शाहजहांपुर दौरे पर ब्रजेश पाठक : राहुल गांधी पर साधा निशाना, कहा- देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी

UPT | उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक

Sep 11, 2024 16:26

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बुधवार को शाहजहांपुर पहुंचे, जहां उन्होंने विनोबा सेवा आश्रम में ग्रामीणों के लिए एक एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया...

Shahjahanpur News : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बुधवार को शाहजहांपुर पहुंचे, जहां उन्होंने विनोबा सेवा आश्रम में ग्रामीणों के लिए एक एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधा। डिप्टी सीएम ने राहुल गांधी के विदेश में भारत विरोधी बयान पर प्रतिक्रिया दी।

'देश के खिलाफ बोलते हैं राहुल'
ब्रजेश पाठक ने नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी की पुरानी आदत है। वह जब भी विदेश जाते हैं तो देश के खिलाफ बोलते हैं। देश की जनता कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी। बता दें कि राहुल गांधी ने अमेरिका में चीन की तारीफ की, जिसको लेकर उपमुख्यमंत्री ने जवाब दिया।



विनोबा सेवा आश्रम में पहुंचे उपमुख्यमंत्री
ब्रजेश पाठक बुधवार को विनोबा भावे की जयंती के अवसर पर शाहजहांपुर स्थित विनोबा सेवा आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने सबसे पहले एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और आश्रम में आयोजित रामहरि समागम को संबोधित किया। उनका हेलीकॉप्टर दोपहर लगभग 12:30 बजे रोजा स्थित रिलायंस पावर टाउनशिप पर उतरा। इसके बाद उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक सड़क मार्ग से विनोबा सेवा आश्रम बरतारा पहुंचे। आश्रम के संस्थापक रमेश भइया और विमला बहन ने उनका स्वागत फूलों के गुलदस्ते के साथ किया।

आचार्य विनोबा भावे पर बोले डिप्टी सीएम
विनोबा भावे आश्रम में आयोजित रामहरि समागम में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में कई संत ऐसे हुए हैं जिन्होंने साधारण वस्त्र पहनकर अपना पूरा जीवन भारत माता की सेवा में समर्पित कर दिया। आचार्य विनोबा भावे भी उन्हीं संतों में शामिल थे, जिन्होंने महात्मा गांधी के साथ स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भाग लिया। उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा कि स्वतंत्रता के बाद विनोबा भावे को चिंता थी कि गरीब और भूमिहीन परिवार कैसे अपना जीवन यापन करेंगे।

अमेरिका में क्या बोले राहुल गांधी?
बता दें कि नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद राहुल गांधी तार दिवसीय अमेरिका दौरे पर गए हैं। रविवार को डलास में टेक्सास विश्वविद्यालय में छात्रों से बातचीत के दौरान, राहुल ने कहा कि भारत में कौशल की कोई कमी नहीं है और यदि देश उत्पादन पर ध्यान केंद्रित करना शुरू कर दे, तो वह चीन से प्रतिस्पर्धा कर सकता है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि चीन की वैश्विक उत्पादन में प्रमुख भूमिका के कारण वहां बेरोजगारी की समस्या नहीं है, जबकि भारत और अन्य पश्चिमी देश, जैसे अमेरिका, बेरोजगारी की चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।

Also Read