैं। आईजी स्टांप डॉ. रूपेश कुमार ने जांच रिपोर्ट पेश करने के लिए उन्हें 15 दिन का वक्त दिया है। स्टांप और रजिस्ट्रेशन विभाग में इन तीन वरिष्ठ अधिकारियों पर कार्रवाई को लेकर बेहद चर्चा है। उधर सरकार की ओर से इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टालरेंस नीति के तहत उठाया कदम बताया जा रहा है। 

Also Read

साइकिल की दुकान में लगी आग, लाखों रुपए का हुआ नुकसान

16 Sep 2024 11:00 PM

रायबरेली Raebareli News : साइकिल की दुकान में लगी आग, लाखों रुपए का हुआ नुकसान

सोमवार देर शाम रायबरेली के शहर कोतवाली क्षेत्र के गुरु तेग बहादुर मार्केट (सुपर मार्केट) में एक साइकिल की दुकान में अज्ञात कारण से भयंकर... और पढ़ें