बेबीरानी मौर्य : आदमखोर भेड़िया जल्द मारा जाएगा, झांसी में भाजपा बनाएगी 4 लाख सदस्य

UPT | बेबीरानी मौर्य ने कार्यक्रम को संबोधित किया।

Sep 08, 2024 01:36

बहराइच के आदमखोर भेड़िए पर बेबीरानी मौर्य की सख्त चेतावनी। भाजपा का सदस्यता अभियान और अस्पताल, कोचिंग पर सख्त निर्देश।

Jhansi News : शुक्रवार को योगी सरकार की मंत्री एवं झांसी की प्रभारी मंत्री बेबीरानी मौर्य झांसी पहुंची और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बहराइच में आदमखोर भेड़ियों के हमलों को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले को लेकर बेहद संवेदनशील है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आदमखोर भेड़िया बहुत चालाक है, जिसकी वजह से अब तक उसे पकड़ने में असफलता हाथ लगी है। लेकिन जब भी भेड़िया मिलेगा, उसे मार गिराया जाएगा। वन मंत्री बहराइच में अफसरों के साथ इस मामले पर लगातार विचार-विमर्श कर रहे हैं और जल्द ही इस खतरनाक भेड़िये को मार दिया जाएगा।

अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया
अखिलेश यादव के डकैती के आरोपी मंगेश यादव को जाति देखकर गोली मारने के आरोप पर मंत्री बेबीरानी मौर्य ने साफ कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। उन्होंने कहा, "नियमानुसार कार्रवाई की गई है, और जो कोई अपराध करेगा, उसे सजा जरूर मिलेगी।" उन्होंने अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह कुछ भी बोलते रहते हैं, लेकिन हमारी सरकार जो सही है, वो कर रही है और करेगी।

बेसमेंट में अस्पताल और कोचिंग पर सख्ती
झांसी में हाल ही में विधायकों ने बेसमेंट में चल रहे अस्पतालों और कोचिंग संस्थानों पर सवाल उठाए थे, जिससे दिल्ली जैसी घटनाओं के होने की आशंका जताई गई। इस पर मंत्री मौर्य ने कहा कि अफसरों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि बेसमेंट में किसी भी प्रकार का अस्पताल या कोचिंग संचालन नहीं होना चाहिए। उन्होंने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को इस पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी है।

भाजपा का सदस्यता अभियान
सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बेबीरानी मौर्य ने भाजपा के सदस्यता अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 10 करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। इस अभियान की शुरुआत 2 सितंबर को हुई थी, और पहले ही दिन 10 लाख लोगों ने सदस्यता ली थी। झांसी में हर विधानसभा में एक लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक झांसी और बबीना विधानसभा में 23,000 तथा मऊरानीपुर और गरौठा विधानसभा में 21,400 सदस्य बनाए जा चुके हैं। मंत्री ने बताया कि पहले झांसी में डेढ़ लाख लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली थी, और इस बार का लक्ष्य और भी बड़ा है। 

Also Read