बदायूं से बड़ी खबर : चार बच्चों ने चूरन समझकर खाया जहरीला पदार्थ, मचा कोहराम

UPT | अस्पताल में पूछताछ करती पुलिस

Apr 07, 2024 17:05

बदायूं जिले से हैरान करने वाली बड़ी खबर सामने आई है। जहां खेल-खेल में चार बच्चों ने गेंहू में रखा जाने वाला जहरीला पदार्थ उठा लिया और उसे चूरन समझ कर खा लिया। जैसे ही बच्चों ने यह जहरीला पदार्थ खाया...

Badaun News : बदायूं जिले से हैरान करने वाली बड़ी खबर सामने आई है। जहां खेल-खेल में चार बच्चों ने गेंहू में रखा जाने वाला जहरीला पदार्थ उठा लिया और उसे चूरन समझ कर खा लिया। जैसे ही बच्चों ने यह जहरीला पदार्थ खाया उनकी तबियत खराब होनी शुरू हो गई। यह देख परिनजों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में चारों मासूम बच्चों को गंभीर हालत में नजदीकी सीएचसी ले जाया गया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

यह है पूरा मामला
यह पूरा मामला बदायूं जिले के थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के नगर पंचायत मुडिया धुरेकी गांव का बताया जा रहा है। जहां में रविवार को चार मासूम बच्चों ने खेलते वक्त गेंहू में रखा जाने वाला जहरीला पदार्थ बाहर पड़ा देख उसको चूरन समझ कर चाट लिया। बच्चों द्वारा इस जहरीले पदार्थ को चाटते ही उनकी हालत बिगड़ने लगी। परिजनों को जब इस बारे में पता चला तो कोहराम मच गया है। जिसके बाद आनन-फानन में चारों मासूम बच्चों को हालत बिगड़ने के चलते बिसौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से चारों मासूम बच्चों की हालत गंभीर देखते हुए डाॅक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उनका उपचार चल रहा है।

गांव में खेल रहे थे बच्चे
प्राप्त जानकारी के मुताबिक रविवार की सुबह थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव मुडिया धुरेकी निवासी सईद का चार वर्षीय पुत्र जैद और दो वर्षीय पुत्री अनबिया गांव राकेश की तीन वर्षीय पुत्री संध्या व डेढ वर्षीय पुत्र रामा खेल रहे थे। बताया गया कि गांव में ही किसी ने गेहूं निकालकर सुखाने के लिए रखे हुए थे। इन गेंहू को घुन से बचाने के लिए रखा जाने वाला जहरीला पदार्थ भी वहीं पड़ा हुआ था। इन चारों बच्चों ने वह जहरीला पदार्थ उठाया और उसे चूरन समझ कर चाट लिया। बच्चों की हालत बिगड़ती देख परिजनों में हाहाकार मच गया। उन्होंने देखा कि पास में वह जहरीला पदार्थ भी पड़ा हुआ था। यह देख सबके होश उड़ गए। इसके बाद सभी बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीएचसी पर तैनात डाॅक्टर मुरलीधर आर्य का कहना है कि चारों बच्चों को संदिग्ध हालत में विषाक्त पदार्थ खाने की बात परिजनों बताई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं थानाध्यक्ष फैजगंज बेहटा वेदपाल सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जाच पड़ताल की जा रही है।

Also Read