अब नहीं सुनाई देगी मरियम की दहाड़ : प्रदेश की सबसे बुजुर्ग शेरनी का गोरखपुर चिड़ियाघर में हुआ निधन 

फ़ाइल फोटो | बुजुर्ग शेरनी मरियम को श्रद्धांजलि दी गई।

Apr 01, 2024 17:58

मरियम डेढ़ सप्ताह से न तो भोजन कर रही थी और न ही पानी पी रही थी। फरवरी के अंत में अचानक उसकी तबीयत खराब हुई थी। चिकित्सक सूप और इंजेक्शन के सहारे पौष्टिक आहार दे रहे थे।

Gorakhpur News : प्रदेश की सबसे बुजुर्ग शेरनी मरियम का सोमवार दोपहर को निधन हो गया। वह गोरखपुर के शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणि उद्यान (चिड़ियाघर) में रह रही थी। मरियम कई दिनों से बीमार चल रही थी। उसने करीब डेढ़ हफ्ते से खाना-पीना छोड़ दिया था। उसे ठीक करने के लिए पशु चिकित्सा टीम जुटी हुई थी, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल पाई। चिड़ियाघर प्रशासन ने इसकी जानकारी शासन और राज्य चिड़ियाघर प्राधिकरण को भी दे दी है।

2021 में इटावा से गोरखपुर लाई गई थी मरियम
जानकारी के मुताबिक मरियम डेढ़ सप्ताह से न तो भोजन कर रही थी और न ही पानी पी रही थी। फरवरी के अंत में अचानक उसकी तबीयत खराब हुई थी। चिकित्सक सूप और इंजेक्शन के सहारे पौष्टिक आहार दे रहे थे। चिड़ियाघर के शुरू होने पर वर्ष 2021 में मरियम को इटावा से लाया गया था। जब वह यहां आई तो करीब 17 वर्ष की थी। दो वर्षों तक उसने चिड़ियाघर के बाड़े में रहकर अपनी दहाड़ से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। जुलाई 2023 में उम्र ज्यादा होने पर चिड़ियाघर प्रशासन ने उसे बाड़े से हटाकर नाइट सेल में शिफ्ट कर दिया। तभी से वह वहीं रह रही थी।

क्या कहा चिड़ियाघर के डॉक्टर ने
चिड़ियाघर के वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि मरियम एक महीने से बीमार चल रही थी। उसे पाइप के सहारे पानी पिलाया जा रहा था। मुंह में बिना हड्डी वाला मांस खिलाने पर वह खा भी रही थी, लेकिन डेढ़ सप्ताह से वह गर्दन नहीं उठा रही थी। इसलिए पानी पीना और भोजन करना बंद कर दिया था। सोमवार को उसका निधन हो गया।
 

Also Read