कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को दिया नया प्रस्ताव : यूपी उपचुनाव में सभी सीटों पर सपा अकेले लड़े चुनाव, महाराष्ट्र में 12 सीटों की दावेदारी छोड़ें अखिलेश, बना रहेगा गठबंधन 

UPT | राहुल गांधी और अखिलेश यादव।

Oct 20, 2024 20:57

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि पार्टी प्रदेश में सपा के साथ चुनाव लड़ेगी। यह भी संभव है कि कांग्रेस एक भी सीट पर चुनाव न लड़े और सपा के प्रत्याशी को उसके कार्यकर्ता मिलकर चुनाव लड़ाएं और उसे पूरा समर्थन दें।

Lucknow News : यूपी में 9 सीटों पर होने वाले उप चुनाव के लिए कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी (सपा) के सामने नया प्रस्ताव रखा है। इसमें दो बातें महत्वपूर्ण है। कांग्रेस ने सपा के सामने पहला प्रस्ताव रखा है कि यूपी की सभी सीटों पर सपा अकेले चुनाव लड़े। कांग्रेस पूरा साथ देगी। दूसरा प्रस्ताव महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से जुड़ा है। कांग्रेस ने कहा कि महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी कम से कम सीटों पर चुनाव लड़े या अपनी दावेदारी छोड़ दे। महाराष्ट्र चुनाव में अखिलेश ने महाविकास अघाड़ी से 15 सीटों की मांग रखी है। हालांकि सपा का कहना है कि कांग्रेस की ओर से अब तक इस तरह का कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। दोनों पार्टियां कह रही हैं कि गठबंधन कायम रहेगा और दोनों पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ेंगी।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बोले- संभव है कि पार्टी प्रदेश में एक भी सीट पर चुनाव न लड़े
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि पार्टी प्रदेश में सपा के साथ चुनाव लड़ेगी। यह भी संभव है कि कांग्रेस एक भी सीट पर चुनाव न लड़े और सपा के प्रत्याशी को उसके कार्यकर्ता मिलकर चुनाव लड़ाएं और उसे पूरा समर्थन दें। वहीं, समाजवादी पार्टी का कहना है कि कांग्रेस जिन चार सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, उसके बारे में उनके पास कोई योजना नहीं है। अगर कांग्रेस चुनाव चार सीटों पर लड़ना चाहती है तो वह बताए कि उन सीटों पर किस तरह से उनका उम्मीदवार सपा से बेहतर होगा।

कांग्रेस के लिए सपा ने छोड़ी है दो सीटें
कांग्रेस से बातचीत के लिए अधिकृत किए गए समाजवादी पार्टी के नेता उदयवीर सिंह ने बताया कि सपा ने कांग्रेस के लिए दो सीटें छोड़ी हैं। इसकी आधिकारिक जानकारी भी कांग्रेस के नेताओं को दे दी गई हैं। इस पर कांग्रेस का अब तक कोई जवाब नहीं आया है। ऐसे में सपा यह मानकर चल रही है कि कांग्रेस यूपी में दो सीटों पर चुनाव लड़ेगी। सपा INDI गठबंधन के तहत ही चुनाव लड़ेगी।

महाराष्ट्र को लेकर है खामोशी
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस महाराष्ट्र में सपा को अधिक सीट नहीं देना चाहती। इसलिए वह यूपी के उप चुनाव पर किसी तरह का फोकस नहीं कर रही है। सपा ने 12 सीटों की मांग कांग्रेस के सामने जरूर रखी है, लेकिन कांग्रेस की ओर से इस बारे में कोई जवाब नहीं दिया गया है। समाजवादी पार्टी ने महाराष्ट्र में पांच सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित भी कर दिए हैं। यूपी में 13 नवंबर को उप चुनाव होना है जबकि महाराष्ट्र में 20 नवंबर को वोटिंग होगी।

सपा ने कांग्रेस को वही सीटें दी, जहां जीतना मुश्किल
गाजियाबाद में सपा सिर्फ एक बार 2004 में जीत हासिल पाई है। वह भी तब जब उसकी सत्ता में उप चुनाव हुए। जबकि, कांग्रेस यहां आखिरी बार 22 साल पहले जीती थी। 2022 का विधानसभा चुनाव छोड़ दें तो कांग्रेस इस सीट पर हमेशा सपा से आगे रही है। 2017 में जब सपा-कांग्रेस के बीच गठजोड़ हुआ तो सपा ने यह सीट कांग्रेस के लिए छोड़ दी थी। हालांकि, कांग्रेस यह सीट हार गई थी और भाजपा ने बड़ी जीत दर्ज की। गाजियाबाद सीट पर पिछले पांच चुनावों की बात करें तो भाजपा तीन और बसपा व कांग्रेस एक-एक बार चुनाव जीतने में कामयाब रही है। 2022 चुनाव में कांग्रेस को यहां 11 हजार 778 वोट ही मिले।

इस सीट पर 40 साल से है कांग्रेस को जीत का इंतजार 
इसी तरह अलीगढ़ की खैर सीट पर भी कांग्रेस 40 साल से नहीं जीती है। 2022 में कांग्रेस की मोनिका को सिर्फ 1,514 वोट मिले, जबकि भाजपा के अनूप वाल्मीकि को एक लाख 39 हजार से ज्यादा वोट मिले थे। यही हाल सपा का है। सपा इस सीट पर पिछले पांच चुनावों में खाता नहीं खोल सकी है। यहां दो बार रालोद और तीन बार भाजपा ने जीत दर्ज की। सपा का प्रदर्शन यहां हमेशा निराशाजनक रहा। 2022 में सपा-रालोद का गठबंधन था तो यह सीट रालोद के खाते में चली गई थी। बाकी चुनावों में तो सपा को 10 हजार वोट मिलना भी मुश्किल रहा। 2002 से लेकर अब तक हुए पांच चुनाव में यहां दो बार भाजपा और दो बार रालोद जीती है। जबकि एक बार यह सीट बसपा के खाते में गई।

कांग्रेस ने मांगी 5, सपा ने दो सीटें छोड़ीं
कांग्रेस ने यूपी उप चुनाव के लिए उन पांच सीटों का प्रस्ताव केंद्रीय नेतृत्व को भेजा था, जिन पर 2022 में सपा नहीं जीती थी। इसमें मीरापुर की भी सीट शामिल थी, जहां 2022 में सपा-रालोद का गठबंधन था, जो कि बाद में टूट गया। रालोद भाजपा के साथ चली गई। इसके अलावा मझवां, फूलपुर, गाजियाबाद और खैर सीट पर कांग्रेस ने दावेदारी पेश की है। सपा का मानना है कि मीरापुर में सपा गठबंधन की जीत हुई थी। वहीं, मझवां और फूलपुर में न सिर्फ सपा मजबूती के साथ लड़ी, बल्कि कांग्रेस की पोजिशन काफी खराब रही थी। सपा नेताओं का मानना है कि इन दोनों सीटों पर वह जीत हासिल कर सकती है। सपा के कई नेताओं ने इन सीटों पर अपनी दावेदारी पेश की थी। वहीं कांग्रेस ने इन दोनों सीटों पर कार्यकर्ता सम्मेलन कर अपनी ताकत दिखाने की कोशिश की, लेकिन सपा उससे प्रभावित नहीं हुई।

Also Read