ऑथर Jyoti Nain

मंत्री एके शर्मा के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप : सपा मीडिया सेल पर FIR दर्ज, भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश

सपा मीडिया सेल पर FIR दर्ज, भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश
UPT | मंत्री एके शर्मा

Oct 07, 2024 18:49

योगी सरकार के ऊर्जा और नगर विकास मंत्री एके शर्मा के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) की मीडिया सेल के खिलाफ मऊ में एफआईआर दर्ज की गई है।

Oct 07, 2024 18:49

Mau News : योगी सरकार के ऊर्जा और नगर विकास मंत्री एके शर्मा के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) की मीडिया सेल के खिलाफ मऊ में एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला मंत्री के भाई अरुण कुमार शर्मा की शिकायत पर दर्ज हुआ, जिसमें आरोप लगाया गया है कि सपा मीडिया सेल की ओर से मंत्री एके शर्मा और उनके परिवार को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। इस घटना के बाद प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।

शिकायत में लगाए गए आरोप
मंत्री के भाई अरुण कुमार शर्मा ने सरायलखंसी थाने में दी गई तहरीर में बताया कि सपा नेताओं की शह पर सपा मीडिया सेल के एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल से मंत्री और उनके परिवार पर अपमानजनक टिप्पणी की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा मीडिया सेल के जरिए मंत्री और उनके परिवार की छवि को जानबूझकर खराब करने की कोशिश की जा रही है। सोशल मीडिया पर किए गए ये सभी आरोप बेबुनियाद और झूठे हैं।

ये भी पढ़ें : CM योगी का कड़ा संदेश : साधु-संतों का अपमान बर्दाश्त नहीं, तोड़-फोड़ और आगजनी की तो चुकानी पड़ेगी कीमत

भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश
इस घटना से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी आक्रोश फैल गया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि इस तरह की टिप्पणियां न केवल मंत्री को, बल्कि उनके पूरे परिवार को निशाना बनाकर की गई हैं, जो बेहद निंदनीय है। अरुण कुमार शर्मा की शिकायत के आधार पर सपा मीडिया सेल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 221, 352, 353 और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार पांडेय के नेतृत्व में जांच टीम का गठन कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



सपा मीडिया सेल की प्रतिक्रिया
मुकदमा दर्ज होने के बाद सपा मीडिया प्रकोष्ठ ने प्रतिक्रिया देते हुए एक पोस्ट में मंत्री एके शर्मा के भ्रष्टाचार के आरोपों पर सवाल उठाया। सपा ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि मंत्री ने अपने भाई के माध्यम से एफआईआर दर्ज करवा कर खुद ही अपने भ्रष्टाचार को साबित कर दिया है। सपा ने कहा कि भाजपा के अंदर भी मंत्री के परिवारवाद और भ्रष्टाचार को लेकर चर्चाएं हो रही हैं और मंत्री ने एफआईआर दर्ज करवा कर इन चर्चाओं को सही ठहराया है। सपा ने पोस्ट में लिखा कि "मंत्री महोदय का विचलन और बढ़ेगा जब भ्रष्टाचार की पोल खुलेगी।"

सपा और मंत्री के बीच तीखी नोकझोंक
सपा और मंत्री एके शर्मा के बीच शहरी विकास और बिजली विभाग से जुड़े मुद्दों पर पहले से ही तीखे संवाद सोशल मीडिया पर चल रहे थे। एक अक्टूबर से ही एक्स पर सपा और मंत्री के बीच बहस हो रही थी, लेकिन पांच अक्टूबर को यह विवाद तब बढ़ गया जब सपा मीडिया सेल की ओर से मंत्री के कार्यालय और उनके खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी की गई। सपा मीडिया सेल ने मंत्री को सलाह देते हुए अपमानजनक लहजे में लिखा, "मंत्री जी, अपने कार्यालय को समझाइए और थोड़ा व्यवहार ठीक कीजिए।" इसके साथ ही सफाई कर्मचारियों से जुड़ी एक खबर का हवाला देते हुए अपमानजनक संदेश भी साझा किया गया। इस विवाद ने राजनीतिक तनाव को और बढ़ा दिया है, और पुलिस जांच में जुटी है कि सपा मीडिया सेल की टिप्पणियों का सत्यापन किया जा सके।

Also Read