सीएम योगी का यूपी के अफसरों को निर्देश : हर 15 दिन में करनी होगी परियोजनाओं की समीक्षा

हर 15 दिन में करनी होगी परियोजनाओं की समीक्षा
UPT | सीएम योगी

Jul 22, 2024 17:07

मुख्यमंत्री ने राजस्व, बिजली व्यवस्था और गोशालाओं से संबंधित मुद्दों पर जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मंडल के जनप्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की।

Jul 22, 2024 17:07

Short Highlights
  • मुख्यमंत्री ने की विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा
  • आजमगढ़, बलिया और मऊ के अधिकारियों को सीएम ने दिये कई दिशा-निर्देश
  • मुख्यमंत्री ने घाघरा नदी के जलस्तर को लेकर की समीक्षा
  • बाढ़ को लेकर अफसरों को अलर्ट मोड में रहने के दिये निर्देश
Azamgarh News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आजमगढ़ का एक दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कलक्ट्रेट सभागार में मंडलीय समीक्षा बैठक की, जिसमें आजमगढ़, बलिया और मऊ जिलों के विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने राजस्व, बिजली व्यवस्था और गोशालाओं से संबंधित मुद्दों पर जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मंडल के जनप्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की। अपने लगभग साढ़े तीन घंटे के प्रवास के दौरान, सीएम योगी ने हरिहर में निर्माणाधीन संगीत महाविद्यालय का निरीक्षण भी किया। जिला प्रशासन मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पूरी तरह से तैयार था।

वर्चुअली जुड़े मऊ और बलिया के अफसर
लोकसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आजमगढ़ में पहला दौरा हुआ। वे गोरखपुर से हेलिकॉप्टर द्वारा पुलिस लाइंस के हेलीपैड पर पहुंचे और फिर कार से कलेक्ट्रेट गए। वहां उन्होंने मंडल के जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की और विकास कार्यों तथा कानून-व्यवस्था पर मंडलीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक में आजमगढ़ के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे, जबकि अन्य जिलों के अधिकारियों ने वर्चुअल रूप से भाग लिया। यह दौरा क्षेत्र के विकास और सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए महत्वपूर्ण था।



परियोजनाओं के नोडल अफसर हर हफ्ते दें प्रोग्रेस रिपोर्ट 
सीएम ने शासन की जनहित एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध तरीके से गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित कराएं जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं की नियमित रूप से निगरानी की जाए। हर परियोजना के लिए एक अलग नोडल अधिकारी नियुक्त करें, जो हर सप्ताह प्रगति की रिपोर्ट दे। वरिष्ठ अधिकारी हर 15 दिन पर परियोजनाओं की समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं को उनकी निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए। कोई परियोजना लेट नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जाम की समस्या न होने पाए। सड़क पर गाड़ियां खड़ी न हों। पटरी व्यवसायियों को भी व्यवस्थित किया जाए। 

बाढ़ को लेकर हर वक्त अलर्ट रहें अफसर 
मुख्यमंत्री ने सगड़ी तहसील के देवरा क्षेत्र में बहने वाली घाघरा नदी के जलस्तर की जानकारी ली। उन्होंने बाढ़ को लेकर सतर्क रहने के निर्देश दिए। साथ ही तैयारियों के बारे में जानकारी ली। सीएम ने कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की, कहा की अपराधियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। इसमें किसी भी प्रकार के लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर प्रकार के माफिया पर सख्त कार्रवाई की जाए। 

2 घंटे से अधिक देर तक चली सीएम की बैठक 
कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सीएम योगी की समीक्षा बैठक 2 घंटे से अधिक देर तक चली। बैठक में आजमगढ़ के मंडलायुक्त मनीष चौहान, डीआईजी वैभव कृष्ण, डीएम विशाल भारद्वाज, एसपी हेमराज मीणा सहित जिले के सभी आला अधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एके शर्मा, दारा सिंह चौहान, दानिश अंसारी, एमएलसी विजय बहादुर पाठक, रामसूरत राजभर, पूर्व एमएलसी यशवंत सिंह और पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ भी बैठक में मौजूद रहे। वहीं मऊ और बलिया जिले के अधिकारी वर्चुअली जुड़े। सीएम सभी से एक-एक कर विकास कार्यों और कानून व्यवस्था के बारे में जानकारी लेते रहे। इस दौरान पूरा कलक्ट्रेट परिसर पुलिस छावनी में तब्दील रहा।

Also Read

चादरपोशी से लौट रही बोलेरो पलटी, एक महिला की मौत, 7 घायल

7 Sep 2024 01:54 PM

मऊ मऊ में दर्दनाक सड़क हादसा : चादरपोशी से लौट रही बोलेरो पलटी, एक महिला की मौत, 7 घायल

इस दुर्घटना में बोलेरो में सवार एक महिला की मौत हो गई और सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृत महिला अपने परिवार के साथ मकदूम साहब के यहां चादरपोशी करने के बाद घर लौट रही थी... और पढ़ें