Ram Mandir Pran Pratishtha: चांदी के कलश में यमुना जल और ब्रज रज लेकर अयोध्या रवाना हुईं साध्वी ऋतंभरा,वात्सल्य ग्राम में उत्सव का माहौल

Uttar Pradesh times | यमुना जल और ब्रज रज के साथ साध्वी ऋतंभरा

Jan 18, 2024 15:37

साध्वी ऋतंभरा राम लला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए आज अयोध्या रवाना हुईं। अयोध्या जाने से पहले उन्होंने वृंदावन सर्व मंगला मंदिर में यमुना जल और ब्रज रज का पूजन किया। इसके बाद दोनों कलशों को राम ध्वजा के साथ लेकर वह अयोध्या के लिए रवाना हुईं।

Short Highlights
  • स्कूली बैंड और भगवा ध्वज के बीच से निकलते हुए साध्वी ऋतम्भरा सर्व मंगला मंदिर पहुंची
  • साध्वी ऋतंभरा को आचार्य विष्णु कांत शास्त्री और आचार्य मृदुल कांत शास्त्री ने पूजा अर्चना कराई
Mathura News : अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले भगवान राम लला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए साध्वी ऋतंभरा गुरुवार को कान्हा की नगरी वृंदावन से रवाना हुईं। रवाना होने से पहले उन्होंने वात्सल्य ग्राम में बने मंदिर में यमुना जल और ब्रज रज की पूजा की। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना करने के बाद भगवान राम की जय जयकार के साथ अयोध्या के लिए वह रवाना हुईं। 

भगवान राम की भक्ति में सराबोर
साध्वी ऋतम्भरा के अयोध्या रवाना होने से पहले वात्सल्य ग्राम में उत्सव का माहौल रहा। यहां महिला और स्कूली छात्राओं ने ढोल की धुन पर जमकर नाच गाना किया। भगवान राम की भक्ति में सराबोर भक्तों की आस्था को ठंड भी न डिगा सकी। भक्त भगवान राम की जय जयकार करते हुए मस्ती में नाच गा रहे थे। 

वात्सल्य ग्राम के मुख्य द्वार पर भव्य स्वागत
सजी धजी गाड़ी में साध्वी ऋतंभरा जब वात्सल्य ग्राम के मुख्य द्वार पर पहुंची तो राम भक्तों और उनके अनुयायियों ने पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। स्कूली बैंड और भगवा ध्वज के बीच से निकलते हुए साध्वी ऋतम्भरा आश्रम में बने मंदिर सर्व मंगला मंदिर पहुंची। जहां उन्होंने ब्रज रह और यमुना जल की पूजा की। सर्व मंगला मंदिर पहुंचने पर साध्वी ऋतंभरा को आचार्य विष्णु कांत शास्त्री और आचार्य मृदुल कांत शास्त्री ने पूजा अर्चना कराई। वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य साध्वी ऋतंभरा ने चांदी के कलशों में रखे यमुना जल और ब्रज रज का पूजन किया। इसके बाद दोनों कलशों को राम ध्वजा के साथ लेकर वह अयोध्या के लिए रवाना हुईं।

Also Read