Bareilly News : सर्राफ को गोली मारने वालों का ‘हाफ इनकाउंटर’, दो बदमाश दबोचे गए, मुठभेड़ में एक दारोगा भी घायल

UPT | एनकाउंटर के बाद का फोटो

Sep 30, 2024 21:18

बरेली देहात के आंवला कोतवाली थाना क्षेत्र के एक सर्राफ को गोली मारने वाले जाने माने बदमाशों को पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर...

Bareilly News : यूपी के बरेली देहात के आंवला कोतवाली थाना क्षेत्र के एक सर्राफ को गोली मारने वाले जाने माने बदमाशों को पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। दोनों बदमाशों की दोनों टांगों में गोलियां लगी हैं। इसमें एक दारोगा भी घायल हुए हैं।



एसपी सिटी मानुष पारिख ने बताया कि मुठभेड़ में घायल और पकड़े गए बदमाशों के लम्बे चौड़े क्राइम रिकार्ड हैं। बीते कई दिनों से सर्राफ के साथ हुई घटना को लेकर व्यापारियों में भारी रोष था। आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। इसके साथ ही फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है।

बदमाशों पर फायरिंग का आरोप
आंवला पुलिस का कहना है कि आंवला के मोहल्ला बाग वख्शी निवासी सर्राफा व्यापारी की गोली मारने की घटना में सम्मिलित दो लोगों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। आंवला कोतवाली पुलिस बदायूं रोड पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक पर दो लोग आते दिखे। उन्हें रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में दोनों के पैरों में गोली लगी।

डॉक्टर ने बरेली जिला अस्पताल किया रेफर 
दोनों घायलों को आंवला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेजा गया। मगर, वहां डॉक्टर न होने पर उन्हें भमोरा भेजा गया। यहां से उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया। घायल आरोपियों में बदायूं जिले के कादरचौक थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव निवासी बजरुल था। यह वर्तमान में बदायूं के बजीरगंज थाना क्षेत्र के सैदपुर में रहता है। बदायूं जिले के उझानी थाना क्षेत्र के मनकापुर गांव निवासी लईक हैं। उक्त बदमाशों के खिलाफ जनपद बदायूं के कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। 

पुलिस चौकी से मात्र सौ मीटर पर दिया था घटना को अंजाम 
कुछ दिन पहले आंवला पुलिस चौकी से मात्र सौ मीटर दूरी पर अज्ञात चोरों ने मकान के ताले तोड़ कर चोरी करने का प्रयास किया गया था। ताला टूटने का शोर होने पर पड़ोस में रहने वाले सर्राफा व्यापारी श्रीकांत पाटिल ने उक्त चोरों का विरोध किया था और एक चोर को पकड़ लिया था। पकड़े जाने से बौखलाए बदमाशों ने श्रीकांत पाटिल के गोली मार दी थी और फरार हो गए थे। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य लेकर गई। जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बरेली रेफर किया गया था। कुछ दिनों उपचार चलने के दौरान उनकी मौत हो गई।

आक्रोशित व्यापारियों ने बंद किया था बाजार
श्रीकांत पाटिल की मौत होने पर सुनील गुप्ता, अमित शर्मा, वरूण अग्रवाल, विजय गुप्ता आदि आक्रोशित व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन किया था और पूरे आंवला का बाजार बंद कर दिया था। व्यापारियों द्वारा बाजार बंद करने की जानकारी मिलते ही उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री व आंवला विधानसभा से विधायक धर्मपाल सिंह मृतक व्यापारी के घर पहुंच गए और उसके परिवार को ढांढस बंधाया। व्यापारियों ने मंत्री धर्मपाल सिंह का घेराव कर मांग करते हुए कहा कि कई दिन बीतने के बाद भी आंवला पुलिस घटना का खुलासा नहीं कर पाई है और तो और अभी यह भी पता नहीं लगा पाई कि घटना में सम्मिलित बदमाश कौन थे। आंवला कोतवाल सिद्धार्थ सिंह तोमर को आंवला से हटाया जाए। कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने 48 घंटे का आश्वासन दिया था।तब व्यापारियों ने बाजार खोला था।

खुलासा न होने पर बदले कोतवाल, एसआई घायल 
48 घंटे पूर्ण होने और घटना का खुलासा न होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने आंवला के इंस्पेक्टर सिद्धार्थ सिंह तोमर को बदलकर उनकी जगह मीरगंज थानाध्यक्ष रहे कुंवर बहादुर सिंह को तैनात कर दिया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश की गोली एस आई रहमत अली के कंधे को छूती हुई निकल गयी।

बदमाशों को पकड़ने वाली टीम में रहे सम्मिलित
मुठभेड़ के दौरान कोतवाल कुंवर बहादुर सिंह, आंवला चौकी इंचार्ज सतीश कुमार, एसआई नीतीश कुमार, रहमत अली, एसआई दुष्यंत गोस्वामी, हेड कांस्टेबल अरुण कुमार, सचिन कुमार, गोविंद, विवेक राणा आदि पुलिसकर्मी सम्मिलित रहे।

जानें क्या बोले पुलिस अफसर
एसपी सिटी मानुष पारीक ने खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस व एसओजी की टीम घटना में सम्मिलित लोगों की सरगर्मी से तलाश कर रही थी। आंवला बदायूं मार्ग पर चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। जल्द ही तीसरे व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

Also Read