कहानी फिल्मी नहीं हकीकत है : युवक को 7वीं बार सांप ने डंसा, सपने में बताया कितनी बार काटने पर होगी मौत, दहशत में परिवार

UPT | विकास दुबे

Jul 13, 2024 01:18

फतेहपुर में एक सांप युवक का पीछा कर के डंस रहा है। बीते 40 दिनों में सांप उसे सातवीं बार अपना शिकार बनाया है। लेकिन युवक हर इलाज कराने के बाद बच जाता है। सांप ने युवक को सपना देकर बताया है कि कितनी बार काटने पर उसकी मौत हो जाएगी। 

Fatehpur News : यूपी के फतेहपुर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक सांप युवक का पीछा कर करके उसको डंस रहा है। बीते 40 दिनों में 7वीं बार युवक को अपना शिकार बना चुका है। हर बार पीड़ित युवक उपचार के बाद स्वस्थ्य हो जाता है। सांप से बचने के लिए युवक पहले अपनी मौसी के घर चला गया। सांप उसका पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गया, और पांचवी बार डंस लिया। इसके बाद युवक जान बचाकर चाचा के घर पहुंचा, तो सांप वहां भी पहुंच गया। युवक को छठवीं बार शिकार बना लिया। युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। युवक ने बताया कि उसे सांप का सपना आया है। जिसमें उसने बताया है कि कितनी बार काटने के बाद मौत हो जाएगी।

मलवां थाना क्षेत्र स्थित सौरा गांव निवासी विकास दुबे (24) को पहली बार सांप ने दो जून की रात लगभग 09 बजे बिस्तर से उतरते वक्त डंस लिया था। परिजनों ने विकास दुबे को प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। इलाज के बाद विकास स्वस्थ्य हो गया था। परिजनों ने इसे सामान्य घटना माना था। इसके बाद 10 जून की रात लगभग 09 बजे सांप ने विकास को दोबारा काट लिया। परिजन फिर हॉस्पिटल ले गए, और विकास स्वस्थ्य होकर घर लौट आया। इसके बाद 17 जून को घर में सांप ने तीसरी बार काट लिया। परिजन अस्पताल ले गए, और युवक फिर ठीक होकर घर आ गया।

मौसी-चाचा के घर पीछा करते पहुंचा सांप
विकास को चौथी बार फिर सांप ने डंस लिया। परिजन फिर अस्पताल लेकर पहुंचे, तो डॉक्टर भी हैरान रह गए। डॉक्टरों के इलाज से विकास फिर स्वस्थ्य हो गया। इस दौरान डॉक्टरों ने युवक को घर से दूर रहने की सलाह दी। युवक घर छोड़कर मौसी के घर राधा नगर चला गया। सांप युवक का पीछा करते हुए, मौसी के घर पहुंच गया। सांप ने उसे मौसी के घर पर पांचवी बार डंस लिया। युवक इलाज कराकर फिर घर लौट आया। सांप से बचने के लिए युवक चाचा के घर पहुंचा, तो सांप पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गया। सांप ने छठवीं बार उसे डंस लिया। इसके बाद बीते गुरूवार की रात सांप ने युवक को 7वीं बार डंस लिया। इस घटना के बारे में सुनकर हर कोई हैरान है।

शरीर पर मिलते हैं सांप काटने के निशान
युवक का इलाज करने वाले डॉ जवाहरलाल ने कहा कि यह अपने आप में हैरान करने वाली घटना है। हर बार युवक को एंटी स्नेक वेनम और इमरजेंसी दवाएं देकर ठीक करते हैं। इसके साथ ही शरीर पर सांप के काटने के साफ निशान भी बनते हैं। वहीं, विकास का कहना है कि इस घटना से मैं और मेरा परिवार परेशान हो गया है। सांप के काटने के इलाज कराना पड़ता है। जिसमें घर का काफी पैसा भी खर्च हो रहा है।

सांप के काटने का हो जाता है अहसास
मेरे अंदर सांप का खौफ बैठ गया है। हर समय मेरे और परिवार के अंदर दहशत बनी रहती है। जब सांप काटने वाला होता है, तो उसे पहले ही अहसास हो जाता है। विकास के मामा कामतानाथ का कहना है कि हम सभी परेशान हैं। आखिर आज के समय में यह सब कैसे हो सकता है। जब सांप ने तीसरी बार काटा था, तो हम सभी घर पर ही बैठे थे। हम लोगों के सामने काट कर सांप निकल गया था। काफी ढूंढने के बाद भी सांप नहीं मिला था।

युवक को आया सांप का सपना
पीड़ित युवक के परिजनों ने बताया कि विकास को सांप का सपना आया है। सपने में विकास ने उसी सांप को देखा, जो उसे बार-बार डंस रहा है। सांप ने बताया है कि तुम्हारी उल्टी गिनती शुरू हो गई है। सांप दो बार और डसेगा, 8वीं बार काटने पर कुछ नहीं होगा। लेकिन सांप जब 9वीं बार काटेगा, तो उसकी मौत हो जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं फिल्मों दंत कथाओं में सुनने को मिलती थीं। लेकिन आज हकीकत में देखकर हैरत में हैं।

Also Read