500 साल बाद बने भव्य राम मंदिर में रामलला के विराजने का उल्लास अयोध्या में चारों ओर झलक रहा है...
अयोध्या मंदिर प्रतिष्ठा के बाद पहली दिवाली : 50 हजार किलो फूलों से होगा रामजी का स्वागत, दुनिया का सबसे खूबसूरत होगा नजर
Oct 28, 2024 10:03
Oct 28, 2024 10:03
त्रेतायुग जैसी सजावट में जगमगाएगी रामनगरी
त्रेतायुग की अयोध्या की कल्पना आज के समय में रामनगरी में साकार होती दिख रही है। इस बार दीपावली के खास मौके पर भगवान राम के भव्य महल में पहली बार बालक राम की उपस्थिति में दीपोत्सव का आयोजन हो रहा है। 500 साल बाद बने भव्य राम मंदिर में रामलला के विराजने का उल्लास अयोध्या में चारों ओर झलक रहा है। इस आयोजन में पूरे देश से श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। जिससे यह पर्व और भी यादगार बनने जा रहा है।
छोटी दिवाली पर करीब 25 लाख दीप जलेंगे
छोटी दिवाली के अवसर पर अयोध्या में करीब 25 लाख दीप जलाकर राम की पैड़ी को आलोकित किया जाएगा। जिससे विश्व रिकॉर्ड बनने की संभावना है। आयोजन में लेजर शो, प्रोजेक्शन मैपिंग और आतिशबाजी की व्यवस्था की गई है, जो दीपोत्सव की भव्यता को बढ़ाएंगे। अयोध्या के हर कोने में रामचरितमानस की पंक्तियों की गूंज सुनाई दे रही है “अवधपुरी प्रभु आवत जानी, भई सकल सोभा कै खानि...”। साकेत कॉलेज से लेकर रामकथा पार्क और सरयू के घाटों तक पूरा शहर भव्य सजावट में डूबा हुआ है। 50 क्विंटल फूलों से राम मंदिर को सजाया गया है और मंदिर के चारों प्रवेश द्वारों पर भव्य तोरण द्वार बनाए गए हैं।
5100 बत्तियों से मां सरयू की आरती
रामकथा पार्क में विशेष रूप से सजाए गए भव्य गेट और राम दरबार में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरु वशिष्ठ की भूमिका निभाते हुए भगवान राम का प्रतीकात्मक राजतिलक करेंगे। संध्या होते ही श्रद्धालु इस भव्य सजावट और दिव्य उत्सव को देखने उमड़ रहे हैं। हर दृश्य को अपने कैमरे में संजो रहे हैं। सरयू के तट पर महाआरती की तैयारी अंतिम चरण में है। जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल और अन्य अतिथि 5100 बत्तियों से मां सरयू की आरती करेंगे। जिसे अयोध्या के संतों और श्रद्धालुओं ने विशेष श्रद्धा के साथ तैयार किया है।
900 लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे
दीपोत्सव में इस वर्ष कई भव्य मंचों की स्थापना की गई है। रामकथा पार्क में आधुनिक तकनीकी से सुसज्जित प्रदर्शनी के अलावा गुप्तारघाट, बड़ी देवकाली, नयाघाट, रामघाट, बिड़ला धर्मशाला और नाका हनुमानगढ़ी पर कुल नौ मंच तैयार किए गए हैं। इन मंचों पर देशभर के करीब 900 लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके साथ ही श्रीलंका, नेपाल, त्रिनिडाड और लाओस जैसे छह देशों के रामलीला कलाकार शाम पांच बजे से रात 9 बजे तक रामकथा पार्क और राम की पैड़ी पर रामलीला का प्रदर्शन करेंगे।
अयोध्या के संतों में उल्लास
अयोध्या के संत इस दीपावली पर त्रेतायुग के प्रसंग को जीने जैसा अनुभव कर रहे हैं। मठ-मंदिरों को दीपों से सजाने की तैयारी है, जिससे हर गली और हर मंदिर में उल्लास की चमक दिखाई देगी। महंत विवेक आचारी ने बताया कि इस साल भव्य मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के साथ यह दीपोत्सव अनोखा और यादगार बनने जा रहा है।
Also Read
28 Oct 2024 08:55 PM
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में इस बार अयोध्या दीपोत्सव में डाॅ राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के 30 हजार वॉलेंटियर्स द्वारा एक-एक दीये प्रज्ज्वलित... और पढ़ें