बरेली में शोहदों का दुस्साहस : बहन से छेड़छाड़ के विरोध पर नाबालिग की हत्या, चारों आरोपी सगे भाई... 

बहन से छेड़छाड़ के विरोध पर नाबालिग की हत्या, चारों आरोपी सगे भाई... 
UPT | बहन से छेड़छाड़ के विरोध पर नाबालिग की हत्या।

Sep 23, 2024 10:49

यूपी के बरेली देहात के शीशगढ़ थाना क्षेत्र के शरीफनगर गांव में रविवार देर रात शोहदों ने बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने वाले 10वीं के छात्र की बेहरमी से पीट पीटकर हत्या कर दी। इससे इलाके में सनसनी फैल गई है। चारों...

Sep 23, 2024 10:49

Bareilly News : यूपी के बरेली देहात के शीशगढ़ थाना क्षेत्र के शरीफनगर गांव में रविवार देर रात शोहदों ने बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने वाले 10वीं के छात्र की बेहरमी से पीट पीटकर हत्या कर दी। इससे इलाके में सनसनी फैल गई है। चारों आरोपी सगे भाई हैं, जो घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। बहन पर आपत्तिजनक टिप्पणी का विरोध करने पर चारों शोहदों ने छात्र की हत्या की है। बताया जाता है कि आरोपी का दुस्साहस इस कदर था कि छात्र को बीच सड़क पर घेरा और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हालांकि, आसपास के लोग बचाने को चीखते रहे। मगर, चारों हमलावर छात्र की जान लेने के बाद ही रुके।

बहन पर किए आपत्तिजनक कमेंट 
आरोपी और उसके तीन नाबालिग भाइयों ने रविवार देर रात मृतक स्टूडेंट की बहन के खिलाफ आपत्तिजनक कमेंट किया था। इसका विरोध करने पर घटना को अंजाम दिया। आरोपियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी, हत्या की धारा में एफआईआर दर्ज की गई है। सभी आरोपी फरार हैं। नगर पंचायत शीशगढ़ निवासी 15 वर्षीय किशोर रात आठ बजे शरीफनगर के पास से गुजर रहा था। परिजनों के मुताबिक, रास्ते में 15 वर्ष के लड़के ने उसे रोक लिया। वह किशोर से अभद्रता करने लगा। उसके विरोध करने पर घटना को अंजाम दिया।
 
विरोध करने पर भाइयों को बुलाया 
मृतक छात्र के परिजनों ने बताया कि किशोर ने आपत्तिजनक कमेंट का विरोध किया था। इस पर आरोपी युवक ने मारपीट शुरू कर दी। बहस बढ़ी, तो आरोपी ने अपने तीन सगे भाइयों को भी बुला लिया। चारों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान वह बेहोश हो गया। इसके बाद चारों आरोपी फरार हो गए। परिजन किशोर को अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। शीशगढ़ थाना प्रभारी राधेश्याम ने मीडिया को बताया कि चारों आरोपी सगे भाई हैं, जो फरार हो गए हैं। मौत की वजह सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद साफ होगी।

इंस्टाग्राम पर फोटो डालकर की खुराफात
पुलिस को पता चला है कि आरोपी और उसके भाई इलाके में दबंगई कर लड़कियों पर छींटाकसी करते रहते हैं। पहले भी उनके खिलाफ इस तरह की शिकायतें आती रही हैं। मगर, उनके घरवाले ही उन्हें शह देते हैं। जांच में यह भी बात सामने आई है कि आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर लड़की का फोटो डालकर कुछ खुराफात की थी। इसकी वजह से छात्र का इन लोगों से अंदरखाने मनमुटाव चल रहा था। मौका देखकर उन्होंने उस पर हमला कर दिया।

Also Read