सियासत के मैदान में होगी भानवी सिंह की एंट्री? : 'महिला हितों के लिए लंबी लड़ाई के लिए तैयार...' राजा भैया की पत्नी की पोस्ट ने बढ़ाई हलचल

UPT | भानवी कुमारी सिंह

Aug 02, 2024 17:39

भानवी कुमारी सिंह ने अपने एक्स हैंडल से एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा, "मैंने कुछ दिन पहले कहा था कि अपनी व्यक्तिगत लड़ाई के साथ-साथ महिला हितों के लिए भी लंबी लड़ाई के लिए तैयार हूं।

Pratapgarh News : प्रतापगढ़ जिले के कुंडा राजघराने का उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक अहम स्थान है। यहां से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की एक मजबूत छवि है, जो चुनावों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। अब उनकी पत्नी भानवी कुमारी सिंह के राजनीति में प्रवेश की चर्चा जोरों पर है। पिछले कुछ दिनों में उनके बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट से इसके संकेत मिल रहे हैं।

राजा भैया की पत्नी की पोस्ट ने बढ़ाई हलचल
गुरुवार को भानवी कुमारी सिंह ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल से एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा, "मैंने कुछ दिन पहले कहा था कि अपनी व्यक्तिगत लड़ाई के साथ-साथ महिला हितों के लिए भी लंबी लड़ाई के लिए तैयार हूं। कई महिला संगठनों और सामाजिक क्षेत्र के लोगों से चर्चा कर रही हूं। अब मेरा संघर्ष समाज के लिए भी होगा। जितना कोई सरकारी तंत्र मेरी आवाज को अनसुना करता है और पुलिस दबाव में काम करती है, उतना ही मैं मानसिक रूप से मजबूत होती हूं। यह मजबूती मेरे लिए नहीं बल्कि महिलाओं के हित और वंचितों, शोषितों के अधिकार के लिए संघर्ष हेतु मेरे संकल्प में काम आएगी।" उन्होंने अपने पोस्ट के अंत में 'भानवी कुमारी सिंह, भदरी रियासत' लिखा।
  पहले भी दिए हैं संकेत
इससे पहले भी भानवी कुमारी सिंह ने एक पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने कहा था, "कभी-कभी सोचती हूं जब रियासत, राजघरानों से संबंधित महिलाओं को अपने सम्मान और गरिमा की रक्षा के लिए इतना संघर्ष करना पड़ता है, सरकार से याचना करनी पड़ती है, और एक आईओ (इंवेस्टिगेशन ऑफिसर) भी किसी के इशारे पर धमकी भरी भाषा में बात कर सकता है, तो आम महिलाओं के साथ क्या होता होगा? अपनी व्यक्तिगत लड़ाई मैं जरूर लड़ूंगी, लेकिन महिला हितों के लिए बड़ी लड़ाई का भी संकल्प लेकर जल्द मैदान में उतरूंगी। उचित समय का इंतजार कीजिए।"



राजनीति में होगी भानवी सिंह की एंट्री?
भानवी कुमारी सिंह के ये पोस्ट स्पष्ट संकेत दे रहे हैं कि वे अपनी व्यक्तिगत लड़ाई के साथ-साथ महिलाओं के अधिकारों और सामाजिक न्याय के लिए भी संघर्ष करने का मन बना चुकी हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वे वास्तव में राजनीति में प्रवेश करती हैं और अपने पति राजा भैया के साथ मिलकर राजनीतिक मैदान में सक्रिय भूमिका निभाती हैं।

Also Read