झांसी पटाखा विस्फोट : थानाध्यक्ष लाइन हाजिर, 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड

थानाध्यक्ष लाइन हाजिर, 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड
सोशल मीडिया | थानाध्यक्ष लाइन हाजिर

Oct 03, 2024 07:42

झांसी के समथर में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट से 8 लोग झुलस गए। एसएसपी सुधा सिंह ने थानाध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की।

Oct 03, 2024 07:42

Jhansi News : झांसी जिले के समथर में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। मंगलवार को हुए इस हादसे में 8 लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें 7 महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। इस घटना के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए समथर थानाध्यक्ष अजमेर सिंह भदौरिया को लापरवाही के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही, मोंठ सीओ हरिमोहन सिंह के खिलाफ भी जांच के आदेश दिए गए हैं।

लापरवाही पर सख्त कार्रवाई
एसएसपी सुधा सिंह ने बुधवार को इस मामले में बड़ी कार्रवाई की घोषणा की। उन्होंने थानाध्यक्ष के अलावा हल्का प्रभारी दरोगा मिथिलेश कुमार और दो सिपाहियों जिसमें राकेश कुमार और रोहित को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। इस मामले की पूरी जांच एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह को सौंपी गई है, जो जांच के बाद विभागीय कार्रवाई करेंगे।

बेचने का लाइसेंस, पर हो रहा था निर्माण
समथर के बन्ने खान के पास पटाखा बेचने का लाइसेंस था, लेकिन वह अवैध रूप से जंगल में चारदीवारी के अंदर टीनशेड लगाकर पटाखों का निर्माण कर रहा था। इस फैक्ट्री में मजदूरों से पटाखा बनवाने का काम चल रहा था। विस्फोट के समय लगभग 12 मजदूर वहां काम कर रहे थे, जब अचानक एक चिंगारी से विस्फोट हो गया। धमाके के बाद फैक्ट्री में चीख-पुकार मच गई, और आस-पास के लोग मौके पर पहुंच गए।

धमाके की गूंज और घायलों की चीखें
धमाके की गूंज लगभग दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। घटना स्थल पर मजदूरों की स्थिति बेहद गंभीर थी। वे चारदीवारी में फंसे हुए थे और बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन असफल रहे। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

घायलों की सूची
इस भयानक विस्फोट में 7 महिलाएं और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घायलों के नाम इस प्रकार हैं:
  • शिवानी साहू (18) पुत्री रवि साहू
  • रिवा (14) पुत्री मोहम्मद शरीफ
  • सुखदेवी (45) पत्नी लक्ष्मण पाल
  • नसरीन बानो (35) पत्नी बन्ने खां
  • रोहिनी (16) पुत्री रामकुमार
  • अभि (18) पुत्र विनोद
  • लक्ष्मी साहू (43) पत्नी महेश साहू
  • आरती (16) पुत्री लक्ष्मण

Also Read