Mathura News : ट्रैक्टर मिक्सर में घुसी रोडवेज बस, एक मजदूर की मौत, पांच की हालत नाजुक

UPT | थाना जमुनापार

Jun 28, 2024 02:16

बुधवार देर रात राया से मथुरा आ रही रोडवेज बस ट्रैक्टर मिक्सर से टकरा गई। ट्रैक्टर में बैठे मजदूर घायल हो गए। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई जबकि पांच घायल हैं।

Mathura News : थाना जमुनापार क्षेत्र के अंतर्गत रोडवेज बस ने ट्रैक्टर मिक्सर में टक्कर मार दी। ट्रैक्टर पर सवार आधा दर्जन मजदूर घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। जहां एक की मौत हो गई। यह हादसा बुधवार देर रात हुआ। 

ट्रैक्टर में सवार थे छह मजदूर
अलीगढ़ से मथुरा आ रही अलीगढ़ डिपो की बस दीवाना कलां रेलवे फाटक के पास आगे जा रहे ट्रैक्टर मिक्सर में जा घुसी। इसमें छह मजदूर सवार थे। सभी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची थाना जमुनापार पुलिस ने घायलों को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से सभी को गंभीर हालत के चलते निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घायल मजदूरों में जमुनापार थाना क्षेत्र के गांव गौसना निवासी राजपाल की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि गौसना निवासी नरेश और कल्याणपुर निवासी अशोक गंभीर रूप से घायल हैं। अन्य तीन की पहचान नहीं हो सकी है। होश में आने पर पुलिस पूछताछ कर उनके नाम-पते स्पष्ट करेगी।

बस चालक भाग गया
इंस्पेक्टर जमुनापार छोटेलाल ने बताया कि बस चालक भाग गया है। बस में यात्री सवार थे। लेकिन हादसे के बाद सभी अन्य वाहनों से चले गए। इस कारण यह पता नहीं चल पाया है कि बस में कौन यात्री घायल हुआ है। परिवहन निगम के अधिकारियों को हादसे की सूचना दे दी गई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि बस चालक को झपकी आ गई होगी, इसी कारण वह आगे जा रहे ट्रैक्टर मिक्सर से टकरा गई।

Also Read