बरेली में अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट मामला : छह मौतों का जिम्मेदार कौन, हादसे के बाद पटाखा फैक्ट्रियों की तलाश, दिवाली से पहले स्टॉक बढ़ाने लगे दुकानदार

UPT | घायलों हाल जानने अस्पताल पहुंचे सपा नेता अमित यादव।

Oct 03, 2024 20:10

पटाखा फैक्ट्री में धमाके की वजह सिलेंडर फटने से बारूद से भरे कमरे में आग लगने को बताई जा रही है। इसमें दो बच्चों समेत छह लोगों की मौत हो गई। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा मुखिया अखिलेश यादव ने शोक व्यक्त किया।

Bareilly News : बरेली देहात के सिरौली थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में एक पटाखा फैक्ट्री में बुधवार को हुए धमाके में 6 लोगों की जान चली गई थी। जबकि तीन लोगों गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के बाद इंस्पेक्टर को लाइन हाजिर कर दिया गया तो वहीं दो सब इंस्पेक्टर समेत 4 पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। लेकिन सवाल यह है कि इस हादसे के लिए जिम्मेदार कौन है। अगर प्रशासन समय से नहीं चेता तो इससे बड़े भी हादसे हो सकते हैं। क्योंकि पटाखा फैक्ट्रियां दिवाली को लेकर स्टॉक कर रही हैं। इसमें तमाम अवैध फैक्ट्री भी हैं। 

पटाखा फैक्ट्री में धमाके की वजह सिलेंडर फटने से बारूद से भरे कमरे में आग लगने को बताई जा रही है। इसमें दो बच्चों समेत छह लोगों की मौत हो गई। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा मुखिया अखिलेश यादव ने शोक व्यक्त किया। इसके अलावा यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, अगम मौर्य, अमित सिंह यादव ने घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद पोस्टमार्टम हाउस में पीड़ित परिवार से मिलकर सांत्वना दी। जिला अस्पताल में घायलों का भी हाल जाना।

11 दिन पहले भी दर्ज हुई रिपोर्ट
इस हादसे में घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस मामले में आरोपी नासिर के खिलाफ 11 दिन पहले सिरौली थाने में छत पर विस्फोट फटने पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी। अगर, उस समय पुलिस जांच कर लेती, तो यह हादसा नहीं होता। पुलिस ने गुरुवार को सभी शव का पोस्टमार्टम कराया है। गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से मातम छाया हुआ है।

भाई की ससुराल में लगाई थी फैक्ट्री
आरोपी नासिर ने अपने भाई नाजिम की ससुराल कल्याणपुर में पटाखा फैक्ट्री लगाई थी। इसमें मकान के बेसमेंट और पहली मंजिल पर ससुराल वाले रह रहे थे, दूसरी मंजिल पर पटाखा बनाने का गोदाम बना लिया। बुधवार शाम नासिर की पत्नी सितारा, नाजिम की पत्नी फातिमा, रहमान शाही की पत्नी फातिमा रहमान शाह और बेटे वाहिद की पत्नी तबस्सुम पटाखा बना रहे थे। इस दौरान सिलेंडर में आग लगने से उसकी दूसरी मंजिल पर पहुंच गई। वहां रखे पटाखों और बारूद के ढेर में आग लगने से आग और धुएं का गुबार उठने लगा। 

तेज धमाके से मकान ध्वस्त
इसके बाद पटाखे से धमाके होने लगे। इस धमाके से इसरार, पप्पू शाह, मोहम्मद अहमद और रूखसार के कच्ची ईटों के बने मकान भी ढह गए। अचानक धमाके से क्षेत्र में दहशत फैल गई। इसकी आवाज दो किमी तक दूर सुनी गई थी। जिसने भी आवाज सुनी, वह कुछ देर के लिए कुछ समझ नहीं पाया। लोग कांप गए। इसके बाद गांव के लोग घटना स्थल पर पहुंचे। वहां का नजारा देख कर उनके होश उड़ गए।

कई जगह बन रहे अवैध तरीके से पटाखे
देहात ही नहीं, शहर के कई इलाकों में भी चोरी-छिपे अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे है। सूत्रों के मुताबिक फरीदपुर में भी अवैध रूप से पटाखों को बनाने का काम चल रहा है। इसके साथ ही सुभाषनगर, हजियापुर, सतीपुर, पुराना शहर, कटी कुईया, बदायूं रोड आदि जगह अवैध रूप से पटाखें बनाने का काम किया जा रहा है। 

कोचिंग जाने से बची जान
मृतक छह लोगों में से एक शव वाहिद की पत्नी और उसके दो बेटों का है। उसका तीसरा बेटा हादसे का शिकार होने से बच गया। वह उस दौरान कोचिंग पढ़ने गया था। अगर, वह भी घर में होता, तो हादसे का शिकार हो सकता था। मगर, उसकी किस्मत ने साथ दिया। उसकी जिंदगी बच गई।

सुतली बम किए जाते हैं तैयार
दिवाली पर सुतली बम की सबसे अधिक डिमांड होती है। उन्हें तेज आवाज वाले बम चाहिए। यह पटाखे शहर में बगैर लाइसेंस के चोरी चुपे बनाए जाते हैं। इसमें गिल्ली बम और सुतली बम की काफी डिमांड रहती है। इसकी आवाज कान फाड़ने वाली होती है। इनको बगैर नाम से पैकिंग कर बेचा जाता है।

शव की पहचान में दिक्कत
पटाखों के धमाके से शव की हालत बहुत ही खराब हो गई है। इस कारण उनकी पहचान करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नीना के भाई मोहम्मद आविद ने बहुत ही मुस्किल से शव की पहचान की। बच्चों के शव भी पूरी तरह विक्षिप्त हो चुके थे।

जानें क्या बोले एसएसपी
बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि सिरौली में  धमाके को लेकर इस मामले में थाना सिरौली में सात लोगों के खिलाफ बीएनएस के तहत विस्फोटक अधिनियम, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें नासिर शाह, उसके चार भाई, ससुर रहमान शाह, वाहिद के नाम शामिल हैं। सभी कि गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। घायलों का उपचार चल रहा है।

Also Read