Bareilly News : केंद्र सरकार के शोषण पर गरजे किसान, कमिश्नरी को घेरा, जानें क्या थीं मांगें...

केंद्र सरकार के शोषण पर गरजे किसान, कमिश्नरी को घेरा, जानें क्या थीं मांगें...
UPT | अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते किसान।

Sep 24, 2024 16:34

यूपी के बरेली में भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के मंडल अध्यक्ष अरुण राठी के नेतृत्व में मंगलवार को चार जिलों से बड़ी संख्या में किसान पहुंचे। इसमें महिलाएं भी शामिल थीं। किसानों ने केंद्र की भाजपा सरकार पर...

Sep 24, 2024 16:34

Bareilly News : यूपी के बरेली में भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के मंडल अध्यक्ष अरुण राठी के नेतृत्व में मंगलवार को चार जिलों से बड़ी संख्या में किसान पहुंचे। इसमें महिलाएं भी शामिल थीं। किसानों ने केंद्र की भाजपा सरकार पर शोषण का आरोप लगाया। बोले, किसान बाढ़ से पीड़ित हैं। उनकी फसलों को बड़ा नुकसान हुआ है। मगर, उनकी समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं। आवारा पशुओं से फसल बर्बाद हो रही है।इसके साथ ही तमाम मांगें रखीं। उन्होंने अपनी समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर कमिश्नरी का घेराव किया। इसके बाद मंडलायुक्त (कमिश्नर) को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन दिया।

किसानों को नहीं मिल रही खाद
अपनी मांगों को लेकर पुरुष और महिला किसान दिल्ली रोड के दामोदर स्वरूप पार्क में पहुंचे। उन्होंने यहां पहले डेरा डाल दिया। किसान पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि देश की मोदी सरकार किसानों का शोषण करने में लगी हुई है। उन्होंने समय से बिजली आपूर्ति न मिलने की बात कही। फसलों की सिंचाई को पानी भी नहीं मिल रहा है। आवारा पशुओं के चलते बड़ी संख्या में किसानों की फसलें चौपट होती जा रहीं हैं। इससे किसानों की मेहनत पर पानी फिरने लगा है। खाद न मिलने से किसानों के सामने बड़ी समस्या खड़ी होने लगी है। डीएपी के लिए किसानों को लंबी लाइन लगानी पड़ती है। 

चौकी चौराहे पर लगा जाम
अचानक बड़ी संख्या में किसान शहर में पहुंचे। उनके आते ही पुलिस ने व्यवस्था बनाने की कोशिश की। मगर, किसानों की नारेबाजी और कमिश्नरी के घेराव से पुलिस के पसीने छूट गए। चौकी चौराहे पर वाहनों का लंबा जाम लग गया। पुलिस ने किसानों को समझाया। इसके बाद किसान कमिश्नरी तक पहुंचे। उन्होंने ज्ञापन दिया। इस दौरान भाकियू अराजनैतिक के शाहजहांपुर जिले के युवा जिलाध्यक्ष रवि प्रजापति एडवोकेट ने बताया कि मंडलभर से किसान ट्रैक्टर ट्रालियों से कमिश्नरी पहुंचकर समस्या निस्तारण को ज्ञापन दिया। मंडल उपाध्यक्ष बदायूं के शेर सिंह ने बताया कि सरकार किसानों का शोषण कर रही है। हम लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से कमिश्नरी तक जाकर धरना प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया। वीरपाल सिंह प्रजापति ने सरकार की मनमानी का विरोध करने की बात कही।

Also Read