प्रियंका गांधी पर अभद्र टिप्पणी का मामला : कांग्रेसियों ने मंत्री दिनेश प्रताप का पुतला फूंका, माफी की मांग

UPT | मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के पुतले को लगाई आग

Oct 19, 2024 15:59

मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के खिलाफ कांग्रेसियों का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार चौथे दिन मंत्री दिनेश प्रताप के विरोध में कांग्रेसी सड़कों पर उतरे। बीच चौराहे मंत्री के पुतले को फूंका।

Lucknow News : कांग्रेस नेता और वायनाड लोकसभा सीट से उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी प्रियंका गांधी के खिलाफ यूपी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की टिप्पणी के बाद विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोशल मीडिया पर प्रियंका गांधी को लेकर मंत्री की गई टिप्पणी से कांग्रेसी आक्रोशित नजर आ रहे है। लखनऊ में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के खिलाफ लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। शनिवार को चौथे दिन भी मंत्री के खिलाफ कांग्रेसियों का गुस्सा देखने को मिला। पार्टी नेताओं ने दिनेश प्रताप सिंह से अपनी अभद्र टिप्पणी को लेकर माफी की मांग की है। 

बीच चौराहे कांग्रेसियों ने जलाया मंत्री का पुतला
राजधानी लखनऊ के कांग्रेस कार्यालय पर NSUI के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने जमकर मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेसियों को रोकने के लिए कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल लगाया गया। हालांकि कुछ कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देने में कामयाब हो गए और मंत्री के आवास की ओर कूच कर गए। हाथों में मंत्री के पुतला लिए कांग्रेसी वीवीआईपी गेस्ट हाउस चौराहे तक पहुंच गए। तभी अचानक वहां तैनात पुलिस ने आनन फानन में उनको रोकने की कोशिश की। इस बीच कांग्रेसियों ने बीच चौराहे ही मंत्री दिनेश प्रताप के पुतले को मारते हुए उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। 



कार्यकर्ता के हाथ में लगी आग, एसीपी भी चपेट में आए
मंत्री का पुतला जलाने से रोकने के दौरान पुलिस से कार्यकर्ताओं की छीनाझपटी हुई। इस दौरान एसीपी और कांग्रेसियों के बीच खींचतान के चलते एक कांग्रेसी के हाथों में इस दौरान आग भी लग गई। आनन फानन में साथियों ने युवक के हाथ पर लगी आग को बुझाया। वहीं एसीपी भी इसकी चपेट में आ गए। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को बसों में भरकर इको गार्डन भेज दिया। बसों में बैठ कांग्रेसी यहां भी शांत नहीं हुए और बस के अंदर से ही मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।

मंत्री के आवास पर पोती जा चुकी है कालिख 
मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के खिलाफ कांग्रेसी लगातार अपना आक्रोश जाहिर कर रहे हैं। इससे पहले हजरतगंज चौराहे पर मंत्री की तस्वीर पर कालिख पोत कर युवाओं ने अपना विरोध जताया था। वहीं प्रदेश महासचिव अनिल यादव के साथ अन्य कार्यकर्ता मंत्री के आवास पहुंचकर काले स्प्रे से चोर और बेईमान लिखने के साथ उनकी नेम प्लेट को काला कर चुके है। इस मामले में एफआईआर भी दर्ज की जा चुकी है। शनिवार को बीच चौराहे मंत्री का पुतला फूंके जाने के बाद से मंत्री की सुरक्षा भी सख्त कर दी गई है। लोगों का गुस्सा देखकर मंत्री के आवास सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। कांग्रेस की मांग के बीच मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने प्रियंका गांधी से माफी मांगने से इनकार कर दिया है। बहरहाल अब देखना होगा कि कांग्रेसियों का अपने नेता के प्रति हुई इस टिप्पणी का गुस्सा किस हद तक जाता है।

Also Read