नीरज चोपड़ा ने फिर रचा इतिहास : पावो नूरमी खेलों में जीता गोल्ड मेडल, भाला फेंक स्पर्धा में दिखाया दम

पावो नूरमी खेलों में जीता गोल्ड मेडल, भाला फेंक स्पर्धा में दिखाया दम
UPT | नीरज चोपड़ा।

Jun 18, 2024 23:54

नीरज ने मंगलवार को 85.97 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ गोल्ड मेडल जीता। यह नीरज के लिए काफी शानदार शुरुआत थी, जिन्होंने आठ एथलीटों के बीच अपनी फिटनेस और फॉर्म का शानदार नमूना पेश किया।

Jun 18, 2024 23:54

New Delhi News : ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए फिनलैंड के प्रतिष्ठित पावो नूरमी खेलों में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीत लिया है। नीरज ने मंगलवार को 85.97 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ गोल्ड मेडल जीता। यह नीरज के लिए काफी शानदार शुरुआत थी, जिन्होंने आठ एथलीटों के बीच अपनी फिटनेस और फॉर्म का शानदार नमूना पेश किया। नीरज के अलावा फिनलैंड के टोनी केरानेन ने 84.19 मीटर के थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहकर रजत पदक और ओलिवियर हेलांडर ने 83.96 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ कांस्य पदक जीता। नीरज ने यहां पर 2022 में 89.30 मीटर थ्रो के साथ रजत पदक जीता था। प्रतिष्ठित विश्व एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल गोल्ड टूर इवेंट के 2023 संस्करण से चूकने के बाद नीरज ने पिछले महीने ही इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का फैसला किया था।
ऐसे किया प्रतियोगिता में प्रदर्शन
टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा सबसे पहले थ्रो करने आए और उन्होंने पहली ही बार में 83.62 मीटर का थ्रो किया। विश्व चैंपियन नीरज की यह खराब शुरुआत नहीं थी। नीरज एंडरसन पीटर्स से आगे रहे जिन्होंने पहली बार में 82.58 मीटर का थ्रो किया। दूसरे प्रयास में नीरज ने 83.45 मीटर का थ्रो किया जो उनके शुरुआती प्रयास से बेहतर नहीं था। दूसरे प्रयास के बाद नीरज पिछड़ गए थे और ओलिवियर हेलांडर ने बढ़त बना ली थी। ओलिवियर ने दूसरे प्रयास में 83.96 मीटर का थ्रो किया था। इससे नीरज दूसरे स्थान पर खिसक गए थे। 

तीसरे प्रयास में नीरज ने की वापसी
दूसरे प्रयास में पिछड़ने के बाद हालांकि नीरज ने तीसरे प्रयास में शानदार वापसी की और 85.97 मीटर का थ्रो कर बढ़त हासिल कर ली। नीरज का यह सर्वश्रेष्ठ थ्रो रहा। नीरज आठ भाला फेंक एथलीटों में एकमात्र खिलाड़ी रहे जिन्होंने 85 मीटर के थ्रो को पार किया। वहीं ओलिवियर अपने तीसरे प्रयास में 83 मीटर के पार भी नहीं जा सके और उन्होंने 82.60 मीटर का थ्रो किया। तीसरा प्रयास समाप्त होने के बाद नीरज ने अपनी बढ़त बनाए रखी। 

अंत तक बरकरार रखी बढ़त
नीरज ने चौथे प्रयास में 82.21 मीटर का थ्रो किया। नीरज का यह इस मुकाबले का सबसे कमजोर थ्रो रहा, लेकिन इससे उनकी बढ़त पर कोई फर्क नहीं पड़ा क्योंकि अन्य कोई एथलीट उनके सर्वश्रेष्ठ थ्रो के करीब भी नहीं पहुंच सका। इस तरह नीरज ने चौथे प्रयास के समाप्त होने के बाद भी अपनी बढ़त को बरकरार रखा। नीरज पांचवें प्रयास में फाउल कर बैठे, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस प्रयास में भी कोई नीरज को पीछे नहीं छोड़ सका और पांचवें प्रयास की समाप्ति के बाद भी टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता इस खिलाड़ी की बादशाहत बरकरार रही। पांचवें प्रयास में आंद्रियन मारडारे ही 82 मीटर के थ्रो को पार कर सके, जबकि नीरज सहित तीन खिलाड़ियों ने फाउल किया। हालांकि, छठे प्रयास में नीरज ने 82.97 मीटर का थ्रो किया। दिलचस्प बात यह रही कि अंतिम प्रयास में नीरज और मैक्स डेहिंग ही सफल प्रयास कर सके, जबकि अन्य सभी खिलाड़ियों ने फाउल किया। 

प्रतिष्ठित 90 मीटर क्लब के सबसे कम उम्र के सदस्य जर्मनी के मैक्स डेहिंग का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। माना जा रहा था कि वह नीरज चोपड़ा को कड़ी टक्कर देंगे, लेकिन उन्होंने पहले प्रयास में 79.84 मीटर का थ्रो किया, जबकि दूसरे प्रयास में फाउल कर बैठे। उन्होंने तीसरा प्रयास नहीं किया और चौथे प्रयास में 79.04 मीटर का थ्रो ही कर सके। इसके बाद उन्होंने पांचवें प्रयास में भी फाउल किया और छठे प्रयास में 77.81 मीटर का थ्रो फेंका। 

Also Read

UP समेत 4 राज्यों में छापेमारी, टेरर फंडिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई

5 Oct 2024 11:44 AM

नेशनल एक्शन मोड में NIA : UP समेत 4 राज्यों में छापेमारी, टेरर फंडिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई

राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, असम और दिल्ली में 22 ठिकानों पर एक साथ छापा मारा है।इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य टेरर फंडिंग मामलों में शामिल संदिग्धों का पता लगाना है। और पढ़ें