Agra News : मूसलाधार बारिश और चंबल नदी के उफान से बाढ़ का खतरा, 38 गांवों में दहशत

UPT | बाढ़ का खतरा

Sep 13, 2024 20:09

मध्य प्रदेश और राजस्थान में हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब आगरा के देहात में दिखाई दे रहा है। आगरा के पिनाहट से गुजर रही चंबल नदी का जल स्तर 125 पर पहुंच गया है जिसके बाद आगरा प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। डीएन भानु चंद्र गोस्वामी ने अधीनस्थों को ग्रामीणों को हर संभव सहायता प्रदान करने की दिशा निर्देश दिए हैं...

Agra News : आगरा में जहां एक तरफ मूसलाधार बारिश हो रही है, वहीं दूसरी तरफ राजस्थान से आने वाली चंबल नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण बाह क्षेत्र के पिनाहट के करीब तीन दर्जन गांवों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। चंबल का जलस्तर 125 मीटर को पार कर चुका है, जिसके चलते ग्रामीणों को अपने घर छोड़कर पशुओं के साथ पलायन करने पर मजबूर होना पड़ रहा है। स्थिति को देखते हुए राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग और सिंचाई विभाग अलर्ट मोड पर हैं और लगातार नजर बनाए हुए हैं।

चंबल नदी में जलस्तर बढ़ा, ग्रामीणों में दहशत
ताजनगरी आगरा के बाह क्षेत्र के 38 गांवों के लोग चंबल नदी के बढ़ते जलस्तर से भयभीत हैं। राजस्थान और मध्य प्रदेश में हो रही भारी बारिश के कारण बांध ओवरफ्लो हो गए हैं, जिससे चंबल नदी का जलस्तर तेजी से बढ़कर 125 मीटर तक पहुंच गया है। कोटा बैराज से छोड़े गए पानी के कारण पिछले दो दिनों में चंबल नदी का जलस्तर लगभग 10 मीटर बढ़ गया है। चंबल नदी का चेतावनी स्तर 127 मीटर है, जबकि खतरे का स्तर 130 मीटर पर है। 

बाढ़ का खतरा, कछार की खेती डूबी
पिछले पांच दिनों में करीब 10 मीटर पानी बढ़ने से चंबल नदी का पानी किनारे के नालों, रास्तों और खादर क्षेत्र में भर गया है, जिससे कछार की खेती एक बार फिर बाढ़ की चपेट में आ गई है। बाढ़ की आहट से नदी किनारे के 38 गांवों के लोग सहमे हुए हैं और अपने जान-माल की सुरक्षा के लिए परेशान हैं। वन विभाग ने नदी क्षेत्र और खादर इलाके में चरवाहों को न जाने की सख्त हिदायत दी है। 

मगरमच्छ और घड़ियाल को लेकर चेतावनी जारी
चंबल नदी में मगरमच्छ और घड़ियालों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। रेंजर उदय प्रताप सिंह ने बताया कि नदी के किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों के खतरे को लेकर विभाग पूरी तरह सतर्क है। 

प्रशासन ने दी गांव खाली करने की हिदायत 
एसडीएम बाह, सृष्टि ने जानकारी दी कि चंबल नदी में बढ़ते जलस्तर के कारण सीमावर्ती गांवों के सभी निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है। प्रशासन द्वारा ऊंचे स्थलों पर शेल्टर होम की व्यवस्था की गई है और लोगों को वहां शरण लेने के लिए हिदायत दी गई है। इसके साथ ही, राजस्व विभाग को भी सतर्क कर दिया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। 

सिंचाई विभाग की निगरानी जारी
सिंचाई विभाग के अधिकारी लगातार चंबल नदी के जलस्तर पर नजर रख रहे हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों को भी प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।

Also Read